Fact Check: पीएम मोदी की आलोचना करता उमा भारती का वीडियो तब का है, जब वो बीजेपी से निष्कासित थीं
पीएम मोदी की आलोचना करते हुए उमा भारती का वीडियो करीब 14 साल पुराना है, जिसे बिहार चुनाव से पहले भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Aug 27, 2025 at 01:12 PM
- Updated: Aug 27, 2025 at 05:37 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे राजनीतिक दावों के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की वरिष्ठ नेता उमा भारती का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें पीएम मोदी की आलोचना करते हुए सुना जा सकता है। वायरल वीडियो को शेयर किए जाने की समयावधि से प्रतीत हो रहा है कि उमा भारती ने पीएम मोदी के खिलाफ हाल में ऐसा बयान दिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल हो रहा वीडियो काफी पुराना है, जब उमा भारती को बीजेपी से निष्कासित कर दिया गया था। यानी जिस वक्त उमा भारती ने पीएम मोदी की आलोचना की थी, तब वो बीजेपी की सदस्य नहीं थीं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो इससे पहले भी कई अलग-अलग चुनावी मौकों पर समान संदर्भ में वायरल हो चुका है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Ashraf Idrisi’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, “उमा भारती जी ने कहा नरेंद्र मोदी विकास पुरुष नहीं विनाश पुरुष।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान संदर्भ में शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो में उमा भारती को पीएम मोदी की आलोचना करते हुए सुना जा सकता है। वह कह रही हैं, “नरेंद्र मोदी विकास नहीं बल्कि ‘विनाश पुरुष’ हैं।”
वायरल वीडियो के आधार पर की-वर्ड सर्च करने पर हमें एबीपी न्यूज के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर 17 अप्रैल 2014 को अपलोड किया हुआ वीडियो बुलेटिन मिला। वीडियो बुलेटिन में न्यूज एंकर को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “कांग्रेस ने उमा भारती का एक पुराना वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्हें नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए सुना जा सकता है।”
उमा भारती के पीएम मोदी की आलोचना करने का वीडियो हमें टाइम्स नाउ के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर भी मिला। वीडियो को 18 अप्रैल 2014 को शेयर किया गया था।
वीडियो बुलेटिन में एंकर को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “कांग्रेस ने यह वीडियो जारी कर मोदी को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की। (आपको बता दें कि) उस वक्त उमा भारती बीजेपी से बाहर थीं।”
यानी जब उमा भारती ने पीएम मोदी की आलोचना की थी, तब वो बीजेपी की सदस्य नहीं थीं। 18 अप्रैल 2014 की आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक, “कांग्रेस ने एक तीन साल पुरानी वीडियो क्लिप जारी की है, जिसमें बीजेपी की फायरब्रांड नेता उमा भारती ने पार्टी के पीएम उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को कथित रूप से विनाश का एजेंट बताया था और उनके गुजरात विकास के दावे को ‘पाखंड’ कहा था। उमा उस समय भाजपा से अलग हो गई थीं और भारतीय जनशक्ति पार्टी की अध्यक्ष थीं।”

रिपोर्ट में कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी का भी बयान है, जिसमें वह कह रहे हैं, “यह वीडियो सीडी उस समय की है, जब उमा भाजपा में नहीं थी। ये पूछे जाने पर कि कांग्रेस ने चुनाव के वक्त ये सीडी क्यों जारी की, सिंघवी ने कहा, “अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रेस कॉन्फ्रेंस का मुख्य बिंदु हालांकि ये नहीं है लेकिन इससे पता चलता है कि भाजपा में ऐसे हजारों लोग है, जो मोदी को तानाशाह मानते हैं, विनाश पुरुष मानते हैं और ये मानते हैं कि गुजरात के विकास के बारे में उनके दावे झूठे हैं।”
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, “2005 में उमा भारती को अनुशासन हीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों की वजह से बीजेपी से छह सालों के लिए निष्कासित किया गया था।” वो जून 2011 में बीजेपी में फिर से शामिल हुई थीं।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के नेशनल ब्यूरो के पत्रकार नीलू रंजन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वीडियो पुराना है और उस दौरान का है जब वो बीजेपी से निष्कासित थी।
वायरल पोस्ट को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 15 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यह प्रोफाइल विचारधारा विशेष से प्रेरित है। यूजर अक्सर फर्जी और भ्रामक पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: पीएम मोदी की आलोचना करते हुए उमा भारती का वीडियो करीब 14 साल पुराना है, जिसे बिहार चुनाव से पहले भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : उमा भारती ने हाल ही में पीएम मोदी की आलोचना की।
- Claimed By : FB User - Ashraf Idrisi
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












