X
X

Fact Check: गंगा में डुबकी लगाती डिंपल यादव का यह वीडियो महाकुंभ का नहीं, वायरल दावा भ्रामक

गंगा स्नान करती डिंपल यादव के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो महाकुंभ का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Jan 30, 2025 at 01:59 PM
  • Updated: Jan 30, 2025 at 02:42 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें घाट पर स्नान करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि डिंपल यादव महाकुंभ पहुंची और उन्होंने संगम स्नान किया।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल वीडियो महाकुंभ का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है। जब डिंपल यादव पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की अस्थियों को विसर्जित करने के लिए हरिद्वार गई थी। उन्होंने उस दौरान गंगा स्नान किया था। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘लोकेश न्यू’ ने 29 जनवरी 2025 को शेयर किया था। वीडियो के कैप्शन में लिखा हुआ है, “महाकुंभ 2025 में डिंपल यादव ने लगाई डुबकी।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट अमर उजाला की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 20 अक्टूबर 2022 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उनका परिवार अस्थियों को विसर्जित करने के लिए हरिद्वार गए थे। अखिलेश यादव ने हरिद्वार पहुंचकर चंडीघाट स्थित नमामि गंगे घाट (नीलधारा) पर पूजन किया और विधि-विधान से अस्थियों को विसर्जित किया। इसके बाद पूरे परिवार ने गंगा में डुबकी लगाकर मुलायम सिंह यादव की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की थी। इसी दौरान डिंपल यादव ने भी डुबकी लगाई थी।

प्राप्त जानकारी के आधार पर गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन न्यूज 18 डिबेट के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो रिपोर्ट को 17 अक्टूबर 2022 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो हरिद्वार का है और मुलायम सिंह यादव के अस्थि विसर्जन की पूजा का है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने हरिद्वार के रिपोर्टर दीपक प्रजापति से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो हरिद्वार में मुलायम सिंह यादव की अस्थि विसर्जन की पूजा का है। 

दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 26 जनवरी 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, सपा अध्यक्ष  अखिलेश यादव कुछ दिन पहले को महाकुंभ का हिस्सा बनने के लिए प्रयागराज पहुंचे थे। यहां पर उन्होंने 11 डुबकी लगाई थी।

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर महाकुंभ से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि गंगा स्नान करती डिंपल यादव के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो महाकुंभ का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है। जब डिंपल यादव पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की अस्थियों को विसर्जित करने के लिए हरिद्वार गई थी। उन्होंने उस दौरान गंगा स्नान किया था।

  • Claim Review : महाकुंभ में संगम स्नान करती डिंपल यादव का वीडियो।
  • Claimed By : FB User Lokesh New
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later