Fact Check: जावा ट्रेंच के पास विशालकाय समुद्री जीव का जहाज को निगलने वाला वायरल वीडियो AI निर्मित है
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। जावा ट्रेंच के पास किसी समुद्री जीव ने जहाज को नहीं निगला है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Sep 5, 2026 at 05:16 PM
- Updated: Sep 5, 2026 at 06:26 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें एक विशालकाय समुद्री जीव को एक जहाज को निगलते हुए दिखाया गया है। इस वीडियो को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि जावा ट्रेंच के पास यह हादसा हुआ है।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। यह वीडियो फेक और एआई-निर्मित साबित हुआ। जावा ट्रेंच के पास ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है, जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया गया है।
क्या है वायरल?
एक्स यूजर ‘संगीता मांझु बिश्नोई’ ने 4 सितंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “जहाज़ के पास अचानक दिखाई दी एक विशालकाय रहस्यमयी छाया, जिसके बाद समुद्र में अफरा-तफरी मच गई। iPhone में कैद इस कथित वायरल वीडियो को लेकर दावा है कि यह कोई विशाल ओअरफ़िश या अज्ञात समुद्री जीव हो सकता है। आखिर उस रात समुद्र की गहराइयों में हुआ क्या था?”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले कीवर्ड सर्च किया । कुछ कीवर्ड बनाकर गूगल ओपन सर्च टूल की मदद से वायरल घटना से जुड़ी खबरों को अलग-अलग भाषाओं में खोजा गया। हमें कहीं भी ऐसी कोई खबर नहीं मिली, जो वायरल वीडियो के साथ किए गए दावे की पुष्टि कर सके।
इसके बाद पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से चेक करना शुरू किया। सबसे पहले हमने ‘Hive Moderation’ की मदद से वीडियो को स्कैन किया। हाइव के एनालिसिस में इस वायरल वीडियो के एआई से बने होने के करीब 78 फीसदी संकेत मिले।

इसके बाद हमने ‘Detectvideo’ नाम के दूसरे टूल का इस्तेमाल किया। इस टूल ने वायरल वीडियो के लिए 90 फीसदी संभावना इस बात की जताई कि इसे एआई से बनाया गया है।

जांच को आगे बढ़ाते हुए ‘Sightengine’ टूल का यूज करते हुए वीडियो की सच्चाई जानने की कोशिश की गई। इसके लिए वायरल वीडियो के कीफ्रेम का इस्तेमाल किया गया। नतीजों में इस बात की 99% संभावना जताई गई कि वीडियो को एआई से बनाया गया है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई एक्सपर्ट डॉ. अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने इस वीडियो को एआई-निर्मित बताया।
क्या है संदर्भ?
एनसाइक्लोपीडिया ब्रिटानिका के अनुसार, जावा ट्रेंच पूर्वी हिंद महासागर में स्थित एक गहरी समुद्री खाई है, जो लगभग 3,200 किमी तक फैली हुई है। यह सुमात्रा और जावा द्वीपों के दक्षिण-पश्चिमी तटों से लगभग 305 किमी दूर है। इसकी गहराई 24,440 फीट तक है, जो हिंद महासागर का सबसे गहरा बिंदु है।
जांच के अंत में एक्स यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। ‘संगीता बिश्नोई’ नाम की इस यूजर को 44 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर राजस्थान के सिरोही में रहती है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। जावा ट्रेंच के पास किसी समुद्री जीव ने जहाज को नहीं निगला है। वायरल वीडियो एआई की मदद से बनाया गया है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
- Claim Review : समुद्री जीव ने निगला जहाज
- Claimed By : X User Sangita Bisnoi
- Fact Check : झूठ
- Hive Moderation Analysis for AI Detection
- Detectvideo Analysis for AI Detection
- Sight Engine Analysis for AI Detection
- Britannica.com
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












