X
X

Fact Check: फिलीपींस के पुराने वीडियो को नेपाल की बाढ़ में मां-बेटी के बहने के फेक दावे के साथ किया जा रहा वायरल

नेपाल की बाढ़ में मां-बेटी के बह जाने के दावे से वायरल हो रहा वीडियो पुराना और असंबंधित है। दरअसल, 2025 में फिलीपींस में दो बहनें नदी में फंस गई थीं। इसी वीडियो को अब नेपाल में आई बाढ़ के दौरान का बताकर वायरल किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल में 26 अगस्त 2026 को आई भीषण बाढ़ के बाद राहत और बचाव का कार्य अभी भी जारी है। इसी से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लड़कियां बाढ़ में फंसी हैं। तभी तेज बहाव से पानी आता है और दोनों लड़कियां उसमें बह जाती हैं। इस वीडियो को नेपाल में आई बाढ़ के दौरान का वीडियो मानकर शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि एक मां और बेटी बाढ़ में बह गईं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वीडियो का नेपाल में आई बाढ़ से कोई संबंध नहीं है। वायरल हो रहा वीडियो करीब एक साल पुराना है और फिलीपींस का है। वीडियो में दिख रही दोनों बच्चियां बहनें थीं और दोनों को बचा लिया गया था। पुराने और असंबंधित वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Satya Sanatan’ ने 8 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “दुःखद एक बेटी के साथ माँ बाढ़ में फँस गई, देखने वाले वीडियो बनाते रहे लेकिन अंत में बाढ़ की जीत हुई। नेपाल बाढ़ के बाद यह सबसे दर्दनाक वीडियो, क्या किसी तरह से मदद हो सकती थीं…?” 

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

https://www.facebook.com/reel/1063749702931830

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो फिलीपींस के यूट्यूब चैनल ‘GMA News’ पर मिला। इस वीडियो को 7 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो फिलीपींस में हुई एक घटना का है। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट फिलीपींस की वेबसाइट ‘Smni News Channel’ पर मिली। इस रिपोर्ट को 9 सितंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। फिलिपिनो भाषा में प्रकाशित इस रिपोर्ट के अनुसार, वायरल वीडियो फिलीपींस के गुइहुलंगन शहर के बरंगाय बालोगो की एक नदी में हुई घटना का है। दरअसल, वीडियो में नजर आ रही दोनों बच्चियां बहनें हैं। वे दोनों स्कूल के बाद नदी पार करके घर जा रही थीं, लेकिन पानी का बहाव तेज होने की वजह से वे दोनों बीच में ही फंस गई थीं। अचानक एक तेज लहर आने के कारण दोनों बहने लगी थीं, लेकिन दोनों ने आगे जाकर एक पेड़ को पकड़ लिया था। वहां मौजूद लोगों ने दोनों बहनों को बचा लिया था। 

फिलीपींस की न्यूज वेबसाइट ‘Cebu Daily News’ और ‘Must Share News’ ने भी वायरल वीडियो के बारे में यही जानकारी देते हुए रिपोर्ट प्रकाशित किए हैं। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने नेपाल के स्वतंत्र पत्रकार अनुज अरोड़ा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि नेपाल में आई बाढ़ और रेस्क्यू को लेकर कई भावुक वीडियो सामने आ रहे हैं। हालांकि, अनुज ने यह भी कहा कि वायरल वीडियो नेपाल का नहीं है।

क्या है संदर्भ?

26 अगस्त 2026 को नेपाल की भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में भयंकर बाढ़ आई थी। इस बाढ़ के कारण न सिर्फ कई घर बह गए, बल्कि जानमाल का भी काफी नुकसान हुआ । नेपाल की वेबसाइट ‘ईकांतिपुर’ पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, इस आपदा में 1,331 लोगों की मौत हो चुकी है और इनके शव भी मिले हैं। 4,896 लोग अभी भी लापता हैं, जबकि 13,101 लोगों को बचाया जा चुका है। 

Kathmandu Post’ की वेबसाइट पर 7 सितंबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल में बाढ़ की आपदा को करीब 13 दिन हो गए हैं और राहत व बचाव का कार्य अभी भी जारी है। रेस्क्यू टीमें लोगों को बचाने और मलबे से बाहर निकालने में लगी हुई हैं। नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वे पर्यावरण में बदलाव का असर झेल रहे देशों के लिए ठोस कदम उठाएं।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 17 हजार लोग फॉलो करते हैं। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नेपाल की बाढ़ में मां-बेटी के बह जाने के दावे से वायरल हो रहा वीडियो पुराना और असंबंधित है। दरअसल, 2025 में फिलीपींस में दो बहनें नदी में फंस गई थीं। इसी वीडियो को अब नेपाल में आई बाढ़ के दौरान का बताकर वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : नेपाल में आई भीषण बाढ़ में मां-बेटी के बह जाने का वीडियो।
  • Claimed By : FB User Satya Sanatan
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later