Fact Check: AI से बनाया गया है ट्रक पर लगी गाय की तस्वीर से दूध पीने की कोशिश करते बछड़े का वीडियो
जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। बछड़े द्वारा ट्रक पर बनी गाय की तस्वीर से दूध पीने की कोशिश करने का वायरल वीडियो एआई की मदद से बनाया गया है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Sep 8, 2026 at 05:18 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें एक बछड़े को ट्रक पर लगी गाय की तस्वीर से दूध पीने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि बछड़े ने तस्वीर में दिख रही गाय को अपनी मां समझ लिया। इस वीडियो को भावनात्मक संदेश के साथ खूब शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। यह वीडियो फेक और एआई-निर्मित साबित हुआ। वायरल वीडियो पूरी तरह काल्पनिक है और इसे एआई की मदद से तैयार किया गया है।
क्या है वायरल?
एक्स यूजर ‘तारा’ ने 7 सितंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “माँ की ममता की तलाश में एक नन्हा बछड़ा। दूध के ट्रक पर बनी गाय की तस्वीर को देखकर नन्हा बछड़ा उसे अपनी माँ समझ बैठा। वह उम्मीद से उसकी ओर बढ़ा, जैसे माँ का दुलार पाने की आस हो। यह मासूम दृश्य सिखाता है कि माँ के प्रति प्रेम सिर्फ इंसानों में नहीं, बेज़ुबान जानवरों के दिल में भी उतना ही गहरा होता है। मुस्कान भी आई…और आँखें भी नम हो गईं।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसे ध्यान से देखा। हमें वीडियो में नंबर प्लेट का पहला अक्षर बदलता हुआ दिखाई दिया। इससे हमें वीडियो के एआई से बने होने का शक हुआ।
इसके बाद पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से चेक करना शुरू किया। सबसे पहले हमने ‘Hive Moderation’ की मदद से वीडियो को स्कैन किया। हाइव के एनालिसिस में इस वायरल वीडियो के एआई से बने होने के करीब 94.2 फीसदी संकेत मिले।

विश्वास न्यूज ने अधिक पुष्टि के लिए वीडियो को अपने सहयोगी ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (DAU) के साथ शेयर किया, जो ‘ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस’ (TIA) की एक पहल है। DAU की टीम ने इसके कीफ्रेम को ‘ImageWhisperer’ से चेक किया। इसमें वीडियो को एआई-संभावित बताया गया।

इसी तरह ‘SightEngine’टूल ने 99 फीसदी इस बात की संभावना जताई कि यह वीडियो एआई से बनाया गया है।

DAU की टीम ने वायरल वीडियो के कीफ्रेम को ‘AIorNot’ से भी चेक किया। इसमें वीडियो को 70 प्रतिशत एआई-संभावित बताया गया।

डीएयू के मैनुअल एनालिसिस के अनुसार, वीडियो में नंबर प्लेट में बदलाव देखा जा सकता है, जहां पहला अक्षर “K” से “R” में बदलता हुआ दिखाई देता है। इसी तरह डेयरी ब्रांड के कथित लोगो के नीचे लिखे पहले शब्द का कोई मतलब नहीं है। एआई से बनाए गए कंटेंट में ऐसे बेमतलब के शब्द अक्सर देखने को मिलते हैं।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई एक्सपर्ट एसके साहिद से संपर्क किया। उन्होंने इस वीडियो को एआई-निर्मित बताया। उन्होंने बताया कि वीडियो को ध्यान से देखने पर ट्रक के पीछे लिखे नंबर और टेक्स्ट बदलते हुए दिखाई दे रहे हैं। एआई से बनाए गए वीडियो में ये सामान्य बातें हैं।
क्या है संदर्भ?
सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाए गए जानवरों के वीडियो अक्सर शेयर किए जाते हैं। चूंकि ऐसे वीडियो तेजी से वायरल होते हैं, तो यूजर्स बिना सोचे समझे उन्हें शेयर कर देते हैं। कभी बाघों तो कभी हाथियों के काल्पनिक वीडियो एआई से बनाकर खूब शेयर किए जाते हैं। ऐसे वीडियो पर काफी व्यूज और लाइक आते हैं।
जांच के अंत में एक्स यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। यूजर को 17 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह हैंडल जुलाई 2023 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। बछड़े द्वारा ट्रक पर बनी गाय की तस्वीर से दूध पीने की कोशिश करने का वायरल वीडियो एआई की मदद से बनाया गया है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
- Claim Review : ट्रक पर गाय की तस्वीर से दूध पीने की कोशिश करता बछड़ा।
- Claimed By : X User Tara
- Fact Check : झूठ
- Hive Moderation Analysis for AI Detection
- ImageWhisperer Analysis for AI Detection
- Sight Engine Analysis for AI Detection
- AIorNot Analysis for AI Detection
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












