Fact Check: इजरायली पीएम नेतन्याहू से चेक गणराज्य के पीएम के हाथ नहीं मिलाने के दावे से वायरल वीडियो आधा-अधूरा
पीएम नेतन्याहू से चेक गणराज्य के पीएम के हाथ न मिलाने के दावे से वायरल हो रहा वीडियो एडिटेड है। दरअसल, अपनी मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने कई बार हाथ मिलाया था।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 21, 2026 at 01:47 PM
- Updated: Nov 21, 2026 at 01:51 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री आंद्रेज बाबिश के बीच मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि नेतन्याहू चेक पीएम बाबिश से हाथ मिलाने के लिए आते हैं। नेतन्याहू अपना हाथ आगे करते हैं, लेकिन बाबिश बोलना जारी रखते हैं। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बाबिश ने नेतन्याहू से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहा यह वीडियो एडिटेड है। असल में यह वीडियो आधा-अधूरा है। वीडियो के लंबे वर्जन में दोनों नेताओं को कई बार हाथ मिलाते हुए देखा जा सकता है। पीएम बाबिश ने अपनी बात खत्म करने के बाद पीएम नेतन्याहू से हाथ मिलाया था। आधे-अधूरे वीडियो को संदर्भ से हटाकर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक पेज ‘Khabar nation’ ने 19 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “नेतन्याहू की बेइज्जती, प्रधानमंत्री का हाथ मिलाने से इनकार !।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 17 नवंबर 2026 को अपलोड किया गया था। इस वीडियो में एक मिनट 23 सेकंड पर देखा जा सकता है कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू पीएम आंद्रेज बाबिश से कहते हैं, “मेरे दोस्त आपका स्वागत है।” इसके बाद दोनों नेता आपस में हाथ मिलाते हैं। इसी वीडियो में तीन मिनट पर वायरल हो रहे वीडियो के हिस्से को देखा जा सकता है। पीएम आंद्रेज बाबिश अपनी बात खत्म करने के बाद नेतन्याहू से एक बार फिर हाथ मिलाते हैं।
वायरल वीडियो का लंबा वर्जन हमें ‘Prime Minister of Israel’ के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी मिला। इस वीडियो को 17 नवंबर 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने यरुशलम स्थित कार्यालय में चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री आंद्रेज बाबिश से मुलाकात की थी। वायरल वीडियो वाले हिस्से को 11 मिनट 53 सेकंड से देखा जा सकता है। दोनों नेता बातें करते हैं और फिर हाथ मिलाते हैं।
हमें नेतन्याहू और बाबिश की मुलाकात का लंबा वर्जन ‘Prime Minister of Israel’ के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर भी मिला। इस वीडियो को 17 नवंबर 2026 को अपलोड किया गया था।
अधिक जानकारी के लिए हमने इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो आधा-अधूरा है। दोनों नेताओं ने पहले बातें की थीं और फिर हाथ मिलाया था। इतना ही नहीं, दोनों ने इस मुलाकात के दौरान कई बार हाथ मिलाया था।
क्या है संदर्भ?
चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री आंद्रेज बाबिश अपने आधिकारिक दौरे पर इजरायल पहुंचे थे। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार, 16 नवंबर 2026 को इजरायल के यरुशलम स्थित पीएम कार्यालय में चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री आंद्रेज बाबिश से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने वन-ऑन-वन बैठक भी की थी। इसके बाद दोनों ने अपने देशों के सचिवों और राजदूतों की मौजूदगी में भी एक विस्तृत बैठक की थी। इस बैठक के समापन पर, दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान भी दिए थे। इजरायल के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज को यहां पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले फेसबुक पेज के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि फेसबुक पर यह पेज 8 फरवरी 2026 से सक्रिय है। इस पेज को महाराष्ट्र से संचालित किया जाता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पीएम नेतन्याहू से चेक गणराज्य के पीएम के हाथ न मिलाने के दावे से वायरल हो रहा वीडियो एडिटेड है। दरअसल, अपनी मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने कई बार हाथ मिलाया था।
- Claim Review : इजरायल के पीएम नेतन्याहू से चेक गणराज्य के पीएम ने नहीं मिलाया हाथ।
- Claimed By : FB User Khabar nation
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












