Fact Check: नशे में धुत पंजाब के सीएम भगवंत मान का वीडियो AI-निर्मित
पंजाब के सीएम भगवंत मान का नशे की हालत में वायरल हो रहा वीडियो एआई-निर्मित है। ओरिजिनल वीडियो में कोई अन्य शख्स है, जिसके वीडियो को एआई की मदद से मैनिपुलेट कर वायरल हो रहा वीडियो तैयार किया गया है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 3, 2026 at 11:44 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का अजीब व्यवहार करते हुए एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस कथित वीडियो में देखा जा सकता है कि भगवंत मान एक कुर्सी पर बैठे हैं और नशे में बहकी-बहकी बातें कर रहे हैं। इस वीडियो को कई यूजर्स सच मानकर भगवंत मान पर तंज कसते हुए शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहा यह वीडियो एआई की मदद से बनाया गया है। असली वीडियो में एक अन्य शख्स है, जो नशे की हालत में दिखाई देता है। उसी शख्स के वीडियो को एआई की मदद से मैनिपुलेट कर भगवंत मान का कथित वीडियो तैयार किया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Pooja Arora’ ने 31 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “उड़ते पंजाब का उड़ता सीएम।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें इस दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। इस वीडियो को गौर से देखने पर हमने पाया कि इसमें पीछे मौजूद लोग काफी अटपटे दिख रहे हैं और अजीब तरीके से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। ऐसे में हमें वीडियो के एआई-निर्मित होने का संदेह हुआ।
इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है या नहीं, यह जानने के लिए हमने एआई डिटेक्शन टूल ‘hive detect’ की मदद ली। इस टूल के एनालिसिस में वायरल वीडियो के 71 फीसदी तक एआई से बने होने के संकेत मिले।

हमने वीडियो की जांच के लिए एक अन्य टूल ‘meta ai’ का भी इस्तेमाल किया। इस टूल ने भी वीडियो के एआई-निर्मित होने के संकेत दिए।

तीसरे टूल ‘ai video detector’ ने 89 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। डीएयू की एनालिसिस के अनुसार, NVIDIA टूल ने वीडियो के 96 फीसदी तक एआई से बने होने के संकेत दिए हैं।

वायरल वीडियो के ऑडियो को जब हमने कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया, तो हमें असली वीडियो ‘Back Home Records’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 27 जुलाई 2017 को अपलोड किया गया था।
क्या है संदर्भ?
सोशल मीडिया पर मशहूर हस्तियों के वीडियो और तस्वीरों के साथ छेड़छाड़कर उन्हें अक्सर वायरल किया जाता है। इससे पहले दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर के एक वीडियो को एडिट करके वायरल किया गया था। वहीं, जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रदर्शन और नवरात्रि के दौरान भी महिलाओं की एआई (AI) से तैयार की गई आपत्तिजनक तस्वीरें शेयर की गई थीं।
विश्वास न्यूज ने इस तरह के कई वायरल एआई वीडियो की जांच कर सच्चाई सामने रखी है। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाली फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब 10 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने अपनी प्रोफाइल में खुद को पश्चिम बंगाल का बताया है। यूजर फेसबुक पर 16 जुलाई 2015 से सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पंजाब के सीएम भगवंत मान का नशे की हालत में वायरल हो रहा वीडियो एआई-निर्मित है। ओरिजिनल वीडियो में कोई अन्य शख्स है, जिसके वीडियो को एआई की मदद से मैनिपुलेट कर वायरल हो रहा वीडियो तैयार किया गया है।
- Claim Review : नशे में धुत पंजाब के सीएम भगवंत मान का वीडियो।
- Claimed By : FB User Pooja Arora
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












