X
X

Fact Check : जन सैलाब का यह वीडियो मायावती की रैली का नहीं, अर्जेंटीना फुटबॉल मैच के जश्न का है

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो भारत का है ही नहीं। यह वीडियो असल में अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स का है और तब का है, जब अर्जेंटीना के फुटबॉल प्रशंसकों ने दिसंबर 2022 को अर्जेंटीना के विश्व कप जीतने का जश्न मनाया था। फुटबॉल मैच के जश्न के वीडियो को मायावती की रैली से जोड़ते  हुए फर्जी दावे से वायरल कर दिया गया है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Oct 10, 2025 at 04:45 PM
  • Updated: Oct 10, 2025 at 06:20 PM

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। बहुजन समाजवादी पार्टी की मुखिया और उत्तरप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की 9 अक्‍टूबर को लखनऊ में एक विशाल रैली हुई। अब इसी से जोड़ते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें खुले मैदान व सड़क पर बड़ी तादाद में लोगों को देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो मायावती की रैली का है।

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो भारत का है ही नहीं। यह वीडियो असल में अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स का है और तब का है, जब अर्जेंटीना के फुटबॉल प्रशंसकों ने दिसंबर 2022 को अर्जेंटीना के विश्व कप जीतने का जश्न मनाया था। फुटबॉल मैच के जश्न के वीडियो को मायावती की रैली से जोड़ते  हुए फर्जी दावे से वायरल कर दिया गया है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

इंस्टाग्राम यूजर ‘monesh_guttam_3054’ ने वायरल वीडियो को 9 अक्टूबर को शेयर किया। वीडियो में लिखा है, ”10 बजे। आज लखनऊ में जन सैलाब। बहन जी का जलवा था, है, और रहेगा।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में हमें एक बिल्डिंग पर ‘Hostel Sol’ लिखा हुआ नजर आया। इसी बिल्डिंग को क्रॉप करते हुए हमने गूगल लेंस के जरिए सर्च किया।

सर्च करने पर हमें होस्टल्स क्लब डॉट कॉम नाम की वेबसाइट पर इसी बिल्डिंग की तस्वीर मिली। यहां दी गई जानकारी के अनुसार यह हॉस्टल अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में है।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें वायरल वीडियो से मिलता-जुलता वीडियो ‘एआरजी सॉकर न्यूज’ नाम के एक्स हैंडल पर 20 दिसंबर 2022 को अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो में दी गई जानकारी के अनुसार, यह अर्जेंटीना  में फुटबॉल विश्व कप की जीत के बाद का जश्न है।

https://twitter.com/ARG_soccernews/status/1605268767608823808

सर्च  करने पर हमें टिकटॉक अकाउंट पर इससे मिलता-जुलता वीडियो मिला। भारत में टिकटॉक बैन होने की वजह से हमने वीडियो को वीपीएन की मदद से खोला। नीचे दिए गए कोलाज में वायरल वीडियो और टिकटॉक पर अपलोड हुए अर्जेंटीना के फुटबॉल जश्न के वीडियो में समानता देखी जा सकती है।  

न्यूज़ सर्च हमें बीबीसी की वेबसाइट पर 19 दिसंबर 2022 को बीबीसी की वेबसाइट पर पब्लिश खबर मिली। यहाँ मौजूद जानकारी के अनुसार, 18 दिसंबर, 2022 को अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में फुटबॉल प्रशंसकों ने फ्रांस को हराकर विश्व कप जीतने का जश्न मनाया। वहीं, इस जश्न में फुटबॉलर मेसी  और उनके लाखों फैंस शामिल रहे।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 9 अक्टूबर को छपी खबर के अनुसार, लखनऊ के कांशीराम स्मारक स्थल पर बसपा की रैली आयोजित हुई। इसमें मायावती ने भाजपा के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की, जबकि सपा पर कांशीराम का अपमान करने का आरोप लगाया। कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर इस रैली का आयोजन किया गया था। पूरी खबर यहां पढ़ी जा सकती है 

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण लखनऊ के रीजनल एडिटर धर्मेंद्र सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, यह वीडियो न मायावती की रैली का है और न लखनऊ का।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर ‘monesh_guttam_3054’ को 97 हजार लोग फॉलो करते हैं।  

निष्कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ये वीडियो भारत का है ही नहीं। ये वीडियो असल में अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स का है और तब का है, जब अर्जेंटीना के फुटबॉल प्रशंसकों ने दिसंबर 2022 को अर्जेंटीना के विश्व कप जीतने का जश्न मनाया था। फुटबॉल मैच के जश्न के वीडियो को मायावती की रैली से जोड़ते  हुए फर्जी दावे से वायरल कर दिया गया है।

  • Claim Review : यह वीडियो मायावती की रैली का है।
  • Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर 'monesh_guttam_3054'
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later