Fact Check: सपा में रहते हुए निरहुआ के प्रचार का वीडियो लोकसभा उपचुनाव 2022 से जोड़कर किया जा रहा शेयर
आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव के भाजपा उम्मीदवार निरहुआ के करीब साढ़े चार साल पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। निरहुआ उस समय सपा में थे। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हो गए थे।
- By Vishvas News
- Updated: June 23, 2022

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। आजमगढ़ में हो रहे लोकसभा उपचुनाव से पहले सोशल मीडिया पर 27 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ और आम्रपाली दुबे को देखा जा सकता है। वीडियो में वे सपा का प्रचार कर रहे हैं। वीडियो को शेयर करके यूजर्स दावा कर रहे हैं कि भाजपा नेता निरहुआ और आम्रपाली दुबे ने आजमगढ़ में सपा उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव को विजयी बनाने की अपील की है। विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो करीब साढ़े चार साल पुराना है। उस समय निरहुआ सपा में थे।
क्या है वायरल पोस्ट में
फेसबुक यूजर Pawan Samajwadi (आर्काइव लिंक) ने 15 जून को वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,
आदरणीय धर्मेंद्र यादव जी के सम्मान में निरहुआ और अमरपाली दुबे ने आजमगढ़ में साइकिल पर वोट देने की जनता से अपील करते हुए कहा की साइकिल का बटन दबाइए और धर्मेंद्र जी को विजई बनाइए।
अखिलेश यादव जिंदाबाद
धर्मेंद्र यादव जिंदाबाद
धर्मेंद्र सोलंकी जिंदाबाद
Akhilesh Yadav

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले इसको ध्यान से देखा। इसमें प्रचार वाहन पर ‘नगर पंचायत सैदपुर से अध्यक्ष पद हेतु सुषमा सोनकर‘ लिखा दिख रहा है। मतलब यह अभी हो रहे लोकसभा उपचुनाव का नहीं है।
इसके बाद हमने इसे कीवर्ड से सर्च किया। इसमें हमें ghazipurnews में पांच साल पहले छपी खबर का लिंक मिला। इसमें निरहुआ और आम्रपाली दुबे की प्रचार करते हुए तस्वीर अपलोड की गई हैं। ये तस्वीरें वीडियो के कीफ्रेम्स से मिलती-जुलती हैं। खबर के मुताबिक, दिनेश लाल यादव और आम्रपाली दुबे ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद की उम्मीदवार सुषमा सोनकर के लिए प्रचार किया। सुषमा सोनकर सपा की तरफ से चुनाव मैदान में हैं।

पांच साल पहले bhaskar में छपी खबर के अनुसार, निकाय चुनाव को देखते हुए सोमवार को निरहुआ और आम्रपाली ने सपा प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो किया।
Shyamsundar Vishwakarma यूट्यूब चैनल पर 26 नवंबर 2017 को अपलोड किए गए वीडियो में वायरल वीडियो को देखा जा सकता है। इसका टाइटल है, दिनेश लाल यादव और आम्रपाली जी सपा की प्रचार सैदपुर में।
22 जून को zeenews में खबर छपी है कि आजमगढ़ में होने वाले उपचुनाव में भाजपा ने निरहुआ को मैदान में उतारा है। उनके सामने सपा के धर्मेंद्र यादव हैं। 27 मार्च 2019 को वह भाजपा में शामिल हुए थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा ने आजमगढ़ से टिकट दिया था।

इस बारे में हमने दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ से संपर्क किया। उनका कहना है, ‘जब से मैंने गाना शुरू किया है, तब से मैं सपा के साथ था। वायरल वीडियो 2017 का है। उस समय मैं सपा में था। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले मैं भाजपा में आ गया था।‘
करीब साढ़े चार साल पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक फेज ‘पवन समाजवादी‘ को हमने स्कैन किया। 22 नवंबर 2020 को बना यह पेज एक राजनीतिक दल से प्रेरित है। इसे 9 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव के भाजपा उम्मीदवार निरहुआ के करीब साढ़े चार साल पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। निरहुआ उस समय सपा में थे। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हो गए थे।
- Claim Review : भाजपा नेता निरहुआ और आम्रपाली दुबे ने आजमगढ़ में सपा उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव को विजयी बनाने की अपील की है।
- Claimed By : FB User- Pawan Samajwadi
- Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-
टेलीग्राम नंबर 9205270923
-