Fact Check: यूपी में भाजपा कार्यालय में हुई मारपीट के गलत दावे से महाराष्ट्र का वीडियो वायरल
यूपी में बीजेपी कार्यालय में एक दलित कार्यकर्ता के सोफे पर बैठने के लिए हुई पिटाई के दावे से वायरल हो रही पोस्ट फर्जी है। यह वीडियो पुराना है और महाराष्ट्र के लातूर में मराठा कार्यकर्ता विजयकुमार घाटगे के साथ हुई मारपीट का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jul 28, 2026 at 06:32 PM
- Updated: Jul 29, 2026 at 04:34 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर मारपीट करते हुए कुछ लोगों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश के आगरा के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय का है, जहां एक दलित कार्यकर्ता सोफे पर बैठ गया था, तो उसके साथ अन्य कार्यकर्ताओं ने मारपीट की।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत साबित हुआ। दरअसल, लातूर में एक व्यक्ति विजयकुमार घाटगे का एनसीपी कार्यकर्ताओं के साथ एक विवाद हो गया था। वीडियो उसी घटना का है। विश्वास न्यूज ने पहले भी इस वीडियो की जांच कर सच्चाई सामने रखी है। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर “Rajan Upadhyay”ने 27 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “दलित साथियों देखलो बीजेपी बालों का असली चेहरा यूपी आगरा में दलित भाजपा कार्यकर्ता BJP कार्यालय में सोफे पर बैठ गया तो मनुवादी भाजपाइयों ने उसका क्या हाल किया और बोले आज सोफे पर बैठा, कल को मंदिर में घुसने की इजाजत मांगेगा।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
हमने जब पहले इस वीडियो की पड़ताल की थी, उस दौरान हमें यह ‘सकाल’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला था। वीडियो को 21 जुलाई 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के तत्कालीन कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे का एक वीडियो काफी वायरल हुआ था। वीडियो में वह विधानसभा में रमी खेलते हुए नजर आ रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर लातूर में NCP के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। फिर छावा संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया था और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और छावा संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई थी।
‘इंडिया टुडे’ की वेबसाइट पर 21 जुलाई 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “लातूर स्थित एक विश्रामगृह में उस समय हिंसक झड़प हो गई, जब अजीत पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कार्यकर्ताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विरोध प्रदर्शन के बाद अखिल भारतीय छावा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विजयकुमार घाटगे पर कथित तौर पर हमला कर दिया।”

‘अमर उजाला’ की वेबसाइट पर 23 जुलाई 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, विजयकुमार घाटगे पर हमला करने के लिए पूर्व एनसीपी युवा अध्यक्ष सूरज चव्हाण ने आत्मसमर्पण किया था। पुलिस ने इस मामले में उन्हें नोटिस जारी किया था और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया था।
विश्वास न्यूज ने जब पहले इसकी जांच की थी, उस दौरान हमने महाराष्ट्र के वरिष्ठ पत्रकार सर्वेश पाठक से संपर्क किया था। उन्होंने हमें बताया था कि वीडियो लातूर में घटी एक घटना का है। इसके साथ किया जा रहा दावा गलत है।
क्या है संदर्भ?
रमी खेलते हुए वीडियो वायरल होने के बाद अगस्त 2025 में माणिकराव कोकाटे को कृषि मंत्री पद से हटाकर उन्हें खेल और युवा कल्याण मंत्री बना दिया गया था। फिर दिसंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने एक पुराने धोखाधड़ी मामले में माणिकराव कोकाटे को दोषी पाया था। इसके बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को 31 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को यूपी का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यूपी में बीजेपी कार्यालय में एक दलित कार्यकर्ता के सोफे पर बैठने के लिए हुई पिटाई के दावे से वायरल हो रही पोस्ट फर्जी है। यह वीडियो पुराना है और महाराष्ट्र के लातूर में मराठा कार्यकर्ता विजयकुमार घाटगे के साथ हुई मारपीट का है।
- Claim Review : आगरा में BJP ऑफिस में एक दलित के सोफे पर बैठने पर कार्यकर्ताओं ने पिटाई कर दी।
- Claimed By : FB User Rajan Upadhyay
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












