X
X

Fact Check: यूपी में दारोगा की पिटाई के बाद हुई कार्रवाई का नहीं है यह वायरल वीडियो, दावा गलत  

अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करती पुलिस का वायरल वीडियो लखनऊ नहीं, हरियाणा का है। पुलिस ने जून 2026 में नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ढहाया था। वायरल वीडियो हरियाणा की उसी घटना का है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में अवैध डेयरियों पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस के साथ मारपीट की गई थी। इसी घटना से जोड़कर सोशल मीडिया पर अब एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक इलाके में भारी संख्या में पुलिस तैनात है और बुलडोजर से घर को ढहाया जा रहा है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह लखनऊ का वीडियो है और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई का है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो हरियाणा का है और जून 2026 में हुई एक कार्रवाई का है। हरियाणा पुलिस ने जून में नरवाना शहर में नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ढहाया था। यह वीडियो उसी घटना का है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘हरि गुप्ता’ ने 25 अगस्त 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “लखनऊ के पारा में दरोगा पर जानलेवा हमला करने वाले लोगों की भैंस बकरी को नीलाम कर दी गई….अब मकान पर बुलडोजर एक्शन हो रहा है जितने भी मकान बिना नक्शा के बने या अवैध बने सब तोड़े जा रहे हैं।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज सर्च की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Special Haryana’ नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 9 जून 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो हरियाणा के नरवाना का है। पुलिस ने यहां नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए 27 मकानों को ढहाया था।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें ‘अमर उजाला’ की वेबसाइट पर 10 जून 2026 को प्रकाशित एक न्यूज रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार, “नरवाना की चमेला कॉलोनी में नशा तस्करों के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिह्नित 27 अवैध मकानों और निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान नरवाना और उचाना ब्लॉक का भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।” 

‘न्यूज 18 की वेबसाइट पर 10 जून 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, “इस कार्रवाई को लेकर अधिकारियों का कहना था कि जिन 27 मकानों और निर्माणों को तोड़ा गया, उनके खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) जींद की ओर से पहले ही नोटिस जारी कर दिया गया था।”

अधिक जानकारी के लिए हमने ‘दैनिक जागरण’ नरवाना के रिपोर्टर मनदीप सुराना से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो जून 2026 में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई का है। पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 27 अवैध घरों को ढहाया था।

क्या है संदर्भ? 

उत्तर प्रदेश के पारा में पुलिस नगर निगम की टीम के साथ अवैध डेयरियों पर कार्रवाई करने के लिए पहुंची थी। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस और नगर निगम की टीम पर हमला करते हुए पथराव कर दिया था। हमलावर यहीं नहीं रुके, उन्होंने बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी दारोगा विनय पटेल को दौड़ाकर बुरी तरह पीटा। इस मामले में पुलिस ने 24 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को फेसबुक पर 41 हजार लोग फॉलो करते हैं। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करती पुलिस का वायरल वीडियो लखनऊ नहीं, हरियाणा का है। पुलिस ने जून 2026 में नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ढहाया था। वायरल वीडियो हरियाणा की उसी घटना का है। 

  • Claim Review : लखनऊ में दारोगा की पिटाई के बाद हुई कार्रवाई का वीडियो।
  • Claimed By : FB User हरि गुप्ता
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later