Fact Check: डीएमके विधायक उदयनिधि स्टालिन की विवादित टिप्पणी के बाद हुए प्रदर्शन की तस्वीर सीएम विजय की बताकर वायरल
तमिलनाडु में डीएमके विधायक उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था। उस प्रदर्शन की एक तस्वीर को सीएम विजय का बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: May 14, 2026 at 05:25 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। तमिलनाडु में तमिलगा वेट्रि कड़गम (TVK) की सरकार बनने के बाद सी. जोसेफ विजय मुख्यमंत्री बने हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर दो तस्वीरों का एक कोलाज वायरल हो रहा है। इसमें एक फोटो में सीएम विजय की तस्वीर को दूध से नहलाते हुए और दूसरी में दो तस्वीरों को पकड़े हुए एक व्यक्ति को देखा जा सकता है। इसे शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि लोगों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान सीएम विजय की तस्वीर पर गुस्सा उतारा है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल दावा गलत है। दरअसल, हाल ही में द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) के विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को लेकर विवादित बयान दिया था, जिसके बाद हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जूनियर स्टालिन की तस्वीर पर गुस्सा उतारा था। उस घटना की तस्वीर को सीएम विजय की तस्वीर बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘yes_viveka_news’ ने 13 मई 2026 को तस्वीरों के कोलाज को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “जितने पे दूध चढ़ाने वाले अब चप्पल से मार रहे हैं।”
साथ में अंग्रेजी कैप्शन में लिखा है, “तमिल अभिनेता से राजनेता बने विजय के समर्थकों से जुड़ा एक विवाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह तब हुआ जब उनके पुराने जश्न के वीडियो और हाल के विरोध प्रदर्शन के क्लिप्स एक साथ ऑनलाइन प्रसारित होने लगे। इससे पहले, कुछ समर्थकों को अपनी तारीफ दिखाने के लिए सार्वजनिक समारोहों के दौरान विजय के बड़े-बड़े पोस्टरों और कट-आउट पर बड़ी मात्रा में दूध चढ़ाते हुए देखा गया था।
अब एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ नाराज लोग विजय की तस्वीरें लिए सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस वीडियो ने ऑनलाइन एक जोरदार बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया के कई यूजर्स इन दोनों पलों की तुलना कर रहे हैं और इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि राजनीति और सिनेमा में जनता की राय और फैंस की प्रतिक्रियाएं कितनी तेजी से बदल सकती हैं। इन वायरल वीडियो पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां कुछ लोग फैंस की इस तरह की अतिवादी संस्कृति की आलोचना कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग विजय का बचाव कर रहे हैं और ऐसे वीडियो को राजनीति से प्रेरित बता रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर दक्षिण भारतीय सिनेमा और राजनीति से जुड़ी गहरी भावनाओं को उजागर किया है।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने दोनों तस्वीरों को एक-एक करके चेक किया।
पहली तस्वीर
विजय की तस्वीर पर दूध चढ़ाने वाली फोटो गूगल लेंस सर्च में हमें इंस्टाग्राम यूजर ‘thememeshumour‘ के अकाउंट पर 6 मई 2026 को अपलोड मिली।

फोटो में कुछ लोग उल्टी बाल्टी से दूध डालते हुए दिख रहे हैं, जिससे हमें फोटे के एआई से बने होने की संभावना लगी।
हमने तस्वीर को ‘बिटमाइंड’ और ‘ट्रुथ स्कैन’ से चेक किया। इनमें इस फोटो को एआई संभावित बताया गया है।


इससे साबित होता है कि पहली तस्वीर एआई क्रिएटेड है।
दूसरी तस्वीर
इसके बाद हमने कोलाज की दूसरी फोटो को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। ‘एशियानेट न्यूज‘ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 13 मई 2026 को वीडियो पोस्ट किया गया था। इसमें वायरल तस्वीर को देखा जा सकता है। पोस्ट के अनुसार, उदयनिधि ने फिर सनातन धर्म से संबंधित विवादित टिप्पणी की है। इसको लेकर हिंदू संगठनों ने तमिलनाडु में विरोध प्रदर्शन किया है।

इंस्टाग्राम यूजर ‘onrecordindia‘ ने भी इस घटना से जुड़ी वीडियो न्यूज को 13 मई 2026 को पोस्ट किया था। इसमें भी वायरल तस्वीर को देखा जा सकता है। पोस्ट के मुताबिक, “तमिलनाडु विधानसभा में अपने भाषण के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने ‘सनातन धर्म को खत्म करने’ वाली विवादित टिप्पणी की है। इसे लेकर तमिलनाडु में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। राज्य के कई हिस्सों में हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किए और डीएमके पर आरोप लगाया कि हालिया चुनावी झटके के बावजूद वह बार-बार हिंदू मान्यताओं को निशाना बना रही है।”

कोलाज में वायरल और उदयनिधि की फोटो को देखा जा सकता है।

क्या है संदर्भ?
तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख एवं अभिनेता विजय मुख्यमंत्री बन गए हैं, जबकि डीएमके विधायक एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ईटीवी भारत की वेबसाइट पर 12 मई 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, विधानसभा में स्टालिन ने एक बार फिर ‘सनातन धर्म’ को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा, “सनातन एक ऐसी विचारधारा है, जो लोगों को बांटने की कोशिश करती है। उसे स्पष्ट रूप से खत्म किया जाना चाहिए।” इससे पहले 2023 में भी जूनियर स्टालिन ने ऐसी ही टिप्पणी की थी।
इस बारे में हमने तमिलनाडु के पत्रकार सुरेश मूर्ति से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वायरल तस्वीर उदयनिधि स्टालिन की है। उनके विवादित बयान के बाद लोगों ने प्रदर्शन किया था।
तस्वीर को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। नवंबर 2025 में बने इस इंस्टाग्राम अकाउंट के 5200 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: तमिलनाडु में डीएमके विधायक उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था। उस प्रदर्शन की एक तस्वीर को सीएम विजय का बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : लोगों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान सीएम विजय की तस्वीर पर गुस्सा उतारा है।
- Claimed By : Insta User- yes_viveka_news
- Fact Check : झूठ
- Insta Post of thememeshumour, Dated 6 May 2026
- AI detection Tool bitmind
- AI detection Tool Truth Scan
- Insta Post of Asianet News, Dated 13 May 2026
- Insta Post of onrecordindia, Dated 13 May 2026
- Report of ETV Bharat, Dated 12 May 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












