Fact Check: मुंबई एयरपोर्ट के रनवे पर आमने-सामने आए दो विमानों का पुराना वीडियो वायरल
विश्वास न्यूज ने जांच में पाया की मुंबई एयरपोर्ट का वायरल किया जा रहा वीडियो हालिया नहीं है। वीडियो जून 2024 का है,जब मुंबई एयरपोर्ट पर एअर इंडिया और इंडिगो के विमान एक ही रनवे पर आ गए थे। उसी वीडियो को हालिया बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Sep 19, 2025 at 05:27 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक न्यूज रिपोर्ट का वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है। वीडियो में एंकर को कहते हुए सुना जा सकता है कि मुंबई एयरपोर्ट पर एअर इंडिया और इंडिगो के विमान एक ही रनवे पर आ गए। जिस कारण बड़ा हादसा हो सकता था, पर हादसा होने से बच गया। वीडियो को अब कुछ यूजर्स हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो जून 2024 का है, जब मुंबई एयरपोर्ट के रनवे पर एअर इंडिया और इंडिगो के विमान एक-दूसरे के करीब आ गए थे। लेकिन जब तक इंडिगो का विमान एअर इंडिया के विमान के पास पहुंचा, तब तक वह उड़ान भर चुका था। उसी वीडियो क्लिप को हलिया बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल
सोशल मीडिया यूजर ने (आर्काइव लिंक) 18 सितंबर 2025 को वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,”Mumbai Airport Per Hadsa Tala”

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो को हमने सबसे पहले टीवी 9 भारतवर्ष के यूट्यूब चैनल पर सर्च किया। हमें वीडियो 10 जून 2024 को अपलोड किया हुआ मिला। दी गई जानकारी के अनुसार, “मुंबई एयरपोर्ट पर एअर इंडिया और इंडिगो के विमान एक ही रनवे पर आ गए, उसी रनवे पर जहां इंडिगो का विमान लैंडिंग कर रहा था। ठीक उसके सामने कुछ ही दूरी पर एअर इंडिया का प्लेन उड़ान भर रहा था। दोनों विमानों के बीच दूरी इतनी कम थी कि ये बड़े हादसे की वजह बन सकती थी।”
सर्च के दौरान वीडियो से जुड़ी खबर हमें मिड डे की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 9 जून 2024 को प्रकाशित किया गया था। खबर में बताया गया,”मुंबई एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा होने से बच गया। इसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मुंबई एयरपोर्ट के रनवे पर एअर इंडिया और इंडिगो के विमान एक-दूसरे के करीब देखा जा सकता है। हालांकि, जब तक इंडिगो का विमान एअर इंडिया विमान के करीब पहुंचा, तब तक वह उड़ान भर चुका था। इससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।”
नवभारत टाइम्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी वीडियो रिपोर्ट मिली। 9 जून 2024 को अपलोड वीडियो में बताया गया,”मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होने से बच गया है। एयरपोर्ट पर एक ही रनवे पर एक ही समय पर दो विमान आ गए। इस दौरान सैकड़ों यात्रियों की जान पर बन आई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें रनवे पर एक विमान उतर रहा है। वहीं उसके आगे दूसरा विमान उड़ान भरता दिख रहा है। दोनों विमानों का इस तरह टेक ऑफ और लैंडिंग करना बेहद खतरनाक है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई एयरपोर्ट के रनवे पर एअर इंडिया और इंडिगो के विमान एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए थे।”
वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें। इसके बाद हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया, लेकिन हाल-फिलहाल में हुई इस तरह की घटना की कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
वीडियो की पुष्टि के लिए हमने मिड-डे के सीनियर रिपोर्टर समीउल्लाह खान से संपर्क किया। उन्होंने बताया, मुंबई एयरपोर्ट का यह वीडियो पुराना है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को 29 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया की मुंबई एयरपोर्ट का वायरल किया जा रहा वीडियो हालिया नहीं है। वीडियो जून 2024 का है,जब मुंबई एयरपोर्ट पर एअर इंडिया और इंडिगो के विमान एक ही रनवे पर आ गए थे। उसी वीडियो को हालिया बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : मुंबई एयरपोर्ट का हालिया वीडियो।
- Claimed By : FB User-Ñãtúré Løv£r ब्रम्हचारी
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












