X
X

Fact Check: नेपाल में आई बाढ़ में स्कूल के तबाह होने और बच्चे को बचाते कुत्ते का वीडियो AI जनरेटेड है

नेपाल में आई भीषण बाढ़ के दावे से वायरल दोनों वीडियो फेक हैं। इन्हें एआई की मदद से बनाया गया है और अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Sep 3, 2026 at 05:36 PM
  • Updated: Sep 3, 2026 at 06:16 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल में 26 अगस्‍त 2026 को आए फ्लैश फ्लड के बाद वहां भारी तबाही मच गई थी। इसी से जोड़कर सोशल मीडिया पर दो वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में एक कुत्ते को पानी में बह रहे बच्चों को बचाते हुए देखा जा सकता है। तो वहीं, दूसरे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक स्कूल की बिल्डिंग में बच्चे खेल रहे हैं, तभी वहां बाढ़ आती है और सब तबाह हो जाता है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दोनों ही वायरल वीडियो फेक हैं। दरअसल, इन दोनों वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, यानी एआई की मदद से बनाया गया है और अब इन्हें गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। हालांकि, यह बात सही है कि नेपाल में आई भीषण बाढ़ के कारण काफी तबाही मची है और वहां राहत व बचाव कार्य जारी है। 

क्या हो रहा है वायरल?

एक्स यूजर ‘NewsXpressNX’ ने 2 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “नेपाल त्रासदी के बाद दिल को छू लेने वाला वीडियो आया सामाने जहाँ एक बेज़ुबान जानवर ने बाढ़ मैं बहकर आ रहे एक बच्चे की किस तरह जान बचाई।”

इस वीडियो में दिख रहा है कि एक बच्चा पानी में बह रहा है, तभी एक कुत्ता उसे बचाकर किनारे लाता है। 

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

फेसबुक यूजर ‘Abhimanyu Kumar Bettih ’ ने 30 अगस्त 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए अंग्रेजी में कैप्शन लिखा, “नेपाल के एक स्कूल में फ्लैश फ्लड ने मचाई भारी तबाही! चीन-नेपाल सीमा पर आई भीषण बाढ़ का असर नेपाल के कई इलाकों में देखने को मिला। तेज बहाव और ऊंची लहरों ने स्कूल भवनों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भारी नुकसान हुआ। बाढ़ का यह भयावह दृश्य प्रकृति की ताकत और आपदा के खतरे को साफ दिखाता है। राहत और बचाव टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम कर रही हैं। ईश्वर से सभी प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और जल्द सामान्य स्थिति बहाल होने की प्रार्थना है।”

इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक स्कूल की बिल्डिंग में बच्चे खेल रहे हैं, तभी वहां बाढ़ आती है और बिल्डिंग ढह जाती है।

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावों की सच्चाई जानने के लिए हमने दोनों वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि वीडियो में कुत्ता जिस तरह से चल रहा है वह काफी अटपटा और रोबोटिक है। इतना ही नहीं, कुत्ता आखिर में जिस तरह से बच्चे को पकड़कर किनारे करता है, वह भी काफी अस्वाभाविक लगता है। बच्चे के हाव-भाव भी रोबोटिक नजर आते हैं, जबकि दूसरे वीडियो में चीजें अपने आप गायब हो रही हैं। इतना ही नहीं, वीडियो में मौजूद लोगों के शरीर की बनावट अपने आप बदल रही है। 

पहला वीडियो 

बच्चे का रेस्क्यू करते हुए कुत्ते वाले वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने उसे एआई डिटेक्शन टूल ‘zerogpt’ की मदद से चेक किया। इस टूल के एनालिसिस ने वायरल वीडियो के एआई-निर्मित होने की संभावना जताई।

हमने दूसरे एआई डिटेक्शन टूल ‘Hive Moderation’ पर इस वीडियो को सर्च किया। इस टूल ने भी वीडियो के एआई से बने होने की 99 फीसदी संभावना जताई।

इस वीडियो के बारे में अधिक पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो के कीफ्रेम को ‘AI OR NOt’ टूल पर सर्च किया और इसकी एनालिसिस को हमारे साथ शेयर किया। इस टूल ने वीडियो के कीफ्रेम के एआई-निर्मित होने की करीब 89 फीसदी संभावना जताई।

डीएयू ने हमें अपने एनालिसिस में यह भी बताया कि वीडियो में एक बड़ा लकड़ी का टुकड़ा पानी में बहाकर आगे की तरफ जा रहा है, लेकिन बच्चा बहाव के बिल्कुल उल्टी दिशा में बह रहा है। 

पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो alsayedcorne नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2 सितंबर 2026 को शेयर हुआ मिला। वीडियो को कैप्शन में एआई निर्मित बताया गया है।

दूसरा वीडियो

स्कूल के बाढ़ में डूबने वाले वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने उसे एआई डिटेक्शन टूल ‘Hive Moderation’ की मदद से सर्च किया। इस टूल की एनालिसिस ने वायरल वीडियो के एआई-निर्मित होने की करीब 100 फीसदी संभावना जताई।

हमने दूसरे एआई डिटेक्शन टूल ‘Undetectable.ai’ पर इस वीडियो को सर्च किया। इस टूल ने भी वीडियो के एआई से बने होने की 79 फीसदी संभावना जताई।

पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो explore_ai_life62 नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 28 अगस्त 2026 को शेयर हुआ मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है। पेज को खंगालने पर हमने पाया कि यह पेज इसी तरह के एआई वीडियो को शेयर करता है।

क्या है संदर्भ?

नेपाल के न्यूज पोर्टल ‘ईकांतिपुर डॉट कॉम’ के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 तक 11,993 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है, जबकि 1,050 लोगों की इस बाढ़ आपदा में मृत्यु हुई है और करीब चार हजार लोग अभी भी लापता हैं। ये सरकार की तरफ से जारी किए गए आधिकारिक आंकड़े हैं।

‘हिमालयन टाइम्स’ की तीन सितंबर 2026 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, “नेपाल अथॉरिटी ने बताया कि प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव अभियान तेज किए जा रहे हैं। इसके लिए नेपाल सेना, नेपाल पुलिस और आर्म्ड पुलिस फोर्स के 21,314 जवानों को तैनात किया गया है। इनमें से 9,199 जवान सेना से, 7,912 पुलिस से और 4,203 आर्म्ड पुलिस फोर्स से हैं। सुरक्षाकर्मी नदी के किनारों, बाढ़ से प्रभावित बस्तियों, सड़कों और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों में खोजबीन कर रहे हैं। हालांकि, बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान के कारण वहां पहुंचना मुश्किल हो रहा है।”

अंत में हमने कुत्ते के बच्चे को बचाने वाले फर्जी वीडियो को शेयर करने वाले एक्स यूजर ‘NewsXpress’ के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को करीब सात हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर अप्रैल 2025 से एक्स पर सक्रिय है।

स्कूल के ढह जाने वाले वीडियो को शेयर करने वाली यूजर के फेसबुक अकाउंट को भी स्कैन किया और पाया कि इस यूजर को छह हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नेपाल में आई भीषण बाढ़ के दावे से वायरल दोनों वीडियो फेक हैं। इन्हें एआई की मदद से बनाया गया है और अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

  • Claim Review : नेपाल बाढ़ में बच्चे को बचाते कुत्ते और स्कूल के डूबने का वीडियो।
  • Claimed By : X User NewsXpressNX
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later