Fact Check: जमीन में दरारों से आग निकलने का यह वीडियो नेपाल का नहीं, स्पेन में एक वेबसीरीज के प्रचार का है
एक वेबसीरीज के प्रचार अभियान के तहत मई 2022 में स्पेन के मैड्रिड में एक कार्यक्रम आयोजित हुआ था। उसके वीडियो को नेपाल से जोड़कर गलत दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jun 20, 2026 at 05:16 PM
- Updated: Jun 20, 2026 at 05:20 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति को धरती फटने के बाद वहां से निकलती आग की जांच करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह नेपाल का है, जहां जमीन में गहरी दरारें पड़ गईं और तेज आग निकलती दिखाई दी।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा गलत निकला। दरअसल, वायरल वीडियो स्पेन की राजधानी मैड्रिड में मई 2022 में हुए एक वेबसीरीज के प्रचार अभियान का हिस्सा है। इसका नेपाल से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘get_updated_news’ ने 18 जून 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “नेपाल में सामने आई इस रहस्यमयी घटना ने लोगों को डरा दिया है। जमीन में गहरी दरारें पड़ गईं और भू-गर्भ से तेज़ आग निकलती दिखाई दी। स्थानीय लोगों ने इसे भयावह बताया, जबकि विशेषज्ञ इसे दुर्लभ भूगर्भीय गतिविधि मान रहे हैं। सवाल ये है कि क्या यह किसी बड़े भूकंपीय बदलाव का संकेत है या सिर्फ एक असामान्य प्राकृतिक घटना? पूरी दुनिया की नज़र अब नेपाल की इस घटना पर टिकी है।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। ‘बिजनेस पंक’ वेबसाइट पर 3 जून 2022 को छपी रिपोर्ट में वीडियो के स्क्रीनशॉट का प्रयोग किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, मैड्रिड में नेटफ्लिक्स पर आने वाली वेबसीरीज ‘स्ट्रेंजर थिंग्स’ के चौथे सीजन के प्रचार अभियान के दौरान एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इंस्टाग्राम यूजर ‘madrid4u’ ने भी 28 मई 2022 को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए इसे मैड्रिड का बताया है।

यूट्यूब चैनल ‘Pedro Cabrera Castillo’ पर 27 मई 2022 को इस कार्यक्रम का दूसरा वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें भी इसे मैड्रिड का बताया गया है।
हमने कीवर्ड से भी इस बारे में गूगल पर सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे यह साबित हो सके कि नेपाल में ऐसी कोई घटना हुई हो।
इस बारे में हमने नेपाल के काठमांडू स्थित स्वतंत्र पत्रकार अनुज अरोड़ा से संपर्क कर उन्हें वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने इसे फेक बताया।
क्या है संदर्भ?
नेपाल के लोगों को कई बार भूकंप से जूझना पड़ा है। यहां मार्च 2025 और अक्टूबर 2025 में भी भूकंप आया था। अप्रैल 2015 में तो भूकंप के बाद वहां जमीन में दरारें पड़ने की खबर सामने आई थी। 7.8 तीव्रता के भूकंप के कारण काठमांडू की सड़कों पर दरारें पड़ गई थीं। वीडियो को ‘The Telegraph’ के यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है। 2025 में भी नेपाल में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।
वीडियो को नेपाल का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। अक्टूबर 2019 में बने इस अकाउंट के नौ हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: एक वेबसीरीज के प्रचार अभियान के तहत मई 2022 में स्पेन के मैड्रिड में एक कार्यक्रम आयोजित हुआ था। उसके वीडियो को नेपाल से जोड़कर गलत दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : नेपाल में जमीन में गहरी दरारें पड़ गईं और तेज आग निकलने लगी।
- Claimed By : Insta User- get_updated_news
- Fact Check : झूठ
- Report of Business Punk, Dated 3 June 2022
- Insta Post of madrid4u, Dated 28 May 2022
- Video of Youtube Channel Pedro Cabrera Castillo, Dated 27 May 2022
- Report of Aaj Tak, Dated 8 March 2025
- Video of Wion Youtube Channel, Dated 28 October 2025
- Video of Youtube Channel The Telegraph, Dated 25 April 2015
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












