Fact Check: ओडिशा में आए तूफान का पुराना वीडियो आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्णब का बताकर वायरल
चक्रवाती तूफान अर्णब का आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत कुछ अन्य राज्यों में असर दिखा है। इसकी वजह से आंध्र में पांच लोगों की मौत हुई है। हालांकि, वायरल हो रहा वीडियो मार्च 2026 में ओडिशा में आए तूफान का है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Oct 29, 2026 at 03:35 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। साइक्लोन ‘अर्णब’ का कहर आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना समेत देश के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। इसकी वजह से आंध्र प्रदेश में पांच लोगों की मौत हुई है। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें काफी तेज रफ्तार हवा का असर देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे आंध्र प्रदेश में अर्णब चक्रवात का वीडियो बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि यह वीडियो ओडिशा में मार्च 2026 में आए तूफान का है। इसका चक्रवाती तूफान अर्णब से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
एक्स यूजर ‘Syed Asif Raza Jafri’ ने 28 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ की रफ़्तार देखिये। पूरे इलाके में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम खराब है।”
पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसके कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। एक्स यूजर ‘Indian Gems’ ने 16 मार्च 2026 को वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “ओडिशा में 170 km/h की हवा की गति वाला एक बहुत ही दुर्लभ बवंडर आया। ओडिशा में मेरे परिवार ने चक्रवातों के अलावा, अपनी पूरी जिंदगी में कभी ऐसा कुछ नहीं देखा था। दोस्तों, जलवायु परिवर्तन सच है।”
‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की वेबसाइट पर 16 मार्च 2026 को अपलोड किए गए वीडियो न्यूज में भी वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, “ओडिशा के मयूरभंज जिले में एक चक्रवाती तूफान (नॉरवेस्टर) ने भारी तबाही मचाई, जिसमें कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। तूफान की वजह से 100 से अधिक घर प्रभावित हुए। पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और इलाके की सड़कें अवरुद्ध हो गईं। करंजिया क्षेत्र का ‘किया’ गांव सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ, जबकि पानपसी और डुमुरिया में भी काफी नुकसान की खबर है।”

यूट्यूब पर तेलुगु न्यूज चैनल ‘TV5 News’ पर 17 मार्च 2026 को इस तूफान से संबंधित वीडियो न्यूज अपलोड की गई थी। इसमें भी वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। रिपोर्ट में वीडियो को ओडिशा के मयूरभंज जिले का बताया गया था।
इस बारे में हमने ओडिशा के संबलपुर में ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर राधेश्याम वर्मा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो ओडिशा का है और पुराना है।
क्या है संदर्भ?
आंध्र प्रदेश, ओडिशा और चेन्नई समेत कई अन्य राज्यों में चक्रवाती तूफान अर्णब का असर देखने को मिल रहा है। ‘बीबीसी’ की 29 अक्टूबर 2026 की एक वीडियो रिपोर्ट के अनुसार, “बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान अर्णब 27 अक्टूबर की आधी रात के बाद 28 अक्टूबर तड़के तट से टकराया था। इसकी वजह से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बताया है कि राज्य में तूफान के कारण पांच लोगों की मौत हुई है।”
भारतीय मौसम विभाग के एक्स अकाउंट ‘India Meteorological Department’ से 29 अक्टूबर 2026 को दी गई जानकारी के अनुसार, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा, दक्षिण छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर तेलंगाना के इलाकों में मौजूद ‘डीप डिप्रेशन’ (भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का बचा हुआ हिस्सा) पिछले 6 घंटों के दौरान लगभग उत्तर की ओर 22 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ा है। अब यह कमजोर होकर एक ‘डिप्रेशन’ में बदल गया है। 29 अक्टूबर को सुबह 05:30 बजे यह दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर स्थित था। इसके लगभग उत्तर की ओर आगे बढ़ते रहने और 29 अक्टूबर की शाम तक कमजोर होकर एक ‘वेल-मार्क्ड लो-प्रेशर एरिया’ में बदलने की प्रबल संभावना है।
पुराने वीडियो को चक्रवात अर्णब का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। जून 2015 में बने इस अकाउंट के 2,000 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: चक्रवाती तूफान अर्णब का आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत कुछ अन्य राज्यों में असर दिखा है। इसकी वजह से आंध्र में पांच लोगों की मौत हुई है। हालांकि, वायरल हो रहा वीडियो मार्च 2026 में ओडिशा में आए तूफान का है।
- Claim Review : आंध्र प्रदेश में चक्रवात तूफान 'अर्नब' का नजारा।
- Claimed By : X User- Syed Asif Raza Jafri
- Fact Check : भ्रामक
- Video Posted by X@Indian Gems, Dated 16 Mar 2026
- News Report by TOI, Dated 16 Mar 2026
- Video Posted by YT@TV5 News, Dated 17 Mar 2026
- Video Posted by FB@BBC, Dated 29 Oct 2026
- Post by X@IMD, Dated 29 Oct 2o26
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












