X
X

Fact Check: महिला को नाले में फेंकने का वायरल वीडियो फिल्मी दृश्य, असली घटना का नहीं 

महिला को नाले में फेंकने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि फिल्म का एक दृश्य है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Feb 18, 2026 at 04:27 PM
  • Updated: Feb 18, 2026 at 05:09 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक लड़की को नाले में फेंकने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह हाल ही में हुई घटना का है। नशे में धुत लड़की को नाइट पार्टी के बाद कुछ लोगों ने नाले में फेंक दिया।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि फिल्म का एक दृश्य है। साल 2017 में रिलीज हुई श्रीदेवी की फिल्म ‘Mom’ के एक दृश्य को गलत दावे के साथ, असली घटना बताकर वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Namo Foundation- राष्ट्रीय संगठन’ ने 17 फरवरी 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “दारू के नशे में धुत्त लड़की को नाइट पार्टी के बाद नाले में फेका। ज्यादा मॉडर्न बनने वाली लड़कियों के साथ यही होता है, इस लिए अपने बड़े बुजुर्गों का कहना मानो कमसे कम नाले में तो नहीं फेंका जाएगा।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें ‘Shivam Yadav’ नाम के एक एक्स यूजर के अकाउंट पर वायरल वीडियो मिला। पोस्ट पर ‘SACHIN TIWARI’ नाम के यूजर ने कमेंट करते हुए इसे श्रीदेवी की फिल्म ‘मां’ का एक दृश्य बताया है। 

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल पर इस फिल्म के बारे में सर्च करना शुरू किया। हमें पूरी मूवी ‘Zee Movies Tamil’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 6 जुलाई 2023 को अपलोड किया गया था। फिल्म में 26 मिनट 10 सेकंड पर वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है। 

पड़ताल के दौरान हमें फिल्म ‘Bollywood Premium’ नाम के यूट्यूब चैनल पर भी मिली। फिल्म को 21 नवंबर 2025 को अपलोड किया गया था। फिल्म में 24 मिनट 09 सेकंड पर वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 11 मई 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “मॉम फिल्म साल 2017 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी के अलावा, अक्षय खन्ना, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और सजल अली अहम किरदारों में नजर आए थे। 2 घंटे 26 मिनट की इस थ्रिलर और क्राइम फिल्म की कहानी दर्शकों को भावनात्मक तौर पर जोड़ने का काम करती है। इसमें केवल मां की ममता ही नहीं, बल्कि उसकी ताकत को भी शानदार ढंग से चित्रित किया गया है।”

सीरीज और फिल्म से जुड़ी जानकारी देने वाली वेबसाइट IMDB पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह फिल्म, मां और उसकी भावनाओं के बारे में है। फिल्म की कहानी बेटी के साथ हुए यौन उत्पीड़न को लेकर एक मां के गुस्से पर आधारित है। यह फिल्म, प्राइम वीडियो और जी5 पर मौजूद है, जहां इसे देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई में एंटरटेनमेंट के सीनियर जर्नलिस्ट पराग छापेकर से संपर्क किया। उन्होंने इसे फिल्म का दृश्य बताया है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 40 हजार लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महिला को नाले में फेंकने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहा वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि फिल्म का एक दृश्य है। साल 2017 में रिलीज हुई श्रीदेवी की फिल्म ‘Mom’ के एक दृश्य को गलत दावे के साथ, असली घटना बताकर वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : दारू के नशे में धुत लड़की को नाइट पार्टी के बाद नाले में फेंका।
  • Claimed By : FB User Namo Foundation- राष्ट्रीय संगठन
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later