Fact Check: सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के बाद निकली यात्रा के दावे से वायरल वीडियो उत्तराखंड का है
यूपी के सहारनपुर के नाम पर वायरल वीडियो उत्तराखंड के हरिद्वार का है। इसे 2 सितंबर 2026 को एक धार्मिक यात्रा के दौरान बनाया गया था।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Sep 9, 2026 at 04:53 PM
- Updated: Sep 9, 2026 at 05:20 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में बनी अवैध मस्जिद को पांच सितंबर 2026 को गिराए जाने के बाद से ही सोशल मीडिया पर 16 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें भगवा कपड़े पहने कुछ लोगों को एक मस्जिद के सामने से लाठियों और तलवारों से लैस होकर गुजरते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का बताकर वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। यह पोस्ट भ्रामक साबित हुई। उत्तराखंड के हरिद्वार के वीडियो को झूठे दावे के साथ यूपी का बताकर वायरल किया गया है।
क्या है वायरल?
एक्स यूजर ‘Muhammad Imran Razvi’ ने 8 सितंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “भाजपा के सांप्रदायिक नेता योगी आदित्यनाथ ने अपनी कुंठित और नफ़रती मानसिकता से पूरे प्रदेश को एक नफ़रती ज़ोन में बदल दिया है! अपनी राजनीतिक स्वार्थ के लिए सहारनपुर मे ऐसे माहौल बिगाड़ ने की कोशिस की जा रही है पर संघी पुलिस सब कुछ देखते हुए भी खामोश है। हिंदुत्ववादी चरमपंथी।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। यह वीडियो हमें ‘द मुस्लिम’ नाम के एक एक्स हैंडल पर मिला। इसे तीन सितंबर 2026 को पोस्ट करते हुए उत्तराखंड के हरिद्वार का बताया गया था। इस वीडियो में दिख रहे शख्स का नाम विशाल दास बताया गया।
विश्वास न्यूज ने यहां से क्लू लेते हुए विशाल दास का सोशल मीडिया पेज सर्च किया। हमें उनके फेसबुक पेज पर असली वीडियो मिला। इसे 2 सितंबर 2026 को पोस्ट किया गया था। इसे ‘मुहिमधारी मुहिम यात्रा’ के दूसरे दिन का वीडियो बताया गया।

सर्च के दौरान हमें राम विशाल दास के इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो मिला। 30 अगस्त 2026 के इस वीडियो में विशाल दास ने यात्रा के बारे में बताते हुए लिखा, “मुहिम एक धर्म जागरण यात्रा है। हरिद्वार से शाकुंभरी देवी तक, 1 सितंबर से 3 सितंबर तक। साधना और तपस्या के साथ आनंद उत्कर्ष। यज्ञ और भजन। धर्म जागरण से राष्ट्र चेतना सब पर संवाद। आत्म जागरण से आत्मनिर्भर हर विषय पर चिंतन।”
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए सहारनपुर पुलिस के एक्स हैंडल को स्कैन किया। हमें वायरल वीडियो का खंडन करते हुए यहां एक जवाब मिला। इसे 8 सितंबर 2026 को पोस्ट करते हुए बताया गया, “उक्त वीडियो दिनांक 02.09.2026 को ग्राम डालुवाला, थाना बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार (उत्तराखंड) में बनाया गया था, जिसका वर्तमान सहारनपुर की घटना से कोई संबंध नहीं है। अतः सोशल मीडिया पर उक्त वीडियो को सहारनपुर की घटना से जोड़कर भ्रामक पोस्ट/सूचना प्रसारित न करें। भ्रामक सूचना अथवा पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।”

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए राम विशाल दास से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो मुहिम यात्रा के दौरान का है। यह उत्तराखंड के एक गांव का वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने ‘दैनिक जागरण’, सहारनपुर के ब्यूरो चीफ मनीष शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने भी बताया कि वायरल वीडियो का सहारनपुर से कोई संबंध नहीं है।
क्या है संदर्भ?
दैनिक जागरण, सहारनपुर में 9 सितंबर 2026 को प्रकाशित एक खबर में बताया गया कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अवैध मस्जिद पर पांच सितंबर को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इसके बाद मस्जिद प्रबंधन कमेटी की ओर से ध्वस्तीकरण के आदेश और प्रशासनिक कार्रवाई को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में रिट दाखिल की गई है। मस्जिद कमेटी प्रबंधक के अधिवक्ता वसीम बाबर ने बताया कि प्रशासन ने मस्जिद को बिना किसी नोटिस या आदेश के ध्वस्त कर दिया था। मस्जिद को ध्वस्त किए जाने के बाद से जिले में तनाव बना हुआ है। पुलिस-प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए हैं और परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा में लगे जवान लगातार गश्त कर रहे हैं।

जांच के अंत में एक्स यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। यूजर को छह हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह हैंडल 2020 में बनाया गया था। यूजर बिहार का रहने वाला है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। यूपी के सहारनपुर के नाम पर वायरल वीडियो उत्तराखंड के हरिद्वार का है। इसे 2 सितंबर 2026 को एक धार्मिक यात्रा के दौरान बनाया गया था।
- X Post of The Muslim, Dated 3 Sep 2026
- FB Post of Ram Vishal Das, Dated 3 Sep 2026
- IG Post of Ram Vishal Das, Dated 30 Aug 2026
- X Post of Saharanpur Police, Date 8 Sept 2026
- News Report by Dainik Jagran, 9 Sep 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












