X
X

Fact Check: पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर बाबा रामदेव ने 2018 में दिया था यह बयान, अब गलत संदर्भ से वायरल

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। बाबा रामदेव ने वायरल बयान सितंबर 2018 में एक निजी चैनल के कार्यक्रम में दिया था।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में इजाफे के बीच बाबा रामदेव का एक बयान खूब वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि यदि सरकार उन्हें पेट्रोल पंप लगाने की अनुमति दे दे, तो वह पूरे देश को 35-40 रुपये में डीजल-पेट्रोल दे सकते हैं। साथ में, उन्हें यह कहते हुए भी देखा जा सकता है कि पेट्रोल व डीजल को जीएसटी के सबसे कम स्लैब में डाल देना चाहिए।

सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस बयान को बाबा रामदेव का हालिया बयान मानकर शेयर कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। यह भ्रामक साबित हुई। जांच में पता चला कि बाबा रामदेव ने 2018 में एक निजी चैनल के कार्यक्रम में वायरल बयान दिया था। हाल-फिलहाल में उन्होंने यह बयान नहीं दिया है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Aman Singh Bathla’ ने 26 मई 2026 को बाबा रामदेव के पुराने बयान वाले वीडियो को शेयर किया और लिखा, ”मैं 35-40 रुपए में पूरे ह‍िंदुस्‍तान को डीजल पेट्रोल दे दूंगा, अगर मोदी सरकार मुझे पेट्रोल पंप लगाने की अनुमत‍ि दे!”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स भी इस वायरल पोस्ट को फर्जी दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वायरल वीडियो को ध्यान से स्कैन किया। इस वीडियो में हमें ‘एनडीटीवी’ का लोगो नजर आया। इस आधार पर हमने सबसे पहले ‘एनडीटीवी’ के यूट्यूब चैनल पर कीवर्ड के जरिए सर्च किया। हमें असली वीडियो 16 सितंबर 2018 को अपलोड मिला। इसमें रामदेव को वायरल वीडियो वाली बात संदर्भ के साथ कहते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने एनडीटीवी यूथ कॉनक्लेव में यह बात कही थी। दरअसल, उस वक्त पेट्रोल व डीजल के दाम को लेकर एंकर ने रामदेव से प्रश्न पूछा था। उसी सवाल का जवाब देते हुए रामदेव ने वायरल बयान दिया था।

सर्च के दौरान रामदेव का वायरल बयान हमें ‘वन इंडिया’ की वेबसाइट पर भी मिला। 17 सितंबर 2018 की इस खबर में बताया गया कि बाबा रामदेव ने कहा, ”अगर सरकार पेट्रोल-पंप लगवाने की इजाजत दे दे और थोड़ा टैक्स में छूट दे तो मैं 35-40 रुपये प्रति लीटर तेल उपलब्ध करवा दूंगा। मेरा सुझाव है कि पीएम मोदी पेट्रोलियम को जीएसटी में ले आएं, कुछ समय के लिए पांच फीसदी से 12 फीसदी वाले स्लैब में रखें, तब जाकर राहत मिलेगी।”

हमारी अब तक की जांच से यह स्पष्ट हो गया कि बाबा रामदेव का वायरल बयान 2018 का है। इसका हाल-फिलहाल की पेट्रोल डीजल की कीमतों में वृद्धि से कोई संबंध नहीं है।

विश्वास न्यूज ने जांच के अगले चरण में पतंजलि योगपीठ के प्रवक्ता एसके तिजारावाला से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो साझा किया। उन्होंने बताया कि बाबा रामदेव का पुराना बयान अभी के संदर्भ में शेयर करके भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने 2018 में एक निजी चैनल पर बातचीत में यह बयान दिया था।

क्या है संदर्भ?

देश में 25 मई 2026 को एक बार फिर पेट्रोल के दाम में प्रति लीटर 2.61 और डीजल में 2.71 रुपए की बढ़ोतरी की गई। 15 मई से लेकर अब तक चार बार पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ाए जा चुके हैं। पेट्रोल के दाम में पिछले 10 दिनों में 7.50 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हो चुका है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने जनता से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल बचाते हुए लोग एक साल तक सोना न खरीदें, ताकि विदेशी मुद्रा भंडार को बचाया जा सके। पेट्रोल व डीजल पर केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी लगाती है, जबकि हर राज्य इस पर अपने अनुसार वैट और स्थानीय कर लगाते हैं। इसके कारण इनका दाम काफी ज्यादा बढ़ जाता है। यदि पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के तहत लाया गया, तो सरकारों की कमाई काफी कम हो जाएगी। इसलिए सरकार इसे जीएसटी के अंतर्गत नहीं लाती है।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर है। इसमें डीलर का कमीशन 4.45 रुपये और वैट 16.59 रुपये जुड़ा है। इसी तरह डीजल का दाम 95.20 रुपये है। इसमें डीलर का कमीशन 3.04 रुपये और वैट 13.91 रुपये शामिल है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर के अकाउंट की जांच की गई। ‘Aman Singh Bathla’ नाम के इस फेसबुक यूजर को छह हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट अप्रैल 2012 में बनाया गया था। प्रोफाइल के अनुसार, यूजर यूपी के सहारनपुर का रहने वाला है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। बाबा रामदेव ने वायरल बयान सितंबर 2018 में एक निजी चैनल के कार्यक्रम में दिया था। उनके पुराने बयान को अब गलत संदर्भ के साथ वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।

  • Claim Review : बाबा रामदेव ने सरकार से मांगी पेट्रोल पंप लगाने की अनुमति
  • Claimed By : FB User Aman Singh Bathla
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later