Fact Check: पीएम मोदी के सामने हाथ जोड़कर खड़े नेताओं की तस्वीर को भ्रामक दावे से किया जा रहा वायरल
पीएम मोदी और अन्य नेताओं की तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक साबित हुआ। असल में वायरल तस्वीर साल 2023 में डॉ भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर हुए एक कार्यक्रम के दौरान की है। पहले पीएम मोदी और सभी नेताओं ने तस्वीर खिंचवाई और जब वो लोग जाने लगे, तो सभी ने एक-दूसरे को हाथ जोड़कर नमस्कार करते हुए अभिवादन किया।
- By: Pragya Shukla
- Published: Apr 23, 2025 at 01:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी और कुछ नेताओं की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पीएम मोदी को नमस्कार करते हुए देखा जा सकता है। फोटो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी के आते ही सभी नेता हाथ जोड़कर खड़े हो गये।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। असल में वायरल तस्वीर साल 2023 में डॉ भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर हुए एक कार्यक्रम के दौरान की है। पहले पीएम मोदी और सभी नेताओं ने तस्वीर खिंचवाई और जब वो लोग जाने लगे, तो सभी ने एक-दूसरे को हाथ जोड़कर नमस्कार करते हुए अभिवादन किया। इसी तस्वीर को अब गलत दावों के साथ शेयर किया जा रहा है। पहले भी यह दावा वायरल हो चुका है। विश्वास न्यूज ने इसकी पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘नेहल अहमद’ ने वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “ये तस्वीर ही पूरी कहानी बयां करती है ” माननीय सर्वोच्च न्यायालय से ‘कठपुतलियों’ के ऐतराज व् आपत्तिजनक टिप्पणियों के वजह की ” … माननीय सांसद श्री गौरव गोगोई जी व् संविधान – लोकतंत्र में अटूट विश्वास रखने वाले हम लोगों की आशंका ” अगर भाजपा को लोकसभा चुनाव में ४०० सीटें आ जातीं तो क्या होता !” सही साबित होती.. संविधान के साथ – साथ तमाम संवैधानिक – लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं नेस्तनाबूद कर दीं जातीं , जम्हूरियत को जमूरा बना फासीवाद पूरे देश पर जबरन थोप दिया जाता।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ा एक वीडियो पीएम मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 6 दिसंबर 2023 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक,यह वीडियो डॉ भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर हुए एक कार्यक्रम का है। वीडियो में 8.40 मिनट पर पीएम मोदी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए आते हैं और अंबेडकर की तस्वीर पर फूल चढ़ाते हैं और उन्हें प्रणाम करते हैं। इसके बाद वो सभी नेताओं से मिलना और उनके साथ तस्वीर खिंचवाना शुरू करते हैं। इसी दौरान वो राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ भी तस्वीर खिंचवाते हैं। फिर सभी एक-दूसरे को हाथ जोड़कर नमस्कार करते हुए अभिवादन करते हैं। इसके बाद पीएम मोदी वहां से चले जाते हैं। इसी दौरान के एक पल को गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है।
पड़ताल के दौरान हमें डॉ. भीमराव अंबेडकर के 67वीं पुण्यतिथि से जुड़े कार्यक्रम का वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 6 दिसंबर 2023 को अपलोड हुआ मिला। इस वीडियो में भी सभी नेताओं को एक-दूसरे से हाथ जोड़कर नमस्कार करते हुए देखा जा सकता है।
जांच के समय हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें इस बात का जिक्र हो कि सभी नेता पीएम मोदी के आते ही हाथ जोड़कर खड़े हो गये।
विश्वास न्यूज ने पहले जब इस दावे का फैक्ट चेक किया था। उस दौरान हमने अधिक जानकारी के लिए उत्तर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अवनीश त्यागी से संपर्क किया था। उन्होंने वायरल दावे को गलत और छवि खराब करने के मकसद से शेयर किए जाने वाला बताया था।
अंत में हमने फोटो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को करीब छह हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को पंजाब का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में पीएम मोदी और अन्य नेताओं की तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक साबित हुआ। असल में वायरल तस्वीर साल 2023 में डॉ भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर हुए एक कार्यक्रम के दौरान की है। पहले पीएम मोदी और सभी नेताओं ने तस्वीर खिंचवाई और जब वो लोग जाने लगे, तो सभी ने एक-दूसरे को हाथ जोड़कर नमस्कार करते हुए अभिवादन किया। इसी तस्वीर को अब गलत दावों के साथ शेयर किया जा रहा है। पहले भी यह दावा वायरल हो चुका है। विश्वास न्यूज ने इसकी पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
- Claim Review : पीएम मोदी के सामने हाथ जोड़कर खड़े हुए सभी नेता।
- Claimed By : Nehal Ahmad
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












