Fact Check : नागपुर में हुई सांप्रदायिक हिंसा से पहले की है इंद्रेश कुमार की वायरल तस्वीर
तस्वीर 15 मार्च 2025 की है। जबकि नागपुर में 17 मार्च 2025 को हिंसा भड़की। जांच में वायरल तस्वीर नागपुर हिंसा से पहले की साबित हुई।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Mar 25, 2025 at 04:28 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। महाराष्ट्र के नागपुर में पिछले दिनों हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद कई तरह की फर्जी व भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए झूठ फैलाने की कोशिश की गई। अब इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संयोजक इंद्रेश कुमार की एक तस्वीर के जरिए झूठ फैलाया जा रहा है। तस्वीर में उन्हें इफ्तार पार्टी करते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस तस्वीर को इस दावे के साथ वायरल कर रहे हैं कि जब नागपुर में सांप्रदायिक हिंसा हो रही थी, उस रात इंद्रेश कुमार समुदाय विशेष के साथ इफ्तार पार्टी कर रहे थे।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। तस्वीर 15 मार्च 2025 की है। जबकि नागपुर में 17 मार्च 2025 को हिंसा भड़की। हमारी जांच में वायरल तस्वीर नागपुर हिंसा से पहले की साबित हुई।
क्या हो रहा है वायरल
T Ranjeet Singh नाम के एक फेसबुक यूजर ने 20 मार्च को एक पोस्ट करते हुए लिखा, “तथाकथित संगठन हिंदुओं के पैसों से मुस्लिम राष्ट्रिय मंच बना कर हिंदुओं की हत्याओं का सौदा कर रहे है। जिस रात नागपुर मे हिन्दुओ के घरो और गाड़ियों क़ो चिन्हित कर के जलाया जा रहा था उस रात rss के इंद्रेश कुमार **** के झूठे खजूर चाट रहे थे।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे हालिया समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इंद्रेश कुमार के सोशल मीडिया अकाउंट को स्कैन किया। हमें उनके फेसबुक पेज पर वायरल तस्वीर से जुड़ी कई तस्वीरें मिली। साथ में हमें इफ्तार पार्टी से जुड़ा एक आमंत्रण पत्र भी मिला। इससे पता चला कि दिल्ली के निजामुद्दीन वेस्ट के कम्युनिटी हॉल में 15 मार्च को इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था। इसमें चीफ गेस्ट के तौर पर इंद्रेश कमार पहुंचे थे। उसी कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरों को अब नागपुर हिंसा से जोड़ते हुए वायरल किया गया।

सर्च के दौरान एएनआई भारत के यूट्यूब चैनल पर हमें कार्यक्रम से जुड़ा वीडियो भी मिला। 16 मार्च को अपलोड इस वीडियो में बताया गया कि आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार इफ्तार पार्टी में शामिल हुए और उन्होंने उमर अहमद इलियासी को रोजा खुलवाया।
पत्रिका डॉट कॉम की वेबसाइट पर हमें एक खबर मिली। इसमें इंद्रेश कुमार की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए बताया गया कि RSS नेता इंद्रेश कुमार इफ्तार पार्टी में शामिल हुए। इंद्रेश कुमार ने इमाम उमर अहमद इलियासी के साथ रोजा खुलवाया।

जांच को आगे बढ़ाते दैनिक जागरण, नई दिल्ली के संस्करण को खंगाला गया। हमें 16 मार्च के अखबार में कार्यक्रम से जुड़ी खबर मिली। इसे आप नीचे देख सकते हैं।

एबीपी न्यूज की वेबसाइट पर मौजूद खबर में नागपुर हिंसा के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया, “महाराष्ट्र के नागपुर में 17 मार्च की रात को हिंसा भड़क उठी और कुछ ही देर में यह अशांति कोतवाली और गणेशपेठ सहित कई इलाकों में फैल गई। दरअसल, औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग कर रहे हिंदूवादी संगठनों के विरोध प्रदर्शन के दौरान यह अफवाह फैल गई कि पवित्र पुस्तक को जला दिया गया। इसको लेकर तनाव बढ़ गया। उसके बाद शाम करीब 7:30 बजे महल के चिटनिस पार्क इलाके में झड़पें हुईं, जिसमें पुलिस पर पत्थर फेंके गए, जिसमें छह नागरिक और तीन अधिकारी घायल हो गए। बाद में यह अशांति कोतवाली और गणेशपेठ तक फैल गई, जो शाम को और बढ़ गई।”
विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए कार्यक्रम को आयोजित करने वालीं डॉक्टर शालिनी अली से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि हर साल उनकी ओर से रमजान के पाक महीने में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया जाता है। इंद्रेश कुमार भी इस कार्यक्रम में आए थे। कार्यक्रम 15 मार्च को आयोजित किया गया था। वायरल पोस्ट पूरी तरह बेबुनियाद है।
पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि इसके करीब पांच हजार फेसबुक फ्रेंड हैं। यूजर यूपी का रहने वाला है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संयोजक इंद्रेश कुमार 15 मार्च को दिल्ली में एक इफ्तार पार्टी में गए थे। उसी कार्यक्रम की तस्वीर को अब नागपुर हिंसा से जोड़ते हुए वायरल किया जा रहा है। नागपुर में 17 मार्च को हिंसा भड़की थी। हमारी जांच में वायरल तस्वीर सांप्रदायिक हिंसा से पहले की है।
- Claim Review : जिस रात नागपुर में हिंसा हो रही थी, उस रात इंद्रेश कुमार इफ्तार पार्टी कर रहे थे।
- Claimed By : FB User T Ranjeet Singh
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












