X
X

Fact Check : दिल्‍ली में भूकंप से नहीं गई लोगों की जान, विदेश के वीडियो के जरिए फैलाया जा रहा झूठ

दिल्‍ली में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। क्रोएशिया में जुलाई 2023 में आए तूफान के वीडियो को अब दिल्‍ली का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्‍लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो भीषण तूफान का है। इसके साथ दावा किया जा रहा है कि दिल्‍ली में भूकंप आने से हजारों लोगों की मौत हो गई। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह पूरी तरह फर्जी साबित हुई। दिल्‍ली में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। क्रोएशिया में जुलाई 2023 में आए तूफान के वीडियो को अब दिल्‍ली का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल

इंस्‍टाग्राम हैंडल अखिलेश कुमार (akhi.lesh3228) ने 7 अप्रैल को एक वीडियो पोस्‍ट करते हुए लिखा, “दिल्ली में तेज़ भूकंप आने के कारण 98 हजार लोंगों की मौत. 87 हजार लोग घायल हुए।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

दुनिया के किसी भी कोने में भूकंप के कारण यदि इतनी जानें जाती, जितना वायरल पोस्‍ट में दावा किया गया, तो घटना मीडिया की प्रमुख खबर बनती। लेकिन ऐसी कोई खबर कहीं नहीं थी। शुरुआत में ही हमें पता चल गया कि वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा पूरी तरह फर्जी है।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल क्लिप के बारे में जानकारी जुटाने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्‍स निकाले गए। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें कई सोशल मीडिया हैंडल्‍स और यूट्यूब पर वायरल वीडियो वाले फुटेज मिले। एक एक्‍स हैंडल पर 20 जुलाई 2023 को वायरल वीडियो के फुटेज को पोस्‍ट करते हुए इसे क्रोएशिया में 19 जुलाई 2023 को आए तूफान का बताया गया।

https://twitter.com/volcaholic1/status/1682037885846032391

एक यूट्यूब चैनल पर भी इस वीडियो को 19 जुलाई 2023 का ही बताया गया।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने कीवर्ड के जरिए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। हमें रायटर्स की वेबसाइट पर एक खबर मिली। 19 जुलाई 2023 को अपलोड इस खबर में तूफान के बारे में जानकारी देते हुए मौतों और नुकसान के बारे में बताया गया।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, दिल्‍ली की संवाददाता रीतिका मिश्रा से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल पोस्‍ट में किया गया दावा कोरी अफवाह है।

झूठ फैलाने के लिए वायरल पोस्‍ट में कुछ अन्‍य क्लिप का भी इस्‍तेमाल किया गया है। जिसके सोर्स के बारे में जानकारी नहीं मिली। हालांकि, यह तय है कि दिल्‍ली में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।

पड़ताल के अंत में हमने फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की । हमें इस अकाउंट के बारे में कोई खास जानकारी नहीं मिली।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट पूरी तरह बेबुनियाद साबित हुई। दिल्‍ली में भूकंप के कारण हजारों लोगों के मरने की बात में कोई सच्‍चाई नहीं है। विदेश के वीडियो को दिल्‍ली के नाम पर वायरल करके झूठ फैलाया जा रहा है।

  • Claim Review : दिल्‍ली में भूकंप से हजारों लोग मरे
  • Claimed By : IG User Akhliesh Kumar
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later