Fact Check: सेंटा क्लॉज बनने पर शख्स की पिटाई करने का यह मामला हाल का नहीं, तीन साल पुराना
हाल ही में सेंटा क्लॉज बनने पर शख्स की पिटाई करने का दावा भ्रामक निकला। असल में वायरल हो रही घटना हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि करीब तीन साल पुरानी है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Dec 24, 2025 at 04:45 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर क्रिसमस को लेकर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में एक ग्राफिक शेयर किया जा रहा है, जिस पर लिखा है कि गुजरात में सेंटा कलॉज बनकर गिफ्ट बांट रहे व्यक्ति को लोगों ने पीट दिया। यूजर्स इसे हाल ही में गुजरात में हुई एक घटना का बताते हुए शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक निकला। असल में वायरल हो रही घटना हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि करीब तीन साल पुरानी है। एक पुराने ग्राफिक को हाल का बताते हुए भ्रामक दावे के साथ अब शेयर किया जा रहा है। पहले भी सोशल मीडिया पर यह दावा वायरल हो चुका है। विश्वास न्यूज ने उसकी पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘सुनिल कांग्रेस प्रशंसक’ ने 24 दिसंबर 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “गुजरात : सांता क्लॉज बनकर गिफ्ट बांट रहे शख्स को भीड़ ने पीटा, कहा- ‘ये हिंदुओ का इलाका है, यहां ये सब नहीं चलेगा।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल ग्राफिक ‘Bolta Hindustan’ के एक्स अकाउंट पर 23 दिसंबर 2022 को शेयर किया हुआ मिला। कैप्शन के अनुसार, “गुजरात : सांता क्लॉज बनकर गिफ्ट बांट रहे शख्स को भीड़ ने पीटा, कहा- ‘ये हिंदुओ का इलाका है, यहां ये सब नहीं चलेगा।”
पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘लाइव हिंदुस्तान डॉट कॉम’ की वेबसाइट पर 22 दिसंबर 2022 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के अनुसार, “गुजरात के वडोदरा में एक सांता क्लॉज को लोगों ने पीट दिया। दरअसल, मकरपुर की एक कॉलोनी में मंगलवार की शाम एक सांता क्लॉज चॉकलेट बांट रहा था। इसी दौरान भीड़ ने सांता क्लॉज को पीट दिया। पुलिस ने बताया कि मकरपुर की एक कॉलोनी में सांता क्लॉज की वेश में एक शख्स चॉकलेट बांट रहा था। वह कॉलोनी के ईसाई समुदाय के लोगों से मिलने गया था। वहां मौजूद अन्य समुदाय के लोगों ने इस बात पर नाराजगी जताई। सांता क्लॉज को गिफ्ट बांटता देख लोगों ने कथित तौर पर उसे पीटना शुरू कर दिया।”

अधिक जानकारी के लिए हमने वडोदरा दैनिक जागरण के रिपोर्टर प्रशांत गज्जर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह मामला करीब तीन साल पुराना है। हाल-फिलहाल में यहां पर इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है।
सोशल मीडिया पर पहले भी यह दावा वायरल हो चुका है। विश्वास न्यूज ने उसकी पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने पोस्ट को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 30 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर अगस्त 2012 से फेसबुक पर सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि हाल ही में सेंटा क्लॉज बनने पर शख्स की पिटाई करने का दावा भ्रामक निकला। असल में वायरल हो रही घटना हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि करीब तीन साल पुरानी है।
- Claim Review : गुजरात में हाल ही में सांता क्लॉज बनकर गिफ्ट बांट रहे शख्स को भीड़ ने पीटा।
- Claimed By : FB User सुनिल कांग्रेस प्रशंसक
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












