X
X

Fact Check : कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारने के पुराने वीडियो को आगामी बिहार चुनाव से जोड़ते हुए किया जा रहा शेयर 

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारने के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है। दरअसल, दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार को कुछ लोगों ने थप्पड़ मारा था।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: May 19, 2025 at 03:25 PM
  • Updated: May 19, 2025 at 06:42 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में जल्द विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में सभी पार्टियां इसकी तैयारी में लगी हुई हैं। इसी बीच कांग्रेस के नेता कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारते शख्स का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को हाल ही में बिहार में हुई घटना का बताते हुए शेयर किया जा रहा है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है। दरअसल, दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार को कुछ लोगों ने थप्पड़ मारा था। पुराने वीडियो को अब कुछ यूजर्स भ्रामक दावे के साथ बिहार चुनाव से जोड़कर शेयर कर रहे हैं।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर लोकेश आशा ने 17 मई 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “सुनो रे आज कन्हैया कुमार कुटाये गये है. ..पहले फूलों का हार पहनाया फिर दे कान पे दे कंटाप और दे कान पे दे कंटाप ओ नेहा भोजी अब तनिक कुछ गाओ ना अरे पैन्चो।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन फर्स्टपोस्ट के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 18 मई 2024 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारा गया।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर अन्य कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ईटीवी भारत की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 17 मई 2024 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार पर हमला हुआ था। वह न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करतार नगर चौथा पुस्ता स्थित पार्षद कार्यालय में अपने समर्थकों के साथ खड़े थे। तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और उन्होंने कन्हैया कुमार के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। हमलावरों ने पहले कन्हैया को माला पहनाई उसके बाद उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।”

न्यूज वेबसाइट आजतक पर 17 मई 2024 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, 2 लोगों ने एक वीडियो जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। उनका कहना था कि उन्होंने कन्हैया के देश और भारतीय सेना का अपमान करने पर ऐसा किया। इस मामले को लेकर नॉर्थ ईस्ट DCP ने जांच के आदेश दिये थे। उन्होंने कहा था कि सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल सभी वीडियो की जांच की जा रही है कि जिन लोगों ने शुरू में वीडियो शूट किया, वो लोग कौन थे और क्या उन्हें इसके बारे में पता था। इसकी जांच की जाएगी। इस दौरान ब्रह्मपुरी वार्ड की पार्षद छाया शर्मा के साथ भी बदसलूकी हुई थी।

न्यूज 18 की वेबसाइट पर 7 जून 2024 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, दक्ष चौधरी और अन्नू चौधरी को गाजियाबाद पुलिस ने कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के रिपोर्टर शुजाउद्दीन से संपर्क किया। हमने वायरल वीडियो को उनके साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो करीब एक साल पुराना है और लोकसभा चुनाव के दौरान हो रहे प्रचार का है। खुद को गो सेवक कहने वाले कुछ युवकों ने मारपीट की थी। उस दौरान ब्रह्मपुरी वार्ड की पार्षद छाया शर्मा ने युवक पर छेड़छाड़, रास्ता रोकने समेत कई धाराओं में प्राथमिकी की थी। कन्हैया ने पिटाई के बाद कार के रूफ पर चढ़कर लोगो को संबोधित किया था।

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को एक हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारने के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है। दरअसल, दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार को कुछ लोगों ने थप्पड़ मारा था। पुराने वीडियो को अब कुछ यूजर्स भ्रामक दावे के साथ बिहार चुनाव से जोड़कर शेयर कर रहे हैं।

  • Claim Review : कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को बिहार में हाल ही में एक शख्स ने मारा थप्पड़।
  • Claimed By : FB User Lokesh Asha
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later