X
X

Fact Check : ट्रेन में चढ़ते समय कुत्ते के पटरी पर आने के बाद नहीं हुई मौत, वायरल दावा भ्रामक 

ट्रेन हादसे में कुत्ते की मौत को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल घटना झांसी के रेलवे स्टेशन पर हुई थी। इस हादसे में कुत्ते की मौत नहीं हुई है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर रेलवे स्टेशन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स अपने कुत्ते के साथ चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करता है। लेकिन कुछ देर बाद कुत्ता चलती ट्रेन के नीचे आ जाता है। इस वीडियो को शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कुत्ते के मालिक की लापरवाही की वजह से इस हादसे में उसकी मौत हो गई।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल घटना झांसी के रेलवे स्टेशन पर हुई थी। इस हादसे में कुत्ते की मौत नहीं हुई है। चलती ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश के कारण वो ट्रेन के नीचे आ गया था, लेकिन ट्रेन को समय से रोक दिया गया था और कुत्ते को बचा लिया गया था। हालांकि, इस हादसे में कुत्ते को कुछ चोटें जरूर आई थी।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘पिंटू रंजन’ ने 2 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “ट्रेन पकड़ने की जल्दी में मालिक की लापरवाही से पालतू कुत्ते की दर्दनाक मौत, देखें वायरल वीडियो।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट न्यूज 18 की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 2 अप्रैल 2025 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, वायरल घटना का वीडियो झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 का है और मुंबई राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन का है। दरअसल, ट्रेन में महिला यात्री उपासना मुंबई के लिए सफर कर रही थी। उन्होंने अपने कुत्ते के लिए भी बुकिंग कराई थी और वो उसके साथ सफर कर रही थी। ट्रेन जब  हजरत निजामुद्दीन से चलकर झांसी पहुंची। इसी के कुछ देर बाद कुत्ता ट्रेन से बाहर चला गया। जब ट्रेन वापस चलने लगी और कुत्ते को ट्रेन में बिठाने का प्रयास किया गया। इस दौरान वो हादसे का शिकार हो गया। 

इंडियन एक्सप्रेस की वेबसाइट पर 3 अप्रैल 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में कुत्ते की मौत नहीं हुई थी। उसकी जान आरपीएफ-रेलवे स्टाफ की मदद से बचा ली गई थी। कुत्ता अब अपने परिवार के साथ सुरक्षित है। 

पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक खबर दैनिक जागरण के ई-पेपर में भी मिली। 

हमने झांसी के रेलवे पीआरओ मनोज कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह घटना हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि 29 मार्च की है। समय से ट्रेन को रोक दिया गया था और आरपीएफ की मदद से कुत्ते को बचा लिया गया था। हालांकि, कुत्ते को छोटी-मोटी कुछ चोटें आई थी। लेकिन वो ठीक था और उसे वापस ट्रेन में बिठा दिया गया था।

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर के सात हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ट्रेन हादसे में कुत्ते की मौत को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल घटना झांसी के रेलवे स्टेशन पर हुई थी। इस हादसे में कुत्ते की मौत नहीं हुई है। चलती ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश के कारण वो ट्रेन के नीचे आ गया था, लेकिन ट्रेन को समय से रोक दिया गया था और कुत्ते को बचा लिया गया था। हालांकि, इस हादसे में कुत्ते को कुछ चोटें जरूर आई थी।

  • Claim Review : चलती ट्रेन में चढ़ते समय पटरी पर गिरने के कारण कुत्ते की हुई मौत।
  • Claimed By : FB User Pintu Ranjan
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later