X
X

Fact Check : विधायक के पुलिस को थप्पड़ मारने के दावे के साथ शेयर किया जा रहा पुराना और असंबंधित वीडियो

विधायक के पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने के दावे के साथ वायरल वीडियो गलत साबित हुआ। असल में दो वीडियो को एडिट कर वायरल वीडियो को बनाया गया है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर शख्स को थप्पड़ मारते हुए एक व्यक्ति का वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि मध्य प्रदेश में पुलिसकर्मी ने गोरक्षक के साथ बदसलूकी की। फिर विधायक ने पुलिस स्टेशन में जाकर उसे थप्पड़ मारा और सबक सिखाया।

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा गलत साबित हुआ। असल में दो वीडियो को एडिट कर वायरल वीडियो को बनाया गया है। पहला वीडियो महाराष्ट्र में हुई एक घटना का है, जब स्वाभिमानी शेतकारी संगठन के युवा शाखा के नेता मयूर बोर्डे ने बैंक कर्मचारी को थप्पड़ मारा था। वहीं, दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, दूसरा वीडियो हरियाणा के पानीपत का है। गोरक्षकों ने पुलिस पर गोतस्करों को छोड़ने का आरोप लगाया था। फिर पुलिस ने उनके साथ मारपीट की थी। इसके बाद आरोपित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई थी।

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर kumar_rahul_918 ने 6 मई 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। वीडियो पर लिखा हुआ है, “विधायक ने पुलिस को थाने में घुसकर सिखाया सबक।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। पहला वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट हमें टीवी9 मराठी की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 13 अगस्त 2024 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, वायरल वीडियो महाराष्ट्र के जालना जिले का है। वीडियो में दिख रहा शख्स शेतकरी संगठन के युवा जिला अध्यक्ष मयूर बोर्डे है। 

हमें दावे से जुड़ी एक अन्य न्यूज रिपोर्ट पुणे प्लस और इंडियन एक्सप्रेस की वेबसाइट पर 14 अगस्त 2024 को प्रकाशित मिली। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो महाराष्ट्र के जालना के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई एक घटना का है। दरअसल, शेतकरी संगठन के युवा जिला अध्यक्ष मयूर बोर्डे ने बैंक कर्मचारी के साथ मारपीट की थी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इस घटना को लेकर मयूर बोर्डे का पक्ष था कि बैंक मैनेजर किसानों को परेशान कर रहा था। वो किसानों की समस्याओं को लेकर मैनेजर के पास गए थे। लेकिन उसने उनकी बात नहीं सुनी और यह बात इतनी बढ़ गई की उन्होंने मैनेजर पर हाथ उठा दिया। बाद में मैनेजर ने इस घटना को लेकर एफआईआर दर्ज करवाई थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। 

हमें मयूर बोर्डे के सोशल मीडिया अकाउंट्स भी मिले। वहां पर मयूर बोर्डे ने खुद को शेतकरी संगठन का नेता बताया है।

दूसरे वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट हमें दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर एक महीने पहले प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के अनुसार, वायरल वीडियो हरियाणा के पानीपत का है। जहां पर एक गौरक्षक ने पुलिस पर आरोप लगाया था कि उन्होंने पशुओं से भरी दो गाड़ियों को पकड़वाया था। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं कि और उन्हें जाने दिया। इसके बाद विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने पुलिस पर रिश्वत से जुड़े आरोप भी लगाये थे। 

अमर उजाला की वेबसाइट पर 17 अप्रैल 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, “पानीपत में गौरक्षक दल के कार्यकर्ता के साथ मारपीट में मामले में एसपी ने सख्त एक्शन लिया है। एसपी ने दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। एसपीओ को बर्खास्त कर दिया गया। वहीं, पुलिस वैन के चालक को भी नौकरी से हटा दिया गया। एसपी से सभी पुलिसकर्मियों को हिदायत दी है कि किसी के साथ अभद्रता करने पर कार्रवाई की जाएगी।”

अधिक जानकारी के लिए हमने मयूर बोर्डे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। वो किसान और शेतकरी संगठन से जुड़े हुए हैं। बैंक मैनेजर कर्ज को लेकर किसानों को काफी समय से परेशान कर रहा था। जब किसान इस मामले को लेकर उनके पास गये तो वो बैंक में उनसे बातचीत करने के लिए गये थे। लेकिन वहां पर बहस हो गई और वो इतनी बढ़ गई कि गलती से उनका हाथ उठ गया।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर इसी तरह की फेक पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष :विश्वास न्यूज की जांच में विधायक के पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने के दावे के साथ वायरल वीडियो गलत साबित हुआ। असल में दो वीडियो को एडिट कर वायरल वीडियो को बनाया गया है। पहला वीडियो महाराष्ट्र में हुई एक घटना का है, जब स्वाभिमानी शेतकारी संगठन के युवा शाखा के नेता मयूर बोर्डे ने बैंक कर्मचारी को थप्पड़ मारा था। वहीं, दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक दूसरा वीडियो हरियाणा के पानीपत का है। गोरक्षकों के एक समूह ने पुलिस पर गोतस्करों को छोड़ने का आरोप लगाया था। इसके बाद आरोपित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई थी।

  • Claim Review : मध्य प्रदेश में विधायक ने पुलिस को थप्पड़ मारा।
  • Claimed By : Inst user kumar_rahul_918
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later