Fact Check: तमन्ना भाटिया के 400 करोड़ रुपये की गाय की मूर्ति दान करने का दावा फर्जी
तमन्ना भाटिया ने चार सौ करोड़ रुपये की चांदी की गाय की मूर्ति दान नहीं की है। उनकी पीआर टीम ने दावे का खंडन किया है। तमन्ना भाटिया के बाबुलनाथ मंदिर में दर्शन करने के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jun 12, 2025 at 05:24 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पूजा करते हुए अभिनेत्री तमन्ना भाटिया का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि तमन्ना भाटिया ने केदारनाथ में 400 करोड़ रुपये की गाय की चांदी की मूर्ति दान की है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। तमन्ना भाटिया ने चार सौ करोड़ रुपये की चांदी की गाय की मूर्ति दान नहीं की है। उनकी पीआर टीम ने दावे का खंडन किया है। तमन्ना भाटिया के बाबुलनाथ मंदिर में दर्शन करने के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर mr_dilkush_meena_08 ने 7 जून 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। वीडियो पर लिखा हुआ है, “तमन्ना भाटिया एक्टरनी केदारनाथ बाबा के चांदी की गौ माता दान की 400 करोड़ की।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
वायरल वीडियो के बारे में जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से उसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो द पैपराजी नाम के अकाउंट पर मिला। वीडियो को 8 अप्रैल 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने शिव मंदिर में जाकर दर्शन किया है।
एबीपी न्यूज की आधिकारिक वेबसाइट पर 8 अप्रैल 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “अभिनेत्री तमन्ना भाटिया बाबुलनाथ मंदिर दर्शन करने के लिए गई थीं। इस दौरान वो भक्ति में लीन दिखीं। हाथ जोड़े वो भगवान की आराधना करती दिखीं।”

पड़ताल के दौरान हमें तमन्ना भाटिया के बाबुलनाथ मंदिर में दर्शन करने का पूरा वीडियो एमएस टॉकीज पर मिला। वीडियो को 8 अप्रैल 2025 को शेयर किया गया था। कैप्शन के अनुसार, फिल्म ओडेला 2 के ट्रेलर लॉन्च से पहले तमन्ना भाटिया बाबुलनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंची। 4.59 से वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने तमन्ना भाटिया के पीआर टीम से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है।
अंत में हमने वायरल दावे को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर इसी तरह की फर्जी पोस्ट को शेयर करती हैं। यूजर को 77 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि तमन्ना भाटिया ने चार सौ करोड़ रुपये की चांदी की गाय की मूर्ति दान नहीं की है। उनकी पीआर टीम ने दावे का खंडन किया है। तमन्ना भाटिया के बाबुलनाथ मंदिर में दर्शन करने के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : तमन्ना भाटिया ने 400 करोड़ रुपये की गाय की मूर्ति दान की।
- Claimed By : Inst user mr_dilkush_meena_08 •
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












