X
X

Fact Check: राहुल गांधी और नीतीश कुमार का 2023 का वीडियो अब किया जा रहा वायरल

प्रेस कॉन्फ्रेंस करते राहुल गांधी और नीतीश कुमार का वायरल वीडियो अप्रैल 2023 का है। उस दौरान नीतीश कुमार बिहार में 'महागठबंधन' सरकार का हिस्सा थे। पुराने वीडियो को अब शेयर कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।

Rahul Gandhi News, Rahul Gandhi Viral Video, Nitish Kumar News, Politics News, Nitish Kumar Viral Video

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) अभियान समेत कुछ अन्य मामलों को लेकर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें नीतीश कुमार यह कहते सुने जा सकते हैं कि ‘अधिक से अधिक पार्टियों को पूरे देश में एकजुट करने का प्रयास करेंगे’। कुछ यूजर्स इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने इस पोस्ट की जांच की तो पता चला कि वायरल हो रहा वीडियो अप्रैल 2023 का है। उस दौरान नीतीश, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) वाले महागठबंधन का हिस्सा थे। पुराने वीडियो को अब हालिया बताकर भ्रामक दावा किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Sehdev Yadav SP’ ने 21 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “मोदी बुरी तरह फस गया है इधर कुआं उधर खाई।”

वीडियो में नीतीश कुमार कह रहे हैं, “अधिक से अधिक पार्टियों को पूरे देश में एकजुट करने का प्रयास करेंगे। और उसके लिए हम लोग अपना कोशिश करेंगे, सब लोग एग्री करेंगे, वो सब लोग बैठेंगे। और एकसाथ हम लोग आगे का काम करेंगे, मिलकर के चलेंगे, यह बात तय हो गई है। और इन सब चीजों को लेकर के, यह भी कई लोगों से बातचीत हुई है, हम लोगों की बातचीत… हम लोग फिर एक बार आज जो बात हो गई है, अंतिम तौर पर बात हो गई है, अब उसी के आधार पर फिर हम लोग कर लेंगे। और जितने लोग एग्री करेंगे, उन सब लोगों को फिर हम लोग बैठकर के आपस में आगे का निर्णय तय करेंगे। अब, अब जिस दिन बैठेंगे न एक साथ, उस दिन जानिएगा, बहुत ज्यादा लोग इकट्ठा होंगे।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। ‘एएनआई’ के एक्स हैंडल पर 12 अप्रैल 2023 को नीतीश कुमार और राहुल गांधी का अब वायरल हो रहा यह वीडियो पोस्ट किया गया था। इसमें नीतीश का वायरल बयान सुना जा सकता है।

कीवर्ड से इस बारे में गूगल ओपन सर्च करने पर हमें ‘टाइम्स ऑफ इंडिया‘ की वेबसाइट पर 12 अप्रैल 2023 को छपी एक रिपोर्ट मिली। इसके अनुसार, “बिहार के सीएम नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि वे ज्यादा से ज्यादा दलों को एकसाथ लाने की कोशिश करेंगे। नीतीश एक दिन पहले से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।”

‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ की 29 जनवरी 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, “नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में नौवीं बार शपथ ली। उन्होंने ‘महागठबंधन’ से नाता तोड़कर भाजपा के साथ हाथ मिला लिया है। इसके साथ ही राजद, जदयू, कांग्रेस और वाम दलों के गठबंधन वाली 17 महीने पुरानी सरकार चली गई। नीतीश ने 2005 में भाजपा के साथ गठबंधन करके अपनी पहली सरकार बनाई थी। 2013 में उन्होंने यह गठबंधन तोड़ दिया और 2014 का लोकसभा चुनाव अकेले लड़ा। 2015 का विधानसभा चुनाव उन्होंने राजद के साथ मिलकर लड़ा। 2017 में वह वापस एनडीए में शामिल हो गए। उन्होंने 2019 का लोकसभा चुनाव और 2020 का बिहार विधानसभा चुनाव भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के हिस्से के रूप में लड़ा। 2022 में नीतीश ने एनडीए छोड़कर राजद, कांग्रेस तथा वाम दलों के साथ मिलकर फिर से सरकार बनाई थी।”

इस बारे में हमने पटना ‘दैनिक जागरण’ में रिपोर्टर प्रशांत कुमार से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो पुराना है और नीतीश कुमार तब महागठबंधन का हिस्सा थे। 

क्या है संदर्भ?

एसआईआर समेत कुछ अन्य मामलों को लेकर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग ने एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ी की है।

दिल्ली में 23 अक्टूबर 2026 को कई संगठनों ने एसआईआर को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास बैरिकेड लगाकर प्रदर्शकनकारियों को रोका। 

पुराने वीडियो को हालिया बातकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। यूजर एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश के बदायूं के रहने वाले हैं। 6 अगस्त 2023 को बनी इस प्रोफाइल के करीब 3,800 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: प्रेस कॉन्फ्रेंस करते राहुल गांधी और नीतीश कुमार का वायरल वीडियो अप्रैल 2023 का है। उस दौरान नीतीश कुमार बिहार में ‘महागठबंधन’ सरकार का हिस्सा थे। पुराने वीडियो को अब शेयर कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।

  • Claim Review : राहुल गांधी से मिले नीतीश कुमार और कहा कि हम सब एकसाथ मिलकर चलेंगे।
  • Claimed By : FB User- Sehdev Yadav SP
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later