Fact Check : खली का नहीं हुआ एक्सीडेंट, 2016 की पुरानी Photo के जरिए फैलाया गया झूठ
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। खली एकदम सही हैं और स्वस्थ हैं।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Aug 15, 2025 at 05:45 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। द ग्रेट खली के नाम से ख्यात दिलीप सिंह राणा के एक्सीडेंट के नाम पर सोशल मीडिया में एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि देर रात उनका एक्सीडेंट हो गया है। उनकी हालत गंभीर है। पोस्ट में खली की दो तस्वीरों का भी इस्तेमाल किया गया है।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। खली एकदम स्वस्थ हैं। वायरल पोस्ट में इस्तेमाल की गई खली की तस्वीर उस वक्त की है, जब 24 फरवरी 2016 को हल्दानी में एक प्रोफेशनल फाइट के दौरान उन्हें चोट लगने के बाद देहरादून ले जाया गया था। उसी वक्त की दो तस्वीरों का अब इस्तेमाल करते हुए झूठ फैलाया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक पेज दिल की बात ने 14 अगस्त को एक पोस्ट करते हुए दावा किया, “भारत के महान पहलवान जिनका कद 7″4 फूट है, कल रात उनका एक्सीडेट होने की वजह से हालत नाजुक है, उनके बच्चों ओर बीवी के लिए दुख की घड़ी है, सब मिलकर ग्रेट खली के लिए दुआ करें।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने पड़ताल की शुरुआत गूगल ओपन सर्च टूल के जरिए की। यदि खली का एक्सीडेंट हुआ होता, तो वह जरूर खबरों में आता। लेकिन गूगल सर्च के दौरान हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो वायरल दावे की पुष्टि कर सके।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल लेंस टूल का इस्तेमाल किया । वायरल तस्वीरों को इसके माध्यम से सर्च करने पर हमें दोनों तस्वीरें गेट्टी इमेज की वेबसाइट पर मिली। तस्वीरों के कैप्शन में बताया गया कि द ग्रेट खली का 24 फरवरी, 2016 को हल्द्वानी में एक पेशेवर मुकाबले के दौरान सिर और गर्दन में चोट लगने के बाद इलाज के लिए देहरादून लाया गया।


विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए खली से संपर्क किया। उन्होंने वायरल पोस्ट को फर्जी बताया।
खली ने अपने फेसबुक पेज पर 14 अगस्त की रात को एक वीडियो अपलोड करते हुए पूरी सच्चाई बताई । उन्होंने वीडियो में बताया कि उनके एक्सीडेंट के नाम पर फर्जी खबर वायरल हो रही है। उस पर यकीन न करें।
जांच के अंतिम चरण में फर्जी पोस्ट करने वाले पेज की जांच की गई। पता चला कि इस पेज को 77 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। पेज हरिद्वार से संचालित होता है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में खली के एक्सीडेंट के नाम पर वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। उनकी 2016 की पुरानी तस्वीरों के जरिए झूठ फैलाने की कोशिश की गई। खली एकदम स्वस्थ हैं।
- Claim Review : खली का एक्सीडेंट
- Claimed By : FB Page Dil ki Baat
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












