Fact Check: अर्जेंटीना के फुटबॉलर लियोनेल मेसी की AI तस्वीर वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल तस्वीर असली नहीं, बल्कि एआई निर्मित है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Dec 18, 2025 at 01:10 PM
- Updated: Dec 18, 2025 at 01:13 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी की एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें उन्हें समुद्र किनारे सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी के साथ खड़े दिखाया गया है। इस तस्वीर को सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल तस्वीर असली नहीं, बल्कि एआई निर्मित है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘Saddam Gaddi’ ने 14 दिसंबर 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रोहित शर्मा, लियोनेल मेस्सी, एमएस धोनी एक साथ।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसे गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। यह तस्वीर हमें किसी विश्वसनीय न्यूज वेबसाइट पर नहीं मिली।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल के दौरान गूगल डीपमाइंड के Synth ID टूल का इस्तेमाल किया। यहां वायरल तस्वीर को सर्च करने पर नतीजों से पता चला कि यह तस्वीर एआई की मदद से बनाई गई है। नतीजे को नीचे देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने गूगल डीपमाइंड के दूसरे टूल बैकस्टोरी का भी इस्तेमाल किया। इस टूल के नतीजों में बताया गया कि इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि वायरल तस्वीर को एआई का इस्तेमाल करते हुए बनाया गया है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने फोटो को एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ की मदद से सर्च किया। इस टूल ने 99.9 फीसदी तक फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

विश्वास न्यूज ने अधिक जानकारी के लिए एआई एक्सपर्ट एसके साहिद से संपर्क किया। उनके साथ वायरल तस्वीर को साझा किया। उन्होंने बताया कि यदि तस्वीर को ध्यान से देखेंगे तो खिलाडि़यों के चेहरों और आसपास के हिस्सों में काफी विकृतियां दिखाई देंगी। इसी तरह सभी खिलाड़ी सफेद रंग के एक जैसे जूते पहने हुए हैं।
जांच के अंत में हमने एआई तस्वीर को सच समझकर शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। यूजर बिहार के मधुबनी का रहने वाला है। इसे पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में लियोनेल मेसी, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रोहित शर्मा, और महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीर एआई निर्मित साबित हुई।
- Claim Review : सचिन तेंदुलकर विराट कोहली, रोहित शर्मा, लियोनेल मेस्सी, एमएस धोनी एक साथ
- Claimed By : FB User Saddam Gaddi
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












