Fact Check : बिहार के विधानसभा चुनाव का पुराना वीडियो गलत दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jun 3, 2025 at 04:42 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया में 30 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ महिलाओं को गालियां देते हुए भाजपा के पोस्टर और चुनाव चिह्न लगी गाड़ी को भगाते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को अभी का बताकर वायरल कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि बिहार में सिंदूर बांटने पहुंचे भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ यह सलूक किया गया है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। दरअसल पिछले बिहार विधानसभा चुनाव के वक्त के एक वीडियो को अब मई 2025 में वायरल करके झूठ फैलाया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर सोनू गोयल ने 31 मई को एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया, “बिहार में सिंदूर बाटने निकले है, महिलाओं के द्वारा शानदार स्वागत किया जा रहा है।”
वायरल पोस्ट के दावे को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो के बारे में जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें सबसे पुराना वीडियो Mustaq Choudhary नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर मिला। इसे 25 अक्टूबर 2020 को अपलोड करते हुए बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान का बताया गया।

पोस्ट में लिखा गया, “मुज़फ़्फ़रपुर के कुढ़नी से BJP विधायक केदार प्रसाद गुप्ता की प्रचार गाड़ी एक गाँव में पहुँची तो महिलाओं ने इतनी गंदी-गंदी गालियाँ दीं कि आप कल्पना भी नहीं कर सकते। महिलाओं ने गाड़ी पर पोस्टर फाड़ डाले और गाड़ी को उलटा भागने पर मजबूर कर दिया।”
जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल सर्च किया गया। कीवर्ड के जरिए गूगल ओपन सर्च करने पर हमें जनसत्ता अखबार की वेबसाइट पर एक खबर मिली। 25 अक्टूबर 2020 की खबर में बताया गया, “एक मामला मुजफ्फरपुर के कुढ़नी इलाके के एक गांव का सामने आया है। जहां भाजपा विधायक केदार प्रसाद गुप्ता की प्रचार गाड़ी पहुंची, तो गांव के लोग खासकर महिलाएं भड़क गए और उन्होंने गाली-गलौज कर प्रचार गाड़ी को वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।”

खबर में आगे लिखा गया, “दरअसल भाजपा विधायक केदार प्रसाद गुप्ता की प्रचार गाड़ी गांव में पहुंची थी। जैसे ही गाड़ी गांव में दाखिल होने लगी तो गांव के लोग गाड़ी के सामने आ गए और गालियां देकर उसे वापस जाने को कह दिया। कई महिलाएं गाड़ी के पास पहुंचकर भाजपा विधायक के खिलाफ भला-बुरा कहने लगीं। महिलाओं का कहना था कि पांच साल में अब वोट मांगने के समय उन्हें फिर से हमारी याद आयी है, लेकिन अब तक हमारी कोई सुध नहीं ली।”
विश्वास न्यूज ने पड़ताल के दौरान मुजफ्फरपुर के मनियारी रिपोर्टर उमेश झा से संपर्क किया। उनके अनुसार, वायरल वीडियो पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान का है। इसे फर्जी तरीके से ऑपरेशन सिंदूर से जोड़ते हुए भाजपा की ओर से सिंदूर बांटने की बात बताते हुए वायरल किया जा रहा है।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि ग्वालियर का यह यूजर इंदौर में रहता है। इसके फेसबुक पर करीब पांच हजार फ्रेंड हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। बिहार विधानसभा चुनावके पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : बिहार में सिंदूर बांटने पर भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई।
- Claimed By : FB User Sonu Goyal
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












