X
X

Fact Check: नेपाल बाढ़ में फंसी बच्ची और बंदर के बचाव का वीडियो AI निर्मित

नेपाल की बाढ़ में फंसे बंदर और बच्ची के रेस्क्यू के दोनों वायरल वीडियो असली नहीं, बल्कि एआई-निर्मित हैं। इन्हें अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Sep 2, 2026 at 05:23 PM
  • Updated: Sep 2, 2026 at 06:28 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल में 26 अगस्त 2026 को अचानक आई भीषण बाढ़ के कारण काफी नुकसान हुआ है। इसी से जोड़कर दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में दिख रहा है कि एक बंदर बाढ़ में फंसा है और कुछ लोग आकर उसे बचा लेते हैं। इसी तरह दूसरे वीडियो में एक छोटी बच्ची बाढ़ में फंसी है और खुद को बचाने के लिए एक खंभे को पकड़कर खड़ी है। इन दोनों वीडियो को सोशल मीडिया पर नेपाल के रेस्क्यू का बताकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। 

विश्वास न्यूज की पड़ताल में दोनों वायरल वीडियो फर्जी साबित हुए। असल में वायरल हो रहे वीडियो किसी असली घटना के नहीं, बल्कि एआई-निर्मित हैं। हालांकि, नेपाल में आई बाढ़ से वहां काफी नुकसान हुआ है और राहत व बचाव का कार्य अभी भी जारी है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Newsmx.tv’ ने 1 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “पहली नज़र में विश्वास करना थोड़ा मुश्किल लग रहा था लेकिन जब पक्का विश्वास हो गया तो फिर उसने हिम्मत जुटा कर कर रेस्क्यू टीम को अपना हाथ दे ही दिया।”

इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बंदर बाढ़ में फंसा है, तभी रेस्क्यू टीम आती है और उसे बचा लेती है।

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

इंस्टाग्राम यूजर ‘indiaforkesari’ ने दूसरे वायरल वीडियो को 31 अगस्त 2026 को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “बाढ़ के तेज बहाव के बीच एक मासूम बच्ची खंभे को कसकर पकड़े नजर आई। चारों ओर बहता पानी, मलबा और तबाही के बीच बच्ची किसी तरह खुद को संभाले रही। यह दिल दहला देने वाला दृश्य प्राकृतिक आपदा के दौरान बच्चों की नाजुक स्थिति और समय पर राहत-बचाव की जरूरत को दिखाता है।” 

इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बाढ़ का पानी तेजी से बह रहा है और एक छोटी बच्ची खुद को बचाने के लिए खंभे को पकड़कर खड़ी है।

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने दोनों वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि बंदर और बच्ची के हावभाव काफी रोबोटिक हैं। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ। फिर हमने दोनों वीडियो की एक-एक करके विस्तार से जांच की। 

पहला वीडियो 

बाढ़ में फंसे बंदर वाले वीडि‍यों की सच्चाई जानने के लिए हमने उसे एआई डिटेक्शन टूल ‘Hive Moderation’ की मदद से सर्च किया। टूल के एनालिसिस के अनुसार, वायरल वीडियो के एआई-निर्मित होने की करीब 100 फीसदी संभावना है। 

हमने दूसरे एआई डिटेक्शन टूल ‘ZeroGPT’ की मदद से भी इस वीडियो को सर्च किया। इस टूल ने भी वीडियो के एआई से बने होने के संकेत दिए। 

दूसरा वीडियो 

दूसरे वीडियो के बारे में जानने के लिए हमने एआई डिटेक्शन टूल ‘Hive Moderation’ की मदद ली । इस टूल के एनालिसिस के अनुसार, वायरल वीडियो के एआई-निर्मित होने की करीब 100 फीसदी संभावना निकली। 

हमने वीडियो के कीफ्रेम को एआई डिटेक्शन टूल ‘AI Or Not’ से भी जांचा। इस टूल ने भी वीडियो के एआई-निर्मित होने के संकेत दिए। 

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई एक्सपर्ट डॉ. अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि दोनों ही वीडियो में हो रही कई गतिविधियां रोबोटिक नजर आती हैं। जिस तरह से बच्ची और बंदर बर्ताव कर रहे हैं, वह काफी अटपटा और एआई-निर्मित लगता है। वे एक ही तरह से रिएक्ट भी कर रहे हैं। बंदर का बोट पर बैठना भी काफी असामन्य लग रहा है।

क्या है संदर्भ?

नेपाल की वेबसाइट ‘कांतिपुर’ पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, इस आपदा में 1,050 लोगों की मौत हो चुकी है और इनके शव भी मिले हैं। 3,916 लोग अभी भी लापता हैं, जबकि 11,993 लोगों को बचाया जा चुका है। 

‘Kathmandupost’ की वेबसाइट पर 2 सितंबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, ”नेपाल पुलिस ने कहा है कि राहत और बचाव का कार्य अभी भी जारी है। कुल 1,113 शवों के पोस्टमार्टम और कानूनी पहचान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 95 शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। लापता परिजनों की पहचान करने में परिवारों की मदद के लिए 911 अज्ञात शवों की जानकारियां नेपाल पुलिस की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई हैं। 

हमने बंदर के रेस्क्यू वाले वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘Newsmx.tv’ के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को लगभग 20 लाथ लोग फॉलो करते हैं।

बाढ़ में फंसी बच्ची के फर्जी वीडियो को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर ‘indiaforkesari’ के अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि इस यूजर को करीब 40 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नेपाल की बाढ़ में फंसे बंदर और बच्ची के रेस्क्यू के दोनों वायरल वीडियो असली नहीं, बल्कि एआई-निर्मित हैं। इन्हें अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : नेपाल बाढ़ में फंसी बच्ची और बंदर का वीडियो।
  • Claimed By : FB User Newsmx.t
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later