X
X

Fact Check: सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज का पुराना वीडियो भ्रामक दावे से वायरल

विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो प्रयागराज का साल 2021 का है, जब सपा कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। उसी वीडियो को अब हालिया बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल में हाल ही में जेन जी ने हिंसक प्रदर्शन किया था, जिसके बाद वहां अंतरिम सरकार गठित हो चुकी है। अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसवालों को कुछ लोगों की बेहरहमी से पिटाई करते  हुए देखा जा सकता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि सपा कार्यकर्ताओं ने नेपाल की तरह यहां प्रदर्शन किया तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो जुलाई 2021 के पंचायत चुनाव के दौरान का है। जब प्रयागराज में सपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। वीडियो को हालिया बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर ‘Yogi Ka New Up’ ने (आर्काइव लिंक) 14 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है और लिखा है,”लाल टोपी चले थे नेपाल बनाने, क्या हश्र हुआ खुद देख लीजिए”

सोशल मीडिया पर कई अन्य यूजर्स ने भी इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया है।

https://twitter.com/mahadev_1611/status/1967094812878008441

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ABP Ganga के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 3 जुलाई 2021 को अपलोड किया गया था। वीडियो के डिस्क्रिप्शन में दी गई जानकारी के अनुसार,”Uttar Pradesh से Zila Panchayat president chunav के नतीजे सामने आ रहे हैं। इस बीच प्रयागराज से पुलिस के साथ झड़प की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि नतीजे आने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर कुर्सियां फेंकी है। वहीं,पुलिस ने भी जमकर लाठीचार्ज किया।”

हमें वीडियो समाजवादी पार्टी के आधिकारिक फेसबुक पेज पर मिला। 3 जुलाई 2021 को शेयर वीडियो के साथ लिखा गया है,”प्रयागराज में मुख्यमंत्री के आदेश पर सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस का बर्बर लाठीचार्ज घोर निंदनीय!

सत्ता के दमन से मिली जीत का खोखला जश्न ज्यादा दिन तक न चल पाएगा।

प्रदेश का युवा, किसान, महिलाएं, बेटियां 2022 में सपा सरकार बनायेंगे।”

वीडियो से जुड़ी खबर नवभारत टाइम्स की एक खबर में भी मिली। रिपोर्ट को 3 जुलाई 2021 को प्रकशित किया गया है। खबर के अनुसार,” यह वीडियो यूपी के प्रयागराज का है, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मतगणना में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया था। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे एसपी कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।”

वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य रिपोर्ट्स यहां देखें।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच के दौरान अपने सहयोगी दैनिक जागरण, प्रयागराज के संपादकीय प्रभारी राकेश पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो पुराना है। असल में सपा कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। वीडियो उसी का है।”

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर को 5 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को गोरखपुर का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो प्रयागराज का साल 2021 का है, जब सपा कार्यकर्ताओं ने जिला पंचायत चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। उसी वीडियो को अब हालिया बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : सपा कार्यकर्ताओं ने नेपाल की तरह भारत में प्रदर्शन किया तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया।
  • Claimed By : FB User-Yogi Ka New Up
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later