Fact Check : रोजे को लेकर बात करते सलमान खान का वीडियो पुराना, भ्रामक दावे से वायरल
सलमान खान के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब 17 साल पुराना है। सांवरिया फिल्म के म्यूजिक रिलीज प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह एक सवाल के जवाब में रोजा रखने वाली बात कही थी।
- By: Pragya Shukla
- Published: Mar 8, 2025 at 05:15 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मोहम्मद शमी के रोजा न रखने को लेकर चल रहे विवाद के बीच सोशल मीडिया पर सलमान खान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सलमान खान को यह कहते हुए देखा जा सकता है कि हां मैं रोजा रखता हूं। पूरे नहीं रख पाता, लेकिन रखता हूं। इस वीडियो को हाल ही का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब 17 साल पुराना है। सांवरिया फिल्म के म्यूजिक रिलिज प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने एक सवाल के जवाब में रोजा रखने वाली बात कही थी। इसी वीडियो को हाल का बताते हुए रमजान से जोड़ते हुए गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘नईम खुर्शीद’ ने 2 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बॉलीवुड के दबंग सलमान खान ने कहा कि मैं भी रोजा रखता हूँ लेकिन पूरे नहीं रख पाता हूँ……तो पूरी उम्मते मुसलमानों को मेरी तरफ़ से तहदिल से रमज़ान मुबारक।” जबकि वीडियो पर लिखा हुआ है, “2/3/2025 भाईजान ने कहा कि मैंने भी रोज़े रखे है पर पूरे नहीं रखपाता हूँ पर रखता ज़रूर हूँ।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें हमने गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो वाइल्ड फिल्म्स इंडिया नामक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 11 मार्च 2022 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो सांवरिया फिल्म के म्यूजिक रिलीज प्रेस कॉन्फ्रेंस का है। वीडियो में 3.50 से वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने सांवरिया फिल्म के म्यूजिक रिलीज प्रेस कॉन्फ्रेंस के बारे में खंगालना शुरू किया। हमें इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के कई वीडियो अन्य यूट्यूब चैनल पर मिले। वीडियो को 2007 में शेयर किया गया था। वीडियो में सलमान को हूबहू कपड़े पहने हुए और लुक में देखा जा सकता है।
मूवीज रेटिंग और रिव्यू की वेबसाइट ‘आईएमडीबी’ पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, सांवरिया फिल्म 7 नवंबर 2007 में रिलीज हुई थी। रणबीर कपूर और सोनम कपूर फिल्म में मेन लीड थे। जबकि सलमान खान ने फिल्म में एक खास किरदार निभाया था।
अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई में एंटरटेनमेंट को कवर करने वालीं दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो पुराना है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 85 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सलमान खान के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब 17 साल पुराना है। सांवरिया फिल्म के म्यूजिक रिलीज प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह एक सवाल के जवाब में रोजा रखने वाली बात कही थी। इसी वीडियो को हाल का बताते हुए रमजान से जोड़ते हुए गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : सलमान खान ने कहा मैं कभी-कभी रोजा रखता हूं।
- Claimed By : FB User Naim Khurshed
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












