Fact Check: बिहार में पुल हादसे के नाम पर वायरल वीडियो AI निर्मित है
विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि छपरा में पुल गिरने के नाम से वायरल वीडियो वास्तविक घटना का नहीं है। असल में इस वीडियो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है। जिसे असली समझकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Jun 25, 2025 at 02:19 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को पुल बनाते हुए देखा जा सकता है। तभी अचानक पुल नीचे गिर जाता है और लोग दब जाते हैं। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को असली घटना का समझकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह घटना बिहार के छपरा में हुई है। वीडियो को शेयर कर सरकार पर निशाना साधा जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में वायरल दावा को गलत पाया। असल में यह वीडियो किसी वास्तविक घटना का नहीं है, बल्कि सिंथेटिक है, जिसे एआई टूल्स की मदद से तैयार किया गया है। वीडियो को असली घटना का समझकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर RN News Live ने 20 जून 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। वीडियो को शेयर कर लिखा गया है,”बिहार में एक और घटना डबल इंजन की सरकार बिहार को बर्बाद कर के ही छोड़ेगी वैसे भी क्या किसी सरकारी अधिकारी या सांसद,मंत्री का बेटा थोड़ी न मारता है यह तो आम जनता हमेशा मारी जाती है।
सूत्रों के हवाले से यह जानकारी मिली है कि ये घटना छपरा जिला का है और कितने लोगों के साथ घटना घटी है अभी इसकी।जानकारी नहीं है।”
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है। वायरल पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल
वायरल वीडियो देखने में ही अविश्वसनीय लग रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहे लोग भी अजीब दिख रहे हैं। इसलिए हमें वीडियो के असली घटना का होने पर संदेह हुआ। हमने वीडियो को लेकर गूगल पर सर्च किया। हमें छपरा में ऐसी किसी घटना के होने की मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट निकाले और गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें @Dopamine-Billion नाम के यूट्यूब चैनल पर वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। 15 जून 2025 को अपलोड वीडियो में बताया गया है,”यह वीडियो वास्तविक घटना पर आधारित नहीं है। यह एक AI-जेनरेटेड काल्पनिक वीडियो है।”
हमें World Of AI-MASTER नाम के इस यूट्यूब चैनल पर एआई से बने कई वीडियो मिले।
जांच में आगे हमने वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स WasitAI की मदद से चेक किया। इस टूल ने वीडियो के एआई की मदद से बने होने की संभावना जताई।

हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट को एक अन्य एआई डिटेक्शन टूल decopy.ai की मदद से चेक किया। इस टूल ने फोटो के 99.33 फीसदी तक एआई जेनरेटेड होने की संभावना बताई।

हमने वीडियो को एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो असली नहीं है। इसे एआई की मदद से बनाया गया है। इसमें दिख रहे लोगों और पुल गिरने के बाद के दृश्य से साफ़ है कि यह वीडियो असली घटना का नहीं है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला करीबन 2 हजार लोग यूजर को फॉलो करते हैं।
विश्वास न्यूज के एआई सेक्शन पर ऐसे कई दावों से जुड़ी फैक्ट चेक रिपोर्ट को पढ़ सकते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि छपरा में पुल गिरने के नाम से वायरल वीडियो वास्तविक घटना का नहीं है। असल में इस वीडियो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है। जिसे असली समझकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : यह घटना बिहार के छपरा में हुई है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -RN News Live
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












