X
X

Fact Check: UGC नियमों के समर्थन में रैली से जोड़कर वायरल किया जा रहा यह पुराना वीडियो अर्जेंटीना का है

विश्वास न्‍यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इस वीडियो का यूजीसी या भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में फुटबॉल प्रशंसकों के जश्न मनाने का है। दिसंबर 2022 में अर्जेंटीना में FIFA फुटबॉल विश्व कप जीतने पर यह जश्न मनाया गया था और यह उसी का वीडियो है। फुटबॉल मैच के जश्न के वीडियो को UGC के नए नियमों के पक्ष में निकाली गई रैली के हवाले से अब वायरल किया जा रहा है। 

  • By: Umam Noor
  • Published: Feb 4, 2026 at 02:14 PM
  • Updated: Feb 5, 2026 at 06:50 PM

नई दिल्‍ली (विश्वास न्‍यूज)। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए समता विनियमन (इक्विटी रेगुलेशन) नियमों को लेकर देश के कुछ हिस्‍सों में विरोध-प्रदर्शन हुए हैं। इसी बीच सुप्रीम कोर्ट ने 29 जनवरी को इन नए नियमों पर रोक लगा दी। इस मामले की अगली सुनवाई 19 मार्च 2026 को होगी।

इसी बीच एक वीडियो अब वायरल हो रहा है, जिसमें खुले मैदान व सड़क पर, बड़ी तादाद में लोगों का हुजूम देखा जा सकता है। इसे शेयर करते हुए कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि UGC के नए नियमों के पक्ष में सड़कों पर उतरे लोगों का यह वीडियो है। इससे पहले भी एक अलग दावे के साथ यह वीडियो वायरल हो चुका है। पड़ताल यहां पढ़ें।

विश्वास न्‍यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इस वीडियो का यूजीसी या भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में फुटबॉल प्रशंसकों के जश्न मनाने का है। दिसंबर 2022 में अर्जेंटीना में FIFA फुटबॉल विश्व कप जीतने पर यह जश्न मनाया गया था और यह उसी का वीडियो है। फुटबॉल मैच के जश्न के वीडियो को UGC के नए नियमों के पक्ष में निकाली गई रैली के हवाले से अब वायरल किया जा रहा है। 

क्या है वायरल पोस्ट में?

इंस्टाग्राम यूजर ‘रवी बंसल‘ (__ravi__bansal__0356__) ने वायरल वीडियो को 1 फरवरी 2026 को शेयर करते हुए लिखा, “UGC का विरोध करने वालों मसल दिए जाओगे Sc.St.Obc के पेरों तले। जय भीम जय संविधान।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल हो रहे इस वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में हमें एक बिल्डिंग पर ‘HOSTEL SOL’ लिखा हुआ नजर आया। इसी बिल्डिंग को क्रॉप करते हुए हमने गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें ‘होस्टल्स क्लब डॉट कॉम’ नाम की वेबसाइट पर इस बिल्डिंग की तस्वीर मिली। बताया गया कि यह हॉस्टल अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में है।

इसी कड़ी में अपनी पड़ताल को हमने आगे बढ़ाया और वायरल वीडियो से मिलता-जुलता वीडियो ‘एआरजी सॉकर न्यूज’ नाम के एक्स हैंडल पर 20 दिसंबर 2022 को अपलोड किया हुआ पाया। जानकारी के मुताबिक, यह अर्जेंटीना में फुटबॉल विश्व कप की जीत के बाद का जश्न है।

https://twitter.com/ARG_soccernews/status/1605268767608823808

आगे की पड़ताल में हमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक के एक अकॉउंट पर इससे मिलता-जुलता वीडियो मिला। भारत में टिकटॉक बैन होने की वजह से हमने वीडियो को वीपीएन की मदद से खोला।

नीचे दिए गए कोलाज में वायरल वीडियो और टिकटॉक पर अपलोड हुए अर्जेंटीना के फुटबॉल विश्व कप की जीत के जश्न के वीडियो में समानता देखी जा सकती है।  

न्यूज सर्च किए जाने पर हमें 19 दिसंबर 2022 को बीबीसी की वेबसाइट पर पब्लिश खबर मिली। खबर में बताया गया, ”18 दिसंबर 2022 को अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में फुटबॉल प्रशंसकों ने फ्रांस को हराकर विश्व कप जीतने का जश्न मनाया। वहीं, इस जश्न में फुटबॉलर मेसी और उनके लाखों फैंस भी मौजूद रहे।”

इससे पहले अगस्त 2024 में भी इसी फुटबॉल सेलिब्रेशन के मौके का एक और भी वीडियो वायरल हुआ था, उस समय हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण में स्पोर्ट एडिटर अभिषेक त्रिपाठी से बात की थी। उन्होंने पुष्टि देते हुए बताया था, कि यह वीडियो अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स का है, जब अर्जेंटीना के फुटबॉल प्रशंसकों ने 2022 में अर्जेंटीना विश्व कप जीतने का जश्न मनाया था।

विश्वास न्यूज ने ब्यूनो एरीज के एक पत्रकार से भी ईमेल के जरिए संपर्क किया है, जवाब आते ही खबर को अपडेट किया जायेगा। 

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर ‘रवी बंसल’ (__ravi__bansal__0356__) की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर ‘रवी बंसल’ को 1064 हजार लोग फॉलो करते हैं।  

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इस वीडियो का यूजीसी या भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में फुटबॉल प्रशंसकों के जश्न मनाने का है। दिसंबर 2022 में अर्जेंटीना में फुटबॉल विश्व कप जीतने का जश्न मनाया गया था। यह उसी का वीडियो है। इस वीडियो को UGC के नए नियमों के पक्ष में निकाली गई रैली के हवाले से अब वायरल किया जा रहा है। यह वीडियो इससे पहले भी एक अलग दावे के साथ वायरल हो चुका है। 

  • Claim Review : UGC के नए नियमों के पक्ष में सड़कों पर उतरे लोगों का यह वीडियो है।
  • Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर 'रवी बंसल' (__ravi__bansal__0356__)
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later