Fact Check: RCB की जीत को ‘अपशकुन’ बताता यह ट्वीट गायक सोनू निगम का नहीं, बल्कि उन्हीं के नाम के एक वकील का है
सिंगर सोनू निगम के नाम से वायरल पोस्ट को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। दरअसल, एक्स पोस्ट को सिंगर सोनू निगम ने नहीं किया, बल्कि सोनू निगम सिंह नाम के यूजर ने किया है। अकाउंट के बायो में बताया गया है कि असल में सोनू निगम सिंह पेशे से क्रिमिनल लॉयर हैं।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jun 20, 2025 at 01:49 PM
- Updated: Jun 25, 2025 at 05:35 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर गायक सोनू निगम के नाम पर एक कथित पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में कहा जा रहा है कि जब से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इंडियन प्रीमियर लीग जीती है। उसके बाद से ही दुनिया में कुछ भी अच्छा नहीं हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि सिंगर सोनू निगम ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस पोस्ट को किया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल दावा गलत है। दरअसल, एक्स पोस्ट को सिंगर सोनू निगम ने नहीं किया, बल्कि सोनू निगम सिंह नाम के यूजर ने किया है। अकाउंट के बायो में बताया गया है कि सोनू निगम सिंह पेशे से क्रिमिनल लॉयर हैं। वहीं, सिंगर सोनू निगम सोशल एक्स पर एक्टिव नहीं है। उन्होंने खुद इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने इस एक्स हैंडल के साथ जुड़े होने का भी खंडन किया है।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर ‘ind84news’ ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “सिंगर सोनू निगम ने आरसीबी के आईपीएल जीतने को लेकर बड़ी ही भद्दी भाषा का इस्तेमाल करते हुए अपने सोशल मीडिया पर लिखा “जब से आरसीबी जीती है तबसे दुनिया में कुछ भी अच्छा नहीं हो रहा है”! सोनू निगम के इस सोच पर फैंस काफी नाराज़ दिख रहे हैं। बता दें कि आईपीएल सीजन 2025 आरसीबी पहली बार अपने नाम किया था जो करीब 17 सालों लगे।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने स्क्रीनशॉट को ध्यान से देखा। हमने पाया कि स्क्रीनशॉट पर यूजर की आईडी ‘@SonuNigamSin’ लिखा हुआ है। हमने एक्स पर इस आईडी के बारे में सर्च करना शुरू किया। हमें वायरल पोस्ट 16 जून 2025 को की हुई मिली।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने अकाउंट को खंगालना शुरू किया। बायो में मौजूद जानकारी के अनुसार, यूजर का नाम सोनू निगम सिंह है। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को बिहार का रहने वाला बताया है। साथ ही उसने बायो में खुद को पेशे से क्रिमिनल लॉयर बताया हुआ है। यूजर ने 18 जून 2025 को एक पोस्ट डालकर अपने अकाउंट के सिंगर सोनू निगम के पैरोडी अकाउंट होने का भी खंडन किया है।

गायक सोनू निगम के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालने पर हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। उन्होंने 4 फरवरी 2025 को एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया है कि वो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नहीं है और न ही वो सोनू निगम सिंह के अकाउंट से जुड़े हुए हैं।

अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई में बॉलीवुड को कवर करने वालीं दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि सोनू निगम एक्स पर नहीं है।
हमने सोनू निगम की पीआर टीम से भी संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह दावा गलत है। सोनू निगम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नहीं है।
यह पहली बार नहीं है, जब सिंगर सोनू निगम के नाम से इस तरह की फर्जी पोस्ट वायरल हुई हो। पहले भी इस तरह के दावे वायरल हो चुके हैं। अयोध्या में बीजेपी की हार को लेकर भी सिंगर सोनू निगम के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई थी। उसकी पड़ताल कर विश्वास न्यूज ने सच्चाई सामने रखी थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि सिंगर सोनू निगम के नाम से वायरल पोस्ट को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। दरअसल, एक्स पोस्ट को सिंगर सोनू निगम ने नहीं किया, बल्कि सोनू निगम सिंह नाम के यूजर ने किया है। अकाउंट के बायो में बताया गया है कि असल में सोनू निगम सिंह पेशे से क्रिमिनल लॉयर हैं। सिंगर सोनू निगम सोशल मीडिया एक्स पर एक्टिव नहीं है। उन्होंने खुद इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने इस एक्स हैंडल के साथ जुड़े होने का भी खंडन किया है।
- Claim Review : गायक सोनू निगम ने RCB की जीत को बताया 'अपशकुन'। ।
- Claimed By : Inst user ind84news
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












