Fact Check : दिल्ली में वरुण धवन की पिटाई का दावा फेक, मुंबई का वीडियो फर्जी दावे से वायरल
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत निकला। दिल्ली में अभिनेता वरुण धवन की पिटाई के दावे से वायरल वीडियो असल में मुंबई का है। कुछ लोग मुंबई के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Aug 12, 2025 at 07:56 AM
- Updated: Aug 12, 2025 at 05:42 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर अभिनेता वरुण धवन का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को वरुण का वीडियो बनाते हुए देखा जा सकता है। अब कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि दिल्ली में वरुण धवन की पिटाई हुई है। कई यूजर्स इस वीडियो को वरुण धवन पर हमले के दावे से भी शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा गलत साबित हुआ। वरुण धवन का यह वीडियो दिल्ली का नहीं है, बल्कि मुंबई के वर्सोवा जेट्टी का पुराना वीडियो है। जिसे अब कुछ यूजर्स हालिया बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल
इंस्टाग्राम यूजर bjeshruchi ने वीडियो को पोस्ट करते हुए दावा किया, “Varun dhavan ki delhi में पिटाई”
कई यूजर्स ने इसे समान दावे के साथ शेयर किया है। आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले संबंधित कीवर्ड से सर्च किया। हमें दावे की पुष्टि करती कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। वरुण धवन बॉलीवुड का एक बड़ा नाम हैं, अगर उनके साथ ऐसा कुछ भी हुआ था, तो यह न्यूज सुर्ख़ियों में होती। पर हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो @VarinderChawla के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो 28 फरवरी 2025 को अपलोड किया गया है। वीडियो में ऐसा कुछ नहीं मिला, जैसा कि वायरल वीडियो में दावा किया गया है।
सर्च के दौरान हमें @indianexpress के यूट्यूब चैनल पर भी वीडियो मिला। 28 फरवरी 2025 को अपलोड वीडियो में बताया गया वर्सोवा जेट्टी पर देखे गए वरुण धवन”
हमें filmymantramedia के वेरिफाइड इंस्टाग्राम हैंडल पर भी वीडियो मिला। वीडियो को 27 फरवरी 2025 को अपलोड किया गया है। वीडियो में इसे होली का रंग बताया गया है।
हमने वरुण धवन के सोशल मीडिया हैंडल को चेक किया। वरुण ने 11 अगस्त 2025 यानी आज के दिन कुछ तस्वीरें शेयर की हैं।

वायरल पोस्ट से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने मुंबई में बॉलीवुड को कवर करने वाली दैनिक जागरण की वरिष्ठ पत्रकार स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि ऐसी कोई खबर उनकी नजर में नहीं आई है। वरुण इस समय बॉर्डर 2 फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं।
अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को इंस्टाग्राम पर एक लाख 21 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत निकला। दिल्ली में अभिनेता वरुण धवन की पिटाई के दावे से वायरल वीडियो असल में मुंबई का है। कुछ लोग मुंबई के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
- Claim Review : Varun dhavan ki delhi में पिटाई
- Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर -bjeshruchi
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












