Fact Check: दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस की पुरानी रैली के वीडियो को हालिया बताकर किया जा रहा वायरल
नई दिल्ली में 1 नवंबर 2026 को आयोजित कांग्रेस की महारैली के नाम पर वायरल हो रहा वीडियो करीब एक साल पुराना है। यह वीडियो दिसंबर 2025 में कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर आयोजित की गई कांग्रेस की एक रैली का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 2, 2026 at 03:11 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया गठबंधन) मतदाता सूची में चल रहे ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) की प्रक्रिया पर चुनाव आयोग के रुख से नाराज है। इसी मुद्दे पर विपक्षी दलों ने विरोध जताते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली का आयोजन किया। इससे जोड़कर जनसैलाब का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ 1 नवंबर को निकाली गई रैली का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहा दावा भ्रामक है। असल में यह वायरल वीडियो दिसंबर 2025 में कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस की ओर से आयोजित की गई एक रैली का है, जिसे अभी का बताकर भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Arish Anwar’ ने 1 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “अभी तो घड़ी में 12 भी नहीं बजे हैं, आधा दिन भी नहीं गुज़रा है और देश के लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जनसैलाब उमड़ पड़ा है। यह सिर्फ़ एक रैली नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार को लेकर उठती आवाज़ों का जनसमूह है। आवाज़ बुलंद है, इरादे मजबूत हैं। लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेकर पूरा देश मैदान में है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वायरल हो रहा वीडियो कांग्रेस के आधिकारिक फेसबुक पेज ‘Indian National Congress’ पर मिला। इस वीडियो को 14 दिसंबर 2025 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो कांग्रेस की एक रैली का है।

पड़ताल के दौरान हमें 2025 की इसी रैली से जुड़ा एक लंबा वीडियो कांग्रेस के फेसबुक पेज पर 14 दिसंबर 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह रैली कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस द्वारा नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित की गई थी।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 14 दिसंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस पार्टी ने नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नाम की महारैली आयोजित की थी। बड़ी संख्या में लोग इस रैली का हिस्सा बनने के लिए आए थे। विभिन्न राज्यों से पार्टी के कार्यकर्ता भी इस रैली में शामिल हुए थे। कांग्रेस ने कथित वोट चोरी और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया था।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण, नई दिल्ली के रिपोर्टर निमेश कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो करीब एक साल पुराना है।
क्या है संदर्भ?
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR की प्रक्रिया में गड़बड़ियों के खिलाफ इंडिया गठबंधन ने 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली का आयोजन किया। साथ ही, मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन पर एक विरोध मार्च भी निकाला गया। इस रैली की अगुवाई कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और सर्वभारतीय तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी समेत विपक्ष के कई बड़े चेहरों ने किया। इस रैली से संबंधित पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यह यूजर 28 अप्रैल 2019 से फेसबुक पर सक्रिय है। इस यूजर को 42 हजार लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नई दिल्ली में 1 नवंबर 2026 को आयोजित कांग्रेस की महारैली के नाम पर वायरल हो रहा वीडियो करीब एक साल पुराना है। यह वीडियो दिसंबर 2025 में कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर आयोजित की गई कांग्रेस की एक रैली का है।
- Claim Review : रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को निकाली गई कांग्रेस की रैली का वीडियो।
- Claimed By : FB User Arish Anwar
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












