Fact Check: बीजेपी को वोट न देने के लिए धमकाती महिला का यह वीडियो पुराना, बंगाल विधानसभा चुनाव से संबंधित नहीं
बीजेपी को वोट न देने के लिए धमकाती महिला के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहे वीडियो का हालिया चुनाव से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो फरवरी 2022 का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Apr 21, 2026 at 03:08 PM
- Updated: Apr 21, 2026 at 04:08 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल 2026 को विधानसभा के लिए मतदान होंगे। इसी चुनावी माहौल में एक महिला का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक महिला को लोगों को धमकाते हुए भारतीय जनता पार्टी को वोट न देने के लिए कहते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से जोड़ते हुए दावा किया जा रहा है कि यह तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की नेता हैं और वह लोगों को बीजेपी को वोट न देने के लिए धमका रही हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहे वीडियो का पश्चिम बंगाल के हालिया विधानसभा चुनाव प्रचार से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो फरवरी 2022 का है। वीडियो में नजर आ रही महिला नेता बेबी कोले हैं। दरअसल 2022 में वह भाजपा में थीं और उन्होंने खड़गपुर नगरनिगम चुनावों में पार्टी टिकट न मिलने पर गुस्से में लोगों को धमकाया था। बाद में वह टीएमसी में शामिल हो गईं, लेकिन जुलाई 2025 में उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘सुरेश लालवानी’ ने 18 अप्रैल 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “टीएमसी महिला नेत्री ने एक इलाके के निवासियों को चेतावनी दी कि अगर एक भी वोट बीजेपी को गया या किसी ने बीजेपी का झंडा लगाया तो वह सब कुछ आग के हवाले कर देगी।”
पोस्ट के आर्कइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘Bengali ABP Live’ पर मिली। यह रिपोर्ट 16 फरवरी 2022 को प्रकाशित की गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो में नजर आ रही महिला बीजेपी नेता बेबी कोले हैं। दरअसल, नगर निगम चुनावों में भाजपा ने खड़गपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 10 से बेबी कोले को टिकट न देकर मौशुमी दास को दे दिया था। इसी वजह से वह नाराज हो गईं और उन्होंने गुस्से में लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। उन्होंने मौशुमी दास और बीजेपी को वोट नहीं देने के लिए लोगों को धमकाया था। उन्होंने बीजेपी पर टिकट के लिए पैसे मांगने के आरोप भी लगाए थे।

हमें इस वीडियो से जुड़ी अन्य रिपोर्ट ‘Bengali News18’ और ‘Biplabi Sabyasachi’ पर भी प्रकाशित मिली।
‘News18 Bangla’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन इसी जानकारी के साथ अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो को 8 फरवरी 2022 को शेयर किया गया था।
गौरतलब है कि बेबी कोले बाद में टीएमसी में शामिल हो गई थीं। हालांकि, उन्हें जुलाई 2025 में टीएमसी से निकाल दिया गया था। उन पर सीपीएम के वरिष्ठ नेता अनिल दास के साथ मारपीट करने के आरोप लगे थे, जिसके बाद उन्हें तृणमूल कांग्रेस ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
‘West Bengal Police’ ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वायरल दावे को लेकर एक पोस्ट जारी किया था। पुलिस ने 18 अप्रैल 2026 के पोस्ट में कहा कि फेक न्यूज फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के कोलकाता ब्यूरो प्रमुख जेके वाजपेयी से बातचीत की। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो करीब चार साल पुराना है और हाल-फिलहाल में इस तरह की कोई घटना यहां नहीं हुई है।

क्या है संदर्भ?
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने देश के चार राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों की घोषणा की थी। 15 मार्च 2026 को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में इन तारीखों का ऐलान किया था। असम, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान हो चुका है। चुनाव आयोग की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, असम में 85.38 फीसदी, पुडुचेरी में 89.83 फीसदी और केरल में 78.03 फीसदी तक मतदान दर्ज किए गए हैं।
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होंगे। परिणामों की घोषणा चार मई 2026 को की जाएगी।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को तीन हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी को वोट न देने के लिए धमकाती महिला के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल हो रहे वीडियो का हालिया चुनाव से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो फरवरी 2022 का है। इसमें नजर आ रही महिला नेता बेबी कोले हैं। दरअसल 2022 में वह भाजपा में थीं और उन्होंने खड़गपुर नगरनिगम चुनावों में पार्टी टिकट न मिलने पर गुस्से में लोगों को धमकाया था। बाद में वह टीएमसी में शामिल हो गईं, लेकिन जुलाई 2025 में उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
- Claim Review : टीएमसी नेता ने लोगों को बीजेपी को वोट न देने के लिए धमकाया।
- Claimed By : FB User सुरेश लालवानी
- Fact Check : झूठ
- News Report by Bengali ABP Live, Published on 16 Feb 2022
- News Report by Bengali News18, Published on 16 Feb 2022
- News Report by Biplabi Sabyasachi, Published on 16 Feb 2022
- Youtube Video by News18 Bangla, Posted on 16 Feb 2022
- News Report by eisamay, Published on 7 Jul 2025
- X Post by WB Police, Posted on 18 Apr 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












