X
X

Fact Check : पानी से भरी सड़क पर हाई-वोल्टेज तार के स्पार्क होने का यह वीडियो वियतनाम का है

विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि पानी से भरी सड़क में आग लगने के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे इस वीडियो का भारत या दिल्ली से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो वियतनाम का है। जिसे अब दिल्ली का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Aug 1, 2025 at 06:10 PM
  • Updated: Aug 19, 2025 at 05:54 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जलमग्न सड़क पर इलेक्ट्रिकल स्पार्क होते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में लोगों को गाडी लेकर खड़े हुए देखा जा सकता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो दिल्ली का है। इसी के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का एक कथित बयान भी मौजूद है, जिसमें कहा गया है कि जो दिल्ली आना चाहते हैं, वे अपने भरोसे पर आएं।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की पड़ताल की और दावे को भ्रामक पाया। सड़क पर स्पार्क होती तार का यह वीडियो दिल्ली का नहीं है। असल में वीडियो वियतनाम का है, जब बारिश के बाद एक हाई-वोल्टेज बिजली तार टूटकर पानी से भरी सड़क पर गिर गई थी, जिसकी वजह से वहां पर स्पार्क हो गया था और आग लग गई थी। वीडियो को अब दिल्ली का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। साथ ही रेखा गुप्ता का अपने भरोसे पर दिल्ली आने का बयान कुणाल कामरा के दिल्ली में शो किए जाने को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब से संबंधित है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘Jamil AIMIM’ ने (आर्काइव लिंक ) 31 जुलाई 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “दिल्ली वालो को मौत से डर नहीं लगता ,,तभी तो रेखा गुप्ता ने बोला था दिल्ली आओ तो अपने भरोसे आना #viralreelsfacebook #trendingvideo #highlight #follow #share”

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

हमने वीडियो की पड़ताल के लिए गूगल लेंस का इस्तेमाल किया। वीडियो के स्क्रीनशॉट निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो vov.gov.vn नामक एक वेबसाइट पर मिला। 10 अक्टूबर 2024 को प्रकाशित खबर में इस वीडियो को वियतनाम के कैन थो शहर का बताया गया है।

हमें /soha.vn नाम की वेबसाइट पर वीडियो से जुड़ी खबर मिली। 17 अक्टूबर 2024 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”भारी बारिश के कारण कैन थो शहर के मध्य क्षेत्र की सड़कों पर गहरा जलभराव हो गया था। इस दौरान हाई वोल्टेज तार टूटकर गहरे पानी से भरी सड़क पर गिर गई और उसमे से चिंगारी निकलने लगी। कई लोग अपने वाहन लेकर सुखी जगह पर खड़े हो गए। उसके बाद बिजली काटने के लिए अधिकारियों को सूचित किया गया।”

वीडियो से जुड़ी अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।

पहले भी यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस समय इसे बेंगलुरु के नाम से शेयर किया गया था। अधिक पुष्टि के लिए हमने वीडियो को बेंगलुरु के पत्रकार यासिर खान के साथ शेयर किया था। उन्होंने हमें बताया था कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो बेंगलुरु का नहीं है।

पड़ताल में आगे हमने सीएम रेखा गुप्ता के बयान को लेकर सर्च किया। सर्च करने पर हमें बारिश और बाढ़ को लेकर रेखा गुप्ता का ऐसा कोई बयान नहीं मिला। हालांकि, सर्च के दौरान हमें news18.com की वेबसाइट पर एक खबर मिली। 27 जून 2025 को प्रकाशित खबर में वायरल बयान मिला। खबर में बताया गया,” एक इवेंट के दौरान रेखा गुप्ता से पूछा गया कि क्या वो कुणाल कामरा जैसे स्टैंड-अप कॉमेडियन को दिल्ली में शो करने देंगी। खासकर जब वो प्रधानमंत्री या अन्य नेताओं पर चुटकी लें। इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा था, “वो आ सकते हैं, लेकिन अपने रिस्क पर. दिल्ली के लोग उन्हें सुनेंगे।”

हालांकि, एक अन्य रिपोर्ट में भी उनका यह बयान मिला।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला यूजर को 9 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को बिहार के बेगूसराय का बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि पानी से भरी सड़क में आग लगने के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे इस वीडियो का भारत या दिल्ली से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो वियतनाम का है। जिसे अब दिल्ली का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : हाई-वोल्टेज तार के स्पार्क होने का यह वीडियो दिल्ली का है।
  • Claimed By : FB User-Jamil AIMIM
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later