Fact Check: पुलिस से बहस करती सीएम आतिशी का वीडियो पुराना, दिल्ली चुनाव के चलते भ्रामक दावे से वायरल
पुलिस से बहस करती आतिशी के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Feb 6, 2025 at 06:17 PM
- Updated: Feb 6, 2025 at 06:33 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो गई और अब सभी को नतीजों का इंतजार है। इसी बीच सोशल मीडिया पर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आतिशी को पुलिसकर्मियों से बहस करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को हालिया को अभी का बताते हुए आतिशी को चुनाव लड़ने से रोकने के कथित दावे के साथ शेयर किया जा रहा है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है,जब पुलिसकर्मियों ने पूछताछ करने के लिए उनकी गाड़ी को रोका था। उस समय वो नाराज हो गई थी और प्रदर्शन करने का एलान कर दिया था।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘जिंदाबाद किसानी’ ने 6 फरवरी 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “का*** मोदी इतना डर गया है कि वो अब AAP को चुनाव नहीं लड़ने देना चाहता..AAP मंत्री Atishi को भी पुलिस जगह-जगह रोक रही है…मोदी जी एक काम करो, सब AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं को गोली मार दो, आपका काम आसान हो जाएगा…वरना अगर AAP नेता और कार्यकर्ता ज़िंदा रहे तो तुम्हें सुकून से तानाशाही नहीं करने देंगे।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट जी न्यूज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 23 मार्च 2024 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, आतिशी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर नाराज चल रही थी। इसी बीच जब पुलिस ने उनकी गाड़ी को पूछताछ करने के लिए रोका तो पुलिसकर्मियों से उनकी बहस हो गई। उन्होंने धरना-प्रदर्शन का एलान कर दिया।
पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। वीडियो को 23 मार्च 2024 को शेयर किया गया था।
अधिक जानकारी के लिए हमने दिल्ली दैनिक जागरण के प्रमुख संवाददाता वीके शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है। जब केजरीवाल को जेल भेजे जाने से आतिशी नाराज थी, तब पुलिसकर्मियों से बहस करने का उनका यह वीडियो वायरल हुआ था।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को 18 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पुलिस से बहस करती आतिशी के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है,जब पुलिसकर्मियों ने पूछताछ करने के लिए उनकी गाड़ी को रोका था। उस समय वो नाराज हो गई थी और प्रदर्शन करने का एलान कर दिया था।
- Claim Review : दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के बीच पुलिस ने सीएम आतिशी को रोका और बहस हई।
- Claimed By : FB User जिंदाबाद किसानी
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












