X
X

Fact Check : काबुल में भारतीय दूतावास पर हालिया हमले के नाम पर वायरल हो रही तस्वीरें पुरानीं हैं

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। पहली तस्वीर साल 2009 में काबुल में भारतीय दूतावास पर हुए हमले की है वहीं दूसरी तस्वीर साल 2017 में  जर्मन दूतावास पर काबुल में हुए हमले से सम्बंधित है। इसके अलावा ऐसी कोई भी आधिकारिक या विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे काबुल में भारतीय दूतावास पर हालिया हमले से जुड़ी कोई जानकारी हो।

  • By: Umam Noor
  • Published: Jul 9, 2025 at 06:06 PM
  • Updated: Jul 9, 2025 at 06:21 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर दो तस्वीरों का एक कोलाज वायरल हो रहा है, जिसमें टूटी हुई बिल्डिंग देखी जा सकती है। वहीं, पहली तस्वीर में एक महिला भी बिल्डिंग के बाहर जायजा लेते हुए नजर आ रही है। पोस्ट को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि हाल ही में अफगानिस्तान के काबुल में भारतीय दूतावास पर हमला हुआ है और यह उसी की तस्वीरें हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। पहली तस्वीर साल 2009 में काबुल में भारतीय दूतावास पर हुए हमले की है वहीं दूसरी तस्वीर साल 2017 में जर्मन दूतावास पर काबुल में हुए हमले से सम्बंधित है। इसके अलावा ऐसी कोई भी आधिकारिक या विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे काबुल में भारतीय दूतावास पर हालिया हमले से जुड़ी कोई जानकारी हो।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “काबुल में भारतीय दूतावास पर कायराना हमला। हर भारतीय का दिल उन बहादुरों के लिए धड़क रहा है जिन्होंने देश के लिए जान की बाज़ी लगाई। आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने यह जानने की कोशिश की कि क्या काबुल में भारतीय दूतावास पर कोई हालिया हमला हुआ है। न्यूज सर्च किये जाने पर हमें इस मामले से जुड़ी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली। पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने काबुल के भारतीय दूतावास के सोशल मीडिया हैंडल फेसबुक और एक्स को स्कैन किया। हमें आखिरी पोस्ट अगस्त 2021 को हुई मिली।

इसी कड़ी में हम काबुल में भारतीय दूतावास की आधिकारिक वेबसाइट पर पहुंचे। हालांकि, वहां भी हमें किसी हालिया हमले के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।  

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल पोस्ट में इस्तेमाल की गई दोनों ही तस्वीरों की अलग- अलग पड़ताल करने का फैसला किया।

पहली तस्वीर

पहली तस्वीर को गूगल लेंस के जरिए न्यूज सर्च किये जाने पर हमें यह तस्वीर फोटो एजेंसी अलामी डॉट कॉम पर अपलोड की हुई मिली। यहां तस्वीर के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, “भारतीय विदेश सचिव निरुपमा राव अफगानिस्तान में भारतीय राजदूत जयंत प्रसाद के साथ भारतीय दूतावास का दौरा करते हुए। यह दूतावास गुरुवार को अफगानिस्तान के काबुल में आत्मघाती कार बम हमले का निशाना बना था। शुक्रवार, 9 अक्टूबर, 2009 को तस्वीर ली गई है।

इस मामले से जुड़ी खबर हमें सीबीएस की वेबसाइट पर भी मिली। अक्टूबर, 2009 की खबर के अनुसार, “शुक्रवार 9 अक्टूबर, 2009 को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में भारतीय दूतावास के पास हुए बम विस्फोट में इमारत नष्ट हुई। तालिबान ने अफगानिस्तान की राजधानी में गुरुवार को हुए आत्मघाती कार बम विस्फोट की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि उनका लक्ष्य दूतावास था।”

 दूसरी तस्वीर

दूसरी तस्वीर को गूगल लेंस के जरिये सर्च किये जाने पर हमें यह फोटो एनबीसी न्यूज़ की वेबसाइट पर पहली जुलाई 2017 को अपलोड हुई मिली। जानकारी के अनुसार, यह फोटो काबुल में जर्मन एम्बेसी की है।  

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और यह तस्वीर जर्मनी की वेबसाइट डॉयचे वेले (डीडब्ल्यू) पर छपे आर्टिकल में मिली। यहां तस्वीर के साथ बताया गया कि यह 31 मई 2017 को काबुल में मौजूद जर्मन दूतावास पर हुए हमले से सम्बंधित है।

वॉइस ऑफ अमेरिका की इस मामले पर खबर के अनुसार, “31 मई 2017 को अफगानिस्तान के काबुल में जर्मन दूतावास के पास विस्फोट हुआ।”

वायरल पोस्ट से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने अफगानिस्तान के पत्रकार जावेद तनवीर से संपर्क किया और वायरल पोस्ट उनके साथ शेयर की। उन्होंने हमें बताया कि हाल के समय में  काबुल में भारतीय दूतावास पर कोई हमला नहीं हुआ है।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि रिपोर्ट लिखे जाने तक यूजर के 35 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। पहली तस्वीर साल 2009 में काबुल में भारतीय दूतावास पर हुए हमले की है वहीं दूसरी तस्वीर साल 2017 में  जर्मन दूतावास पर काबुल में हुए हमले से सम्बंधित है। इसके अलावा ऐसी कोई भी आधिकारिक या विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे काबुल में भारतीय दूतावास पर हालिया हमले से जुड़ी कोई जानकारी हो।

  • Claim Review : हाल ही में अफगानिस्तान के काबुल में भारतीय दूतावास परहमला हुआ है और यह उसी की तस्वीरें हैं।
  • Claimed By : FB User- News of World
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later