Fact Check: मध्य प्रदेश के ट्रैक्टर रैली के पुराने वीडियो को अरावली प्रदर्शन से जोड़कर किया जा रहा वायरल
ट्रैक्टर रैली के वीडियो को लेकर वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। असल में वायरल हो रहा वीडियो सितंबर 2025 में मध्य प्रदेश में हुए एक प्रदर्शन का है। उज्जैन में जमीन के अधिग्रहण को लेकर किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली थी।
- By: Pragya Shukla
- Published: Dec 29, 2025 at 05:09 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अरावली पहाड़ियों को लेकर चल रहे प्रदर्शनों के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें ट्रैक्टर की भीड़ नजर आ रही है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वीडियो अरावली को बचाने के लिए हो रहे प्रदर्शन का है। इसलिए ही राजस्थान से 2500 ट्रैक्टर की रैली निकाली गई है।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। असल में वायरल हो रहा वीडियो सितंबर 2025 का मध्य प्रदेश में हुए एक प्रदर्शन का है। उज्जैन में जमीन के अधिग्रहण को लेकर किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली थी।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Congress Pariwar’ ने 20 दिसंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, राजस्थान वाले अरावली बचाने के लिए निकले 2500 के साथ एक बड़ी रैली लेकर ! अरावली है तो जीवन है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘rajeshwar_world_01’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 17 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के उज्जैन में किसानों की ओर से निकाली गई एक रैली का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमने वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘Public First News’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो रिपोर्ट को 16 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, “उज्जैन में 5000 से अधिक किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाल कर स्थायी भूमि अधिग्रहण का विरोध किया। किसानों की 15 सूत्रीय मांगें सरकार के सामने रखी गई हैं। मुख्यमंत्री ने संवाद का आश्वासन दिया, जबकि किसान दूध और सब्जी की सप्लाई बंद करने की चेतावनी दे रहे हैं। सिंहस्थ 2028 को लेकर नए विवाद खड़े हो गए हैं।”
हमें दावे से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट एबीपी न्यूज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिली। वीडियो को 17 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “मध्य प्रदेश के उज्जैन में हजारों किसान ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। यह प्रदर्शन मोहन यादव सरकार की उस लैंड पूलिंग योजना के खिलाफ है, जिसके तहत 2028 में होने वाले सिंहस्थ कुंभ के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। भारतीय किसान संघ के बैनर तले लगभग 10,000 किसानों ने 500 से ज़्यादा ट्रैक्टरों के साथ आगरा रोड से कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकाली। सरकार की योजना उज्जैन और इंदौर में करीब 1,00,000 बीघा ज़मीन लैंड पूलिंग के ज़रिए अधिग्रहीत करने की है, जिसमें किसानों की 50 प्रतिशत ज़मीन पर स्थायी निर्माण किया जाएगा। प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है, “लैंड पूलिंग योजना किसानों की जमीन छीनने की साज़िश है,” और वे इसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे।”
अधिक जानकारी के लिए हमने नईदुनिया उज्जैन के रिपोर्टर अमित कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो सितंबर में हुए एक प्रदर्शन का है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 446K लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में ट्रैक्टर रैली के वीडियो को लेकर वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। असल में वायरल हो रहा वीडियो सितंबर 2025 में मध्य प्रदेश में हुए एक प्रदर्शन का है। उज्जैन में जमीन के अधिग्रहण को लेकर किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली थी।
- Claim Review : अरावली प्रदर्शन का वीडियो।
- Claimed By : FB User Congress Pariwar
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












