Fact Check: सार्वजनिक वॉश बेसिन में शाह रुख खान के ‘वजू’ करने का दावा FAKE, फिल्म की क्लिप है वायरल वीडियो
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि सार्वजनिक वॉश बेसिन में पैर धोते शाह रुख खान की वायरल क्लिप उनकी फिल्म 'जब हैरी मेट सेजल' का एक सीन है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jun 19, 2026 at 05:13 PM
- Updated: Jun 19, 2026 at 05:43 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर बॉलीवुड अभिनेता शाह रुख खान की एक क्लिप शेयर की जा रही है। इसमें उन्हें सार्वजनिक वॉश बेसिन में अपना पैर धोते हुए देखा जा सकता है। इस क्लिप के बहाने सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स शाह रुख खान पर निशाना साध रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह भ्रामक साबित हुई। पता चला कि वायरल क्लिप ‘जब हैरी मेट सेजल’ फिल्म के एक सीन का बिहाइंड द सीन्स (बीटीएस) है। इसलिए हमारी जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। यह फिल्म 2017 में रिलीज हुई थी।
क्या है वायरल?
एक्स यूजर ‘तुषार’ ने शाह रुख खान की क्लिप को 18 जून 2026 को शेयर करते हुए अंग्रेजी में लिखा, “इसे ‘वजू’ कहते हैं; इसमें नमाज पढ़ने से पहले पानी से हाथ, मुंह, नाक, बांहें, सिर और पैर धोए जाते हैं। इनमें से कई लोग ऑफिस, एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन के प्रेयर रूम वगैरह में वजू करते हैं। यह सार्वजनिक जगहों पर साफ-सफाई का बिल्कुल ध्यान न रखने जैसा है।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट का हिन्दी अनुवाद यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वीडियो क्लिप के कई स्क्रीनशॉट निकाले। फिर इन्हें ‘गूगल लेंस’ टूल के जरिए सर्च किया गया। सर्च के दौरान हमें एक पुरानी एक्स पोस्ट मिली। 17 फरवरी 2021 को ‘Shirin’ नाम के हैंडल से इसे पोस्ट किया गया था। इसमें वायरल क्लिप वाले सीन की एक तस्वीर थी। इसे एक फिल्म का बिहाइंड द सीन बताया गया। फिल्म का नाम ‘JHMS’ बताया गया। सर्च से पता चला कि इस फिल्म का पूरा नाम ‘जब हैरी मेट सेजल’ है।
जांच के दौरान हमें पता चला कि शाह रुख खान की फिल्म ‘जब हैरी मेट सेजल’ नेटफ्लिक्स पर मौजूद है। इसके बाद हमने इस फिल्म को देखा। फिल्म के अंत में, लगभग दो घंटे की टाइमलाइन पर हमें वायरल पोस्ट वाला सीन मिला।

सर्च के दौरान हमें ‘रेड चिलीज एंटरटेनमेंट’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो मिला। इसमें बताया गया कि इस वीडियो के सभी फुटेज ‘जब हैरी मेट सेजल’ के बिहाइंड द सीन्स हैं। इसे 15 सितंबर 2017 को अपलोड किया गया था। वीडियो के 1:15 मिनट की टाइमलाइन पर हमें वायरल क्लिप वाला सीन दिखा ।
हमारी अब तक की जांच से यह साबित हो गया कि वायरल क्लिप फिल्म का बिहाइंड द सीन्स है। इसके अलावा फिल्म में भी यह सीन मौजूद है, जिसमें शाह रुख खान वॉश बेसिन में पैर धोते हैं। इसका किसी असली घटना से कोई संबंध नहीं है। वायरल क्लिप को जानबूझकर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान बॉलीवुड के वरिष्ठ पत्रकार पराग छापेकर से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल क्लिप शाह रुख खान और अनुष्का शर्मा की पुरानी फिल्म ‘जब हैरी मेट सेजल’ के एक सीन का अंश है।
क्या है संदर्भ?
IMDB के अनुसार, ‘जब हैरी मेट सेजल’ फिल्म 2017 में आई थी। इसके लेखक और निर्देशक इम्तियाज अली हैं। इसमें शाहरुख खान ‘हैरी’ और अनुष्का शर्मा ‘सेजल’ की मुख्य भूमिकाओं में हैं। वर्तमान में यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर ऑनलाइन मौजूद है।
जांच के अंत में शाह रुख खान की फिल्म की क्लिप को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि एक्स यूजर ‘तुषार’ को 33 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर खुद छह हजार से ज्यादा लोगों को फॉलो करता है। यह अकाउंट मार्च 2021 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि सार्वजनिक वॉश बेसिन में पैर धोते शाह रुख खान की वायरल क्लिप उनकी फिल्म ‘जब हैरी मेट सेजल’ का एक सीन है। यह बिहाइंड द सीन्स के तौर पर भी इंटरनेट पर मौजूद है। इसे गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शाह रुख खान के खिलाफ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : शाह रुख खान वॉश बेसिन में पैर धोते हुए।
- Claimed By : X User Tushar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












