X
X

Fact Check: नीट पेपर लीक के खिलाफ राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर हुए प्रदर्शन को सीईसी के विरोध का बताकर किया जा रहा वायरल 

मुख्य चुनाव आयाुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर हुए प्रदर्शन के दावे से वायरल हो रहा वीडियो पुराना है। असल में यह वीडियो जुलाई 2026 का है, जब छात्रों ने नीट पेपर लीक के खिलाफ राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर विरोध-प्रदर्शन किया था।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) की प्रक्रिया के खिलाफ विपक्षी दलों ने देशभर में प्रदर्शन किए। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी), कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने कथित ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रोटेस्ट किए। सीजेपी ने 10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का एलान किया था, जिसके बाद दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों को बंद कर दिया गया था। इसी से जोड़ते हुए मेट्रो स्टेशन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भीड़ को मेट्रो स्टेशन पर विरोध जताते और नारे लगाते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह 10 अक्टूबर को दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन का है। दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने जबरदस्त हंगामा किया। स्‍टेशन का गेट बंद होने के बावजूद लोगों ने बैरियर फांदकर प्रदर्शन किया और विरोध जताया।

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल हो रहे वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत साबित हुआ। यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि जुलाई 2026 का है, जब नीट पेपर लीक के खिलाफ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) ने प्रदर्शन किया था। उस समय प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर भी विरोध प्रदर्शन किया था। 

क्या हो रहा है वायरल? 

फेसबुक यूजर ‘Pradip Devbabu’ ने 10 अक्टूबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर जबरदस्त हंगामा! सारे गेट बंद होने के बावजूद… आख़िर कैसे बैरियर फांदकर आगे बढ़ी छात्रों की ये भारी भीड़? पुलिस-प्रशासन के सारे इंतज़ाम ध धरे के धरे रह गए! देखें कैसे जंतर-मंतर की तरफ कूच कर रही है ‘Student Power’! राजीव चौक से जंतर-मंतर तक का पूरा हाल। अपनी राय ज़रूर शेयर करें!”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने ‘इनविड टूल’ की मदद से इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Ram Prasad Chouhan’ नाम के फेसबुक यूजर के अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 20 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। कैप्शन में मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के प्रदर्शन के दौरान का है। 

हमें कई अन्य एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो जुलाई 2026 में इसी समान जानकारी के साथ शेयर किया हुआ मिला। 

‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 20 जुलाई 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, नीट पेपर लीक मुद्दे को लेकर प्रोटेस्ट कर रहे कई प्रदर्शनकारियों ने राजीव चौक मेट्रो स्टेशन में घुसकर नारेबाजी की थी, जिससे वहां पर अफरा-तफरी की स्थिति हो गई थी। मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन के अंदर भी प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की थी। इस हंगामे के बाद कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए थे।”

वीडियो के बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण, दिल्ली के रिपोर्टर शुजाउद्दीन देखी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो पुराना है और नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शन से संबंधित है। जुलाई 2026 में जब नीट पेपर लीक को लेकर प्रोटेस्ट हो रहा था, उस दौरान सीजेपी के समर्थक राजीव चौक मेट्रो स्टेशन में घुस गए थे और उन्होंने वहां नारेबाजी की थी। 

क्या है संदर्भ?

कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों का आरोप है कि चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित रूप से गड़बड़ी की है, जिसकी वजह से 13 करोड़ से ज्यादा लोगों के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं। इसी विवाद को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी), कांग्रेस और ‘इंडी’ गठबंधन के नेता प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में चल रहे प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार ने जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट करने पर पाबंदी लगा दी है। अब यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार द्वारा 11 अक्टूबर 2026 को जारी इस स्टैंडिंग ऑर्डर को चुनौती देते हुए शीर्ष अदालत में एक याचिका दाखिल की गई है। पुलिस के इस आदेश के तहत जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया है। इस पूरे मामले पर ‘दैनिक जागरण’ और ‘बीबीसी’ की पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है। 

दिल्ली मेट्रो ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर 9 अक्टूबर 2026 को एक पोस्ट जारी कर बताया था कि राजीव चौक सहित 57 स्टेशन सुरक्षा कारणों की वजह से बंद रहेगें। इन स्टेशनों को सुबह 06:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक बंद रखा जायेगा।

दिल्ली मेट्रो के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर 12 अक्टूबर 2026 को की गई एक पोस्ट के अनुसार, सुरक्षा कारणों की वजह से 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 06:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक राजीव चौक सहित छह स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए थे।

नीट (NEET) और अन्य परीक्षाओं में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के नेतृत्व में 20 जून 2026 से छात्रों का प्रदर्शन शुरू हुआ था। 25 जुलाई को तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद यह प्रदर्शन खत्म हो गया था। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस फेसबुक यूजर को छह हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को बिहार का रहने वाला बताया है। यूजर 10 मार्च 2014 से फेसबुक पर सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मुख्य चुनाव आयाुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर हुए प्रदर्शन के दावे से वायरल हो रहा वीडियो पुराना है। असल में यह वीडियो जुलाई 2026 का है, जब छात्रों ने नीट पेपर लीक के खिलाफ राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर विरोध-प्रदर्शन किया था।

  • Claim Review : राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने सीईसी के खिलाफ किया प्रोटेस्ट।
  • Claimed By : FB User Pradip Devbabu
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later