Fact Check : रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई में विराट-अनुष्का और शाहरुख़ खान के पहुंचने का दावा गलत है
विश्वास न्यूज की जांच में पता लगा कि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई में विराट कोहली, अनुष्का शर्मा और शाहरुख़ खान के शामिल होने का दावा गलत है। वायरल किया जा रहा वीडियो और तस्वीरें अलग-अलग समय की हैं और पुरानी है। जिन्हें अब हालिया बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Jun 16, 2025 at 06:49 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की सगाई 8 जून को लखनऊ में हुई। इस दौरान कई हस्तियों ने दोनों को आशीर्वाद दिया। इसी बीच विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का एक वीडियो और तस्वीर वायरल कर दावा किया जा रहा है कि दोनों रिंकू सिंह की सगाई में पहुंचे थे। अभिनेता शाहरुख़ खान की एक तस्वीर को भी रिंकू सिंह की सगाई का बताकर शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में वायरल दावों को गलत पाया। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का वायरल वीडियो मुंबई में हुए डिओर शो का है। वहीं, शाहरुख़ खान की रिंकू सिंह के परिवार के साथ शेयर की जा रही तस्वीर आईपीएल के दौरान की है। जिन्हें कुछ यूजर्स हालिया बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर Umesh Kumar ने (आर्काइव लिंक) 13 जून 2025 को एक वीडियो को पोस्ट करते हुए दावा किया, “रिंकू सिंह की सगाई में पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा”

krishna X Edits नाम के यूजर ने शाहरुख़ खान तस्वीर को शेयर किया है। 13 जून 2025 को की गई पोस्ट में दावा किया गया,”क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई के शुभ अवसर पर बॉलीवुड और लाखो दिलों की धड़कन शाहरुख खान रिंकू सिंह और उनके परिवार से मिलने आये”
पड़ताल
हमने सबसे पहले विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के वायरल वीडियो को लेकर सर्च किया। इसके लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें Koimoi के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 31 मार्च 2023 को अपलोड किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार, यह वीडियो मुंबई में हुए डिओर शो के दौरान का है।
हमें वीडियो Xtra Time के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। 31 मार्च 2023 को अपलोड वीडियो में बताया गया है कि यह वीडियो मुंबई में हुए डिओर शो का है।
वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां देखो।
विराट-अनुष्का फोटो :
हमने फोटो की जांच के लिए गूगल लेंस का इस्तेमाल किया। हमें दैनिक जागरण की वेबसाइट पर तस्वीर से जुड़ी खबर मिली। 16 जनवरी 2024 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”भारत के स्टार क्रिकेट विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया गया।”

सर्च के दौरान हमें वायरल तस्वीर के साथ जुड़ी कई और खबरें मिली, जिनमें बताया गया कि यह तस्वीर उस समय की है, जब विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण दिया गया था।
शाहरुख़ खान फोटो :
अभिनेता शाहरुख़ खान की तस्वीर को हमने संबंधित कीवर्ड के साथ सर्च किया। हमें rinkukumar12 के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिली। फोटो को 24 मार्च 2024 को अपलोड किया गया है।
latestly.com की वेबसाइट पर भी तस्वीर से जुड़ी खबर मिली। 24 मार्च 2024 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”आईपीएल के एक मैच के दौरान शाहरुख़ खान ने रिंकू सिंह के परिवार के साथ मुलाकात की, जिसकी तस्वीर रिंकू सिंह ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है।”
तस्वीर से जुड़ी अन्य खबरें यहां देखी जा सकती है।
हमने गूगल पर रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई को लेकर सर्च किया। हमें कई रिपोर्ट्स मिली, जिनमें सगाई में शामिल हुए मेहमानों के बारे में बताया गया है। पर हमें कहीं भी शाहरुख़ खान, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के शामिल होने का जिक्र नहीं मिला।
इस बारे में हमने लखनऊ में समाजवादी पार्टी को कवर करने वाले दैनिक जागरण के विशेष संवाददाता शोभित श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि विराट कोहली, अनुष्का शर्मा और शाहरुख़ खान के रिंकू सिंह की सगाई में शामिल होने का दावा गलत है।
इससे पहले रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई को लेकर एआई तस्वीरें वायरल की गई थी। जिनकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर को 9 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को ग़ाज़ियाबाद का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में पता लगा कि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई में विराट कोहली, अनुष्का शर्मा और शाहरुख़ खान के शामिल होने का दावा गलत है। वायरल किया जा रहा वीडियो और तस्वीरें अलग-अलग समय की हैं और पुरानी है। जिन्हें अब हालिया बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : रिंकू सिंह की सगाई में पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Umesh Kumar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












