Fact Check: CJP के प्रदर्शन के नाम पर वायरल हुआ कनाडा की ‘महफिल’ का वीडियो
कनाडा के वैंकूवर स्थित किट्सिलानो बीच पर हुए एक कार्यक्रम के वीडियो को दिल्ली के जंतर मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों का बताकर वायरल किया गया है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jul 22, 2026 at 05:12 PM
- Updated: Jul 22, 2026 at 06:18 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जंतर मंतर पर चल रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के धरने के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ युवा लड़कियों और लड़कों को बॉलीवुड की फिल्म ‘दिल से’ के गाने “चल छैया छैया” पर झूमते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह कॉकरोच जनता पार्टी के धरने का वीडियो है। इस पोस्ट को सच मानकर कई यूजर्स इसे शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। कनाडा के एक पुराने वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। दरअसल, कनाडा के वैंकूवर स्थित किट्सिलानो बीच पर 12 जुलाई 2026 को एक संगीत कार्यक्रम हुआ था। यह वायरल वीडियो उसी कार्यक्रम का है। इसका कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Harikishore Kumar Shah’ ने ‘Pushpendra Kulshrestha’ नाम के एक ग्रुप में 21 जुलाई 2026 को एक वीडियो पोस्ट करते हुए आपत्तिजनक तरीके से लिखा, “ये NEET के पेपर वाली लड़किया है। भारत सरकार और दिल्ली सरकार से अनुरोध है कि आंदोलन को बंद न करवाए। फूल मनोरंजन हो रहा है हम अंधभक्त युवाओं का…। उठा उठा कर हिला हिला कर चल छैंया छैंया। ऐसा रंगीन मनोरंजन का सुख हम देशवासियों से ना छिनa जाए।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसके आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है। इसे सच मानकर कई यूजर्स सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें हमें कुछ लोग जैकेट पहने हुए नजर आए, जबकि दिल्ली में इन दिनों गर्मी का मौसम है। ऐसे में हमें वीडियो के किसी विदेशी लोकेशन का होने का शक हुआ। इसके बाद हमने वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले और इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया।
सबसे पुराना वीडियो हमें एक इंस्टाग्राम हैंडल पर मिला। 14 जुलाई 2026 को ‘winking_brown_’ नाम के एक इंस्टाग्राम यूजर ने वीडियो को शेयर किया था। इसके साथ किट्सिलानो बीच की लोकेशन को टैग किया गया था। इस पोस्ट में शो का नाम, सिंगर और म्यूजिशियन का भी जिक्र किया गया है।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने पोस्ट में टैग किए गए ‘gurmukh_singh_music’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट को स्कैन किया। यहां हमें वायरल वीडियो और उससे मिलते-जुलते कई वीडियो मिले। हैंडल की स्कैनिंग से पता चला कि 12 जुलाई 2026 को कनाडा के वैंकूवर में किट्सिलानो बीच पर एक संगीत कार्यक्रम आयोजित हुआ था। वायरल वीडियो उसी कार्यक्रम का है।
यही जानकारी ‘vancouver.mehfil’ नाम के इंस्टाग्राम हैंडल पर भी मौजूद है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए ‘दैनिक जागरण’, नई दिल्ली के संवाददाता नेमिश हेमंत से संपर्क किया। हेमंत पहले दिन से कॉकरोच जनता पार्टी के धरने की रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो दिल्ली के जंतर मंतर का नहीं है।
क्या है संदर्भ?
देश में परीक्षाओं में अनियमितताओं के मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने 20 जून 2026 को दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया था। यह धरना अभी भी जारी है। वहीं दूसरी ओर, सोनम वांगचुक मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के कारण तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली पुलिस उन्हें जबरदस्ती सरकारी अस्पताल ले गई थी।
‘जागरण डॉट कॉम’ की 22 जुलाई 2026 की खबर में पीटीआई के हवाले से बताया गया है कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने मंगलवार देर रात गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक से मुलाकात की।
कॉकरोच जनता पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल से 22 जुलाई 2026 को एक पोस्ट करते हुए साफ लिखा गया है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होगा, तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा।
जांच के अंत में फर्जी दावा करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट की जांच की गई। इस पेज को चार हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर गुजरात के जूनागढ़ का रहने वाला है। यह अकाउंट अप्रैल 2016 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी पाई गई। कनाडा के वैंकूवर स्थित किट्सिलानो बीच पर हुए एक कार्यक्रम के वीडियो को दिल्ली के जंतर मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों का बताकर वायरल किया गया है।
- Claim Review : जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन का वीडियो।
- Claimed By : FB User Harikishore Kumar Shah
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












