Fact Check: मोहम्मद सिराज के स्वागत की यह तस्वीर भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज की नहीं, बल्कि टी 20 वर्ल्ड कप 2024 की है
विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि मोहम्मद सिराज के स्वागत की वायरल तस्वीर साल 2024 की है, जब टी 20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद मोहम्मद सिराज अपने घर हैदराबाद पहुंचे थे। फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया था। उसी तस्वीर को इंडिया-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Aug 13, 2025 at 04:38 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लंदन में भारत-इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 की पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली गई। जिसमें टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की है। यह सीरीज़ 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुई और 5वें टेस्ट में भारत ने 6 रन से जीत हासिल की है। इसी बीच सोशल मीडिया पर भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें उन्हें तिरंगा झंडा पकड़े देखा जा सकता है। अब कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इस फोटो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-2 से बराबरी के बाद मोहम्मद सिराज का हैदराबाद में जोरदार स्वागत किया गया। यूजर्स इस फोटो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा गलत साबित हुआ। यह तस्वीर साल 2024 की है, जब वर्ल्ड कप जीतने के बाद मोहम्मद सिराज अपने होमटाउन हैदराबाद पहुंचे थे और फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया था। उसी तस्वीर को अब हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर Sufiyan Chaudhary ने पोस्ट को शेयर करते हुए दावा किया, “इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज 2-2 से बराबरी के बाद मोहम्मद सिराज जब अपने घर हैदराबाद लौटे तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। बधाई…#mohammadsiraj #MohammedSiraj”
कई यूजर्स ने इसे समान दावे के साथ शेयर किया है। आकाईव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल
वायरल तस्वीर की पड़ताल के लिए हमने गूगल लेंस का इस्तेमाल किया। हमें दैनिक भास्कर के वेरिफाइड इंस्टाग्राम हैंडल पर फोटो अपलोड मिली। 6 जुलाई 2024 को शेयर की गई गई पोस्ट में बताया गया,”तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज वर्ल्ड कप जीतने के बाद पहली बार अपने होमटाउन हैदराबाद पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में फैंस ने उनका स्वागत किया।”
हमें newsnationtv की वेबसाइट पर तस्वीर से जुड़ी खबर मिली। खबर को 6 जुलाई 2024 को प्रकाशित किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार,”टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जितने के बाद घर लौटे भारतीय टीम के खिलाड़ी मोहम्मद सिराज का हैदराबाद में ग्रैंड वेलकम किया गया। सिराज के स्वागत के लिए भीड़ उमड़ पड़ी थी। वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।”
Siasat Daily के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर वायरल तस्वीर से जुड़ी वीडियो रिपोर्ट मिली। 5 जुलाई 2024 को अपलोड वीडियो में बताया गया,”टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद घर पहुंचे मोहम्मद सिराज का हैदराबाद में फैंस ने जोरदार स्वागत किया।”
वायरल तस्वीर से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ी जा सकती हैं।
जांच में आगे हमने मोहम्मद सिराज के बारे में सर्च किया। दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 6 अगस्त 2025 को प्रकाशित खबर में बताया गया,हाल ही में समाप्त हुई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के बाद हैदराबाद पहुंचे मोहम्मद सिराज का जोरदार स्वागत हुआ। खबर में एक वीडियो भी मौजूद है।
हमने फोटो को हैदराबाद के स्थानीय रिपोर्टर श्री हर्षा के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि तस्वीर हैदराबाद की है, पर अभी की नहीं है। यह तस्वीर टी 20 वर्ल्ड कप के समय की है।
अंत में हमने फोटो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को फेसबुक पर 20 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि मोहम्मद सिराज के स्वागत की वायरल तस्वीर साल 2024 की है, जब टी 20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद मोहम्मद सिराज अपने घर हैदराबाद पहुंचे थे। फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया था। उसी तस्वीर को इंडिया-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : मोहम्मद सिराज के स्वागत की यह तस्वीर हालिया है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -Sufiyan Chaudhary
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












