Fact Check: ईरान में मोसाद के लिए जासूसी के जुर्म में फांसी देने के दावे से वायरल हो रहा वीडियो फिल्म का सीन है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो एक फिल्म का सीन है। फिल्म शूटिंग के वीडियो को भ्रामक दावे के साथ मोसाद के लिए जासूसी के शक में फांसी दिए जाने के दावे से वायरल किया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Jul 2, 2025 at 03:00 PM
- Updated: Jul 2, 2025 at 04:50 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स को बुलडोजर पर खड़ा करके सरेआम फांसी देते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को इजरायल- ईरान तनाव से जोड़कर शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि ईरान ने मोसाद के लिए जासूसी के शक में कई यहूदियों को पकड़ा है और इस तरह सरेआम फांसी दी है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो एक फिल्म का सीन है। फिल्म शूटिंग के वीडियो को भ्रामक दावे के साथ मोसाद के लिए जासूसी के शक में फांसी दिए जाने के दावे से वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को 1 जुलाई को शेयर करते हुए लिखा, “ईरान में लगभग 7000 यहूदी रहते हैये सभी अपने देश ईरान के देशभक्त है ईरान की सेना में भी दो जनरल सहित कई बड़े पोस्ट पर भी ईरानी यहूदी हैएक ईरानी यहूदी ईरान में केबिनेट मंत्री भी हैलेकिन इजरायल से युद्ध समाप्त होने के बाद, ईरानी इस्लामिक शासन ने 700 से ज्यादा यहूदी ईरानियों को गिरफ्तार किया है, जो ईरान की संपूर्ण यहूदी आबादी का दसवां हिस्सा है। उन पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है कि वे ‘मोसाद एजेंट’ हैं और उन्हें क्रेन पर सरेआम लटकाया जा रहा है।विश्व मानवाधिकार के लोग कहां है? ???”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की- फ्रेम्स को सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें वीडियो ‘इरानियन अरबिक’ नाम के एक एक्स हैंडल पर इसी सामान्य दावे के साथ 29 जून को अपलोड किया हुआ मिला। इसी एक्स पोस्ट के कमेंट में इस वीडियो को किसी ने फिल्म की शूटिंग का बताया है।
इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें Alireza Donyadide नाम के एक यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। 16 अप्रैल 2024 को अपलोड हुए वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, स्टंट का यह दृश्य एक फिल्म का सीन है।
वहीं, Alireza Donyadide के यूट्यूब चैनल पर दी गई जानकारी के अनुसार, वह फिल्मों में स्टंट करते हैं। इस यूट्यूब चैनल पर हमें और भी कई शॉट्स मिले।
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने ईरान की पत्रकार फातिमा करीम खान से सम्पर्क किया और वायरल वीडियो उनके साथ शेयर की। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो यहां भी वायरल है, लेकिन यह किसी फिल्म का हिस्सा है, असली नहीं।
17 जून की सीएनएन की खबर के मुताबिक, “ईरान ने जासूसी के संदेह में दर्जनों लोगों को गिरफ्तार किया है। इस्लामी गणराज्य में इजरायल की मोसाद खुफिया सेवा द्वारा घुसपैठ की आशंका बढ़ रही है।”
फ़्रांस 24 इंग्लिश की 26 जून 2025 की खबर के अनुसार, “ईरान ने 25 जून को इजराइल के लिए जासूसी करने के दोषी पाए गए तीन लोगों को फांसी पर लटका दिया, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से ऐसे आरोपों में फांसी पर लटकाए गए लोगों की संख्या छह हो गई है।”
इजरायल- ईरान संघर्ष को लेकर इससे पहले भी सोशल मीडिया पर ईरान में मोसाद के लिए जासूसी के शक में भारतीय के पकडे जाने की तस्वीर वायरल हो रही थी। हालांकि, विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में उस तस्वीर और दावे को भी फर्जी पाया था। हमारा फैक्ट चेक यहां पढ़ा जा सकता है।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को तकरीबन साढ़े चार हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो एक फिल्म का सीन है। फिल्म शूटिंग के वीडियो को भ्रामक दावे के साथ मोसाद के लिए जासूसी के शक में फांसी दिए जाने के दावे से वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : मोसाद के लिए जासूसी के शक में कई यहूदियों को पकड़ा है और इस तरह सरेआम फांसी दी है।
- Claimed By : FB Page- Shukla Youraj
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












